अरुणाचल प्रदेश की हिंसा में सतीश कौशिक के 5 थिएटर जलकर ख़ाक, किसी तरह बची जान!
सतीश ने बताया कि एक आईएस अधिकारी की मदद से हमने बॉर्डर पार किया। उन्होंने 10-12 वाहन और लोगों को हमारी मदद के लिए भेजा था।
मुंबई। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में भड़की हिंसा में फ़िल्ममेकर और एक्टर सतीश कौशिक के 5 थिएटर जला दिये गये हैं। घटना के वक़्त सतीश ईटानगर में ही थे। सतीश वहां से सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।
अरुणाचल प्रदेश में बाहरी राज्यों से आये लोगों को स्थायी निवास प्रमाण पत्र देने की सिफ़ारिश का विरोध किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बंद का आह्वान किया था। हड़ताल के दौरान हिंसा भड़क गयी थी। सतीश कौशिक वहां पिक्चर टाइम द्वारा संचालित पहले ईटानगर इंटरनेशनल फ़िल्म फ़ेस्टिवल में भाग लेने गये हुए थे। सतीश इस थिएटर चेन से बतौर प्रमोटर जुड़े हुए हैं। सतीश ने ट्वीट करके हिंसा की जानकारी दी। शनिवार को उन्होंने आगजनी का एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था- मेरे होटल पहुंचने के बाद पिछली रात ईटानगर जल रहा था। फ़िल्म फ़ेस्टिवल बंद हो गया है और हम लोग अब तक होटल में बंद हैं। हमारे 5 थिएटर जला दिये गये हैं। भारी नुक़सान हुआ है। अब बॉर्डन सील कर दिया गया है। हमें सुरक्षित रखने के लिए अरुणाचल प्रदेश सरकार का शुक्रिया।
Itanagar was burning last night after I rchd hotel. IIFF was xld & we got held up in d hotel till now . Our 5 theatres of @PictureTime4 were burnt.heavy losses. Now crossed d border.. thx to Govt of Arunachal Pradesh for our safety @sushilsays pic.twitter.com/98xxj4QrSX— satish kaushik (@satishkaushik2) February 23, 2019
समाचार एजेंसियों से बात करते हुए सतीश कौशिक ने बताया कि वो पिक्चर टाइम नाम के पांच थिएटर्स से वो प्रमोटर के तौर पर जुड़े हैं। शुक्रवार को ईटानगर पहुंचे थे। शाम को फंक्शन में जाने के लिए वो तैयार हो रहे थे, तभी आयोजकों ने रुकने की सूचना दी। विरोध प्रदर्शन के कारण आयोजन नहीं हो सका।
सतीश ने बताया कि एक आईएस अधिकारी की मदद से हमने बॉर्डर पार किया। उन्होंने 10-12 वाहन और लोगों को हमारी मदद के लिए भेजा था। ईटानगर में 20-24 फरवरी तक फ़िल्म फ़ेस्टिवल का आयोजन किया गया था।