WAR Box Office Collection Day 5: रविवार को 'वॉर' ने बनाया सबसे ज़्यादा कमाई का रिकॉर्ड, 2019 की इन फ़िल्मों को छोड़ा पीछे
WAR Box Office Collection Day 5 अगर इस साल की फ़िल्मों के टॉप 5 ओपनिंग वीकेंड देखें तो वॉर सबसे बड़ी फ़िल्म बन जाएगी। इस लिस्ट में वॉर ने सलमान ख़ान की भारत को भी पीछे छोड़ देगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। WAR MANIA GRIPS NATION: रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फ़िल्म वॉर ने रविवार को कमाल ही कर दिया। शनिवार के मुक़ाबले फ़िल्म के कलेक्शंस में लगभग 25 फीसदी से ज़्यादा उछाल आया है। ओपनिंग वीकेंड में फ़िल्म ने ना सिर्फ़ कई रिकॉर्ड तोड़े हैं, बल्कि इस साल रिलीज़ हुई कई फ़िल्मों के लाइफ़ टाइम कलेक्शंस को भी पीछे छोड़ दिया है।
ट्रेड जानकारों के अनुसार रविवार की छुट्टी में वॉर के सिर्फ़ हिंदी वर्ज़न ने 36.10 करोड़ कलेक्शन का किया है, जबकि तमिल और तेलुगु संस्करण से इसे 1.30 करोड़ मिले हैं, यानि सिर्फ़ रविवार को फ़िल्म ने सभी भाषाओं को मिलाकर 37.40 करोड़ जमा किये हैं। पहले रविवार को होने वाली ये हाईएस्ट कमाई है। 5 दिन लम्बे ओपनिंग वीकेंड में वॉर का नेट कलेक्शन अब 166.25 करोड़ हो चुका है, जिसमें 6.55 करोड़ तमिल और तेलुगु संस्करण से आये हैं।
अगर इस साल रिलीज़ हुई फ़िल्मों के टॉप 5 ओपनिंग वीकेंड देखें तो वॉर सबसे बड़ी फ़िल्म बन चुकी है। सलमान ख़ान की भारत को भी ओपनिंग वीकेंड कलेक्शंस की लिस्ट में पीछे छोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें: Worldwide Box Office Collection में वॉर ने बनाया यह रिकॉर्ड, कमाई 200 करोड़ पार
- वॉर- 166.25 करोड़ (5 दिनों का ओपनिंग वीकेंड)
- भारत- 150.10 करोड़ (5 दिनों का ओपनिंग वीकेंड)
- मिशन मंगल- 97.56 करोड़ (4 दिनों का ओपनिंग वीकेंड)
- केसरी- 78.07 करोड़ (3 दिनों का ओपनिंग वीकेंड)
- गली बॉय- 72.45 करोड़ (4 दिनों का ओपनिंग वीकेंड)
सिर्फ़ ओपनिंग वीकेंड में वॉर ने कई फ़िल्मों के लाइफ़ टाइम कलेक्शंस को पीछे छोड़ दिया है। इनमें सलमान ख़ान की भारत, अजय देवगन की टोटल धमाल, अक्षय कुमार की केसरी, प्रभास की साहो, रितिक रोशन की सुपर 30, सुशांत सिंह राजपूत की छिछोरे और रणवीर सिंह की गली बॉय शामिल हैं। अब सलमान ख़ान की भारत और अक्षय की मिशन मंगल वॉर के निशाने पर है। इन दोनों फ़िल्मों ने 200 करोड़ से कुछ अधिक कलेक्शन किया है।
वॉर की यह रफ़्तार देखकर माना जा रहा है कि फ़िल्म पहले हफ़्ते (विस्तारित) में ही 200 करोड़ की रकम जुटा लेगी, जो लगभग 34 करोड़ दूर है। वॉर साल 2019 की 14वीं फ़िल्म है, जो 100 करोड़ में पहुंची हो और 200 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली चौथी फ़िल्म बनेगी।
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौक़े पर रिलीज़ हुई वॉर को सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है। रिलीज़ से पहले ही फ़िल्म को लेकर ज़बर्दस्त हाइप थी। रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की जोड़ी का पहली बार साथ आना और ट्रेलर में दोनों कलाकारों ज़ोरदार टकराव फ़िल्म के पक्ष में गया और रिलीज़ होते ही दर्शक सिनेमाघरों में टूट पड़े। फ़िल्म हिंदी के अलावा तमिल और तेलुगु में भी रिलीज़ की गयी।
गांधी जयंती की छुट्टी ने उत्प्रेरक का काम किया और वॉर ने पहले ही दिन 53.35 करोड़ (हिंदी, तमिल, तेलुगु) की रिकॉर्डतोड़ कमाई कर डाली। गुरुवार को सभी भाषाओं में फ़िल्म ने 24.35 करोड़, शुक्रवार को 22.45 करोड़ और शनिवार को 28.70 करोड़ जुटाए। फ़िल्म ने रिलीज़ के 3 दिनों में 100 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था।