Move to Jagran APP

Oscar Awards 2019: 'पैडमैन' और प्रियंका ने दी 'पीरियड' को बधाई, जानिए क्यों ख़ुश हैं ऋषि कपूर!

ऋषि कपूर इन दिनों अमेरिका में ही हैं जहां वो अपना इलाज करवा रहे हैं। हालांकि ऋषि की बीमारी का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Mon, 25 Feb 2019 02:51 PM (IST)Updated: Wed, 27 Feb 2019 07:42 AM (IST)
Oscar Awards 2019: 'पैडमैन' और प्रियंका ने दी 'पीरियड' को बधाई, जानिए क्यों ख़ुश हैं ऋषि कपूर!
Oscar Awards 2019: 'पैडमैन' और प्रियंका ने दी 'पीरियड' को बधाई, जानिए क्यों ख़ुश हैं ऋषि कपूर!

मुंबई। 2019 के एकेडमी अवॉर्ड्स (Oscar Awards) का एलान हो चुका है। Documentary Short Subject श्रेणी में भारतीय डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म 'पीरियड- एंड ऑफ़ सेंटेंस' को ऑस्कर अवॉर्ड मिलने पर सभी ख़ुशी मना रहे हैं। अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा ने पीरियड की टीम को बधाई दी है। वहीं, ऋषि कपूर का इस बार ऑस्कर से ऐसा कनेक्शन निकला है कि वो ख़ुशी मना रहे हैं।

loksabha election banner

प्रियंका चोपड़ा का अधिकांश समय अब हॉलीवुड में बीतता है। ऑक्सर अवॉ्र्डस की आफ्टर पार्टी में शामिल होने से पहले प्रियंका ने ट्वीट करके पीरियड- द एंड ऑफ सेंटेंस की टीम को ऑस्कर जीतने की बधाई देते हुए लिखा था- शाम का एक बेहद ख़ास लम्हा। मासिक धर्म जैसे वर्जित समझे जाने वाले विषय पर बनी फ़िल्म बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट जीतती है। पीरियड एंड ऑफ़ सेंटेंस टीम और मेरी निडर दोस्त गुनीत मोंगा को बधाई।

अक्षय कुमार आर बाल्की निर्देशित फ़िल्म पैडमैन के ज़रिए इस अहम मुद्दे को बड़े पर्दे पर ला चुके हैं। उन्होंने भी टीम को बधाई देते हुए लिखा है- पीरियड एंड ऑफ़ सेंटेंस की पूरी टीम और गुनीत मोंगा को ऑस्कर जीतने के लिए बधाई। बातचीत के लिए बेहद ज़रूरी विषय और योग्य जीत।

पैडमैन के पीछे अक्षय की बेटर हाफ़ ट्विंकल खन्ना थीं, जिन्होंने रियल लाइफ़ के पैडमैन अरुणाचलम मुरुगनंतम को ढूंढ निकाला था और उन पर आधारित बायोपिक को प्रोड्यूस करने की ज़िम्मेदारी उठाई। ट्विंकल ने पीरियड की ऑस्कर जीत पर लिखा- पीरियड एंड ऑफ़ सेंटेंस की पूरी टीम को बधाई। अरुणाचलम मुरुगनंतम आपकी मशीन ऑस्कर तक पहुंच गयी।  

मगर ऋषि कपूर के ख़ुश होने की वजह दूसरी है। हॉलीवुड फ़िल्म Vice के लिए विख्यात मेकअप आर्टिस्ट ग्रे कैनम को ऑस्कर पुरस्कार से नवाज़ा गया है और यही ऋषि कपूर की ख़ुशी की वजह है। यह वही मेकअप आर्टिस्ट हैं, जिन्होंने 'कपूर एंड संस' में ऋषि कपूर को 90 साल का बुजुर्ग बनाने का चमत्कार किया था। सीनियर कपूर ने ट्विटर पर इसी जानकारी देते हुए लिखा है- वाइस के लिए चौथे ऑस्कर के लिए बधाई ग्रेग कैनम। आपने मेरे साथ कपूर एंड संस की थी। शाबाश।

इसके साथ ऋषि ने फ़िल्म से अपना वो लुक भी शेयर किया है। ऋषि ने लिखा है- यह वो ट्रांस्फॉर्मेशन है, जिसने हर रोज़ 5 घंटे लिये थे। हम सब की तरफ़ से चीयर्स। आप जीनियस हो। 

2016 में आयी 'कपूर एंड संस' को शकुन बत्रा ने डायरेक्ट किया था। ऋषि कपूर ने फ़िल्म में 90 साल के अमरजीत कपूर का किरदार निभाया था। सिद्धार्थ मल्होत्रा और पाकिस्तानी एक्टर फ़वाद ख़ान ऋषि कपूर के पोतों के किरदार में थे, जबकि रजत कपूर और रत्ना पाठक शाह ने उनके बेटे-बहू का किरदार प्ले किया था। फ़िल्म में आलिया भट्ट ने फ़ीमेल लीड रोल निभाया। ऋषि कपूर इन दिनों अमेरिका में ही हैं, जहां वो अपना इलाज करवा रहे हैं। हालांकि ऋषि की बीमारी का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।

इस साल मुख्य श्रेणियों में ऑस्कर अवॉर्ड्स के विजेताओं के नाम इस प्रकार हैं-

बेस्ट एक्टर इन लीडिंग रोल- रामी मालेक (बोहेमियन रैपसोडी)

बेस्ट एक्ट्रेस इन लीडिंग रोल- ओलिविया कोलमैन (द फेवरिट)

बेस्ट डायरेक्टर- अलफॉन्सो क्वारोन (रोमा)

बेस्ट पिक्चर- ग्रीन बुक

बेस्ट एक्टर इन अ सपोर्टिंग रोल- महेर्शला अली (ग्रीन बुक)

बेस्ट एक्ट्रेस इन अ सपोर्टिंग रोल-  रेजिना किंग (इफ़ बील स्ट्रीट कुड टॉक)


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.