विवेक ओबेरॉय को आज भी सलमान ख़ान की माफ़ी का इंतज़ार, बोले ऐसी बात...
ऐश्वर्या को सपोर्ट करते हुए विवेक ने सलमान ख़ान के ख़िलाफ़ एक प्रेस कांफ्रेंस करके उन पर आरोप लगाये थे कि उन्होंने उन्हें 41 बार फोन करके धमकी दी है।
मुंबई। सलमान ख़ान इन दिनों अपनी फ़िल्म भारत के लिए चर्चा में हैं और विवेक ओबेरॉय भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बायोपिक PM Narendra Modi के लिए। विवेक ओबेरॉय का इतिहास बॉलीवुड में दिलचस्पी रखने वाले सब लोग जानते हैं। इस बात को कई साल गुज़र चुके हैं, मगर लगता है इसकी टीस अभी भी बाक़ी है। इसीलिए पीएम नरेंद्र मोदी का प्रमोशन करते समय विवेक कुछ ऐसा कह गये, जिससे विवेक, सलमान और ऐश्वर्या राय का त्रिकोण एक बार फिर यादों में ताज़ा हो गया।
विवेक ओबेरॉय अभिनीत और निर्मित फ़िल्म पीएम नरेंद्र मोदी की रिलीज़ पर चुनाव आयोग ने रोक लगा दी है, जिसको लेकर फ़िल्म काफ़ी वक़्त से चर्चा में है। हालांकि इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ अपील करने पर सुप्रीम कोर्ट ने फ़िल्म देखने के बाद रोक लगाने के निर्देश दिये हैं। विवेक ने इस दौरान फ़िल्म का प्रमोशन जारी रखा है। इसी मीडिया इंटरेक्शन के दौरान सलमान ख़ान वाला किस्सा ताज़ा हो गया। एक एंटरटेनमेंट न्यूज़ वेबसाइट से बात करते हुए विवेक से जब यह पूछा गया कि इतने सालों बाद वो सलमान से क्या पूछना चाहेंगे, इस पर विवेक ने कहा कि क्या सलमान माफ़ी जैसी बातों पर यक़ीन करते हैं? ऐसा लगता है कि विवेक को सलमान से अभी भी माफ़ी की उम्मीद है।
सलमान ख़ान और विवेक ओबेरॉय के बीच अदावत की कहानी बहुत पुरानी है और इसकी वजह थीं ऐश्वर्या राय। सलमान से ब्रेकअप के बाद ऐश्वर्या राय को विवेक ओबेरॉय का सहारा मिला। उस वक़्त बॉलीवुड में विवेक का स्टारडम शुरू ही हुआ था। ऐश्वर्या को सपोर्ट करते हुए विवेक ने सलमान ख़ान के ख़िलाफ़ एक प्रेस कांफ्रेंस करके उन पर आरोप लगाये थे कि उन्होंने उन्हें 41 बार फोन करके धमकी दी है। माना जाता है कि सलमान ख़ान से इस लड़ाई का असर विवेक के करियर पर भी पड़ा।
इसके कुछ साल बाद विवेक ने सलमान से एक अवॉर्ड फंक्शन में सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी थी, मगर सलमान ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी और ना ही ऐसे कोई संकेत दिये, जिससे पता चले कि उनके और विवेक के बीच सब ठीक हो चुका है।
विवेक ओबेरॉय ने राम गोपाल वर्मा की फ़िल्म कंपनी से बॉलीवुड में अपना करियर शुरू किया था। इस अंडरवर्ल्ड ड्रामा में उन्होंने गैंगस्टर चंदू का किरदार निभाया था। पहली ही फ़िल्म से विवेक ओबेरॉय को अपनी बेहतरीन अदाकारी के लिए जमकर सराहा गया था और भविष्य के सितारे के रूप में उनमें सम्भावनाएं देखी जाने लगी थीं।