तस्वीर बोलती है..."इस लड़की को देखा तो..."
अनिल कपूर पहली बार अपनी लाडली बिटिया सोनम के साथ काम कर रहे हैं। ये शूटिंग के दौरान की पिता-पुत्री की एक इमोशनल तस्वीर है।
मुंबई। सोनम कपूर के लिए साल 2018 बेहद ही इवेंटफुल होगा। अक्षय कुमार के साथ पैड मैन के बाद वो रणबीर कपूर के साथ दत्त बायोपिक और करीना कपूर के साथ वीरे दी वेडिंग में दिखाई देंगी। और उनकी राजकुमार राव के अपोजिट ' एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा' की शूटिंग पिछले बुधवार से पटियाला में शुरू हो गई।
शैली चोपड़ा धर के निर्देशन में बनने जा रही फिल्म ' एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा ' में सोनम कपूर पहली बार अपने पिता अनिल कपूर के साथ काम करेंगी। इस फिल्म की शूटिंग बुधवार से पटियाला के एक फ़ैमिली हाउस में शुरू की गई है। इस फिल्म में लीड रोल निभा रहे राजकुमार राव इस समय श्रद्दा कपूर के साथ फिल्म स्त्री की शूटिंग कर रहे हैं और वो 29 जनवरी को शूटिंग में शामिल होंगे। इस फिल्म को शैली के भाई विधु विनोद चोपड़ा प्रोड्यूस कर रहे हैं। बड़ी बात ये है कि इस फिल्म का टाइटल विधु की ही फिल्म 1942-अ लव स्टोरी के गाने से लिया गया है और उस गाने में मनीषा कोइराला के साथ अनिल कपूर भी थे। बताया जाता है कि नई फिल्म में पिता -पुत्री के रिश्तों के साथ रोमांस का भी स्कोप है और इसलिए राजकुमार और सोनम की जोड़ी बनाई गई है। दोनों ने इससे पहले डॉली की डोली में काम किया है। राजकुमार की अनिल कपूर के साथ ये लगातार दूसरी फिल्म होगी। अनिल, ऐश स्टारर फिल्म फन्ने खान में भी हैं। इस फिल्म में जूही चावला, सोनम की माँ का किरदार निभाएंगी और टीवी एक्ट्रेस मधु मालती, अनिल कपूर की माँ का। हाल ही में अनिल कपूर से भी इस फिल्म को लेकर सवाल किया गया था लेकिन उन्होंने विधु के साथ कांट्रेक्ट का हवाला दे कर कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
यह भी पढ़ें:अक्सर 2 के नये Trailer में ज़रीन खान का दिलकश अंदाज़, ये क्रिकेटर भी पहली बार
अनिल कपूर ने हमेशा से ही कहा है कि वो अपनी लाडली बिटिया को हर तरह की आज़ादी देते हैं और उससे दोस्त जैसा व्यवहार करते हैं। अब देखना है कि जब दोनों एक साथ काम करेंगे तो सोनम के नखरे पापा को कितने परेशान करेंगे।