Box Office in 4th Quarter of 2019: ‘वॉर’ रिलीज़ हो चुकी, आख़िरी तिमाही में ये 10 फ़िल्में कर सकती हैं बड़ा धमाका
10 Most Awaited Films in Last 3 Months of 2019 दिसम्बर में सलमान ख़ान दबंग 3 से वापसी करेंगे। इस फ्रेंचाइजी की दो फ़िल्में हिट हो चुकी हैं। अक्षय की गुड न्यूज़ भी आ रही है।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2019 का आख़िरी क्वार्टर शुरू हो चुका है और बॉक्स ऑफ़िस पर वॉर छिड़ चुकी है। चौथे क्वार्टर में कई बड़ी फ़िल्में रिलीज़ होने वाली हैं, जिनमें आयुष्मान खुराना, कार्तिक आर्यन से लेकर अक्षय कुमार और सलमान ख़ान की फ़िल्में कतार में हैं। माना जा रहा है कि साल की चौथी तिमाही फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए काफी अहम होने वाली है। सम्भव है कि कुछ पुराने रिकॉर्ड टूटें और नए बनें।
इसका आग़ाज़ 2 अक्टूबर को रिलीज़ हुई रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की वॉर से हो चुका है, जिसने हिंदी सिनेमा के पुराने सभी रिकॉर्ड ध्वस्त करते हुए 53.35 करोड़ की धांसू ओपनिंग ली है। किसी हिंदी फ़िल्म की यह सबसे बड़ी ओपनिंग है। आइए जानते हैं कि साल के आख़िरी तीन महीनों में किन फ़िल्मों से बॉक्स ऑफ़िस पर धमाका होने की उम्मीद है।
1. द स्काई इज़ पिंक- 2016 के बाद प्रियंका इस फ़िल्म के ज़रिए भारतीय सिल्वर स्क्रींस पर लौटेंगी। प्रियंका की पर्दे पर वापसी और द स्काई इज़ पिंक के ट्रेलर को मिली तारीफ़ें इस फ़िल्म की यूएसपी हैं।
2. हाउसफुल 4- हिट फ्रेंचाइजी हाउसफुल की चौथी किस्त इस दिवाली पर आ रही है। फ़िल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज़ हुआ है, जिसे काफ़ी पसंद किया गया। दिवाली के त्योहारी सीज़न में हाउसफुल बड़ा धमाका कर सकती है।
यह भी पढ़ें: जानिए गुरुवार को रितिक-टाइगर की वॉर ने की कितनी कमाई, दो दिनों में मिले 75 करोड़
3. मरजावां- मिलाप ज़वेरी निर्देशित इस फ़िल्म में एक विलेन वाली जोड़ी सिद्धार्थ मल्होत्रा और रितेश देशमुख वापसी कर रहे हैं। रितेश तीन फुट के विलेन के रोल में हैं। तारा सुतारिया फीमेल लीड रोल में हैं। फ़िल्म के ट्रेलर में मास अपील और डायलॉगबाज़ी को देखते हुए इस फ़िल्म से भी काफ़ी उम्मीदें हैं।
4. बाला- आयुष्मान खुराना की बाला चौथे क्वार्टर की महत्वपूर्ण फ़िल्मों में शामिल है। आयुष्मान की पिछली रिलीज़ ड्राम गर्ल ने बॉक्स ऑफ़िस दमदार प्रदर्शन करते हुए 130 करोड़ से ज़्यादा जमा किये हैं। ऐसे में बाला से भी अब अच्छे कारोबार की उम्मीद है। आयुष्मान खुराना ने दर्शकों के बीच जो भरोसा कायम किया है, वो बाला के काम आ सकता है।
यह भी पढ़ें: लक्ष्मी बॉम्ब में अक्षय कुमार से पहले यह एक्टर भी निभा चुके हैं किन्नर के किरदार
5. पागलपंती- अनीस बज़्मी निर्देशित इस कॉमेडी फ़िल्म में जॉन अब्राहम और इलियाना डिक्रूज़ लीड रोल्स में हैं। जॉन की बाटला हाउस बॉक्स ऑफ़िस पर सफल रही थी। जॉन को अलग अंदाज़ में देखने के लिए उनके फैंस भी बेकरार होंगे। ऐसे में पागलपंती बड़ा कलेक्शन कर सकती है।
6. पानीपत- आशुतोष गोवारिकर निर्देशित पानीपत मराठाओं और अफगानी शासक अहमद शाह अब्दाली के बीच पानीपत की लड़ाई पर बनी है। अर्जुन कपूर, कृति सनोन और संजय दत्त मुख्य भूमिकाओं में हैं।
7. मर्दानी 2- हिचकी के बाद रानी मुखर्जी इस फ़िल्म से पर्दे पर लौट रही हैं। मर्दानी कमर्शियली और क्रिटिकली सफल रही थी। दर्शकों ने रानी के एग्रेसिव अवतार को ख़ूब पसंद किया था। ऐसे में मर्दानी 2 भी बॉक्स ऑफ़िस पर कामयाबी की नई इबारत लिख सकती है।
यह भी पढ़ें: क्या धूम 4 में होगी रितिक रोशन की एंट्री, वॉर के बाद फैंस ने की मांग तेज़
8. पति पत्नी और वो- प्यार का पंचनामा फ्रेंचाइजी से पहचान बनाने वाले कार्तिक आर्यन ने पिछले कुछ समय में अपनी फैन फॉलोइंग बनायी है। पति पत्नी और वो में कार्तिक अनन्या पांडेय और भूमि पेडनेकर के साथ नज़र आएंगे। इस हल्की-फुल्की रोमांटिक कॉमेडी फ़िल्म से ट्रेड को भी उम्मीदें हैं।
9. दबंग 3- साल के आख़िरी महीने में सलमान ख़ान दबंग 3 से वापसी करेंगे। इस फ्रेंचाइजी की दो फ़िल्में हिट हो चुकी हैं। चुलबुल पांडेय के अंदाज़ में सलमान इस बार कुछ अलग करने वाले हैं, जिसका फैंस को भी इंतज़ार है। दबंग 3 से बड़ी कामयाबी की उम्मीद की जा रही है।
10. गुड न्यूज़- अक्षय कुमार की इस साल यह चौथी फ़िल्म होगी। करीना कपूर, दिलजीत दोसांझ और कियारा आडवाणी साथ हैं। यह फ़िल्म 2019 को शानदार विदाई दे सकती है।