बॉलीवुड का ये सिंह बनेगा शेर, लेगा अक्षय कुमार की जगह
गौरतलब है कि साल 2015 में सिंह इज़ ब्लिंग नाम की फिल्म आई थी, जिसमें भी अक्षय ही लीड रोल में थे। हालांकि इसका सिंह इज़ किंग से कोई वास्ता नहीं था।
मुंबई। अक्षय कुमार को किसी ज़माने में खिलाड़ी का नाम मिला था और फिर सिंह का भी। अक्षय ने सिंह इज़ किंग और सिंह इज़ ब्लिंग जैसी फिल्में कीं। लेकिन अब 'सिंह' का टाइटल एक सिंह के नाम होने जा रहा है।
जी हां, ख़बर है कि रणवीर सिंह ने एक नई फिल्म में काम करने के लिए सहमति दे दी है जिसका नाम 'शेर सिंह' होगा। बताया जा रहा है कि ये फिल्म , साल 2008 में आई अनीस बज़्मी निर्देशित फिल्म सिंह इज़ किंग का सीक्वल होगी। अक्षय कुमार स्टारर उस फिल्म के निर्माता में से एक शैलेंद्र सिंह ने शेर सिंह को प्रोड्यूस करने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक शैलेन्द्र सिंह पहले सिंह इज़ किंग टाइटल को ही सीक्वल के लिए इस्तेमाल करना चाहते थे लेकिन सिंह इज़ किंग के प्रोड्यूसर विपुल शाह इस फिल्म को आगे कंटीन्यू नहीं करना चाहते थे इसलिए शैलेंद्र सिंह को नाम बदलना पड़ा। शेर सिंह में रणवीर सिख युवक के किरदार में नज़र आएंगे। शैलेंद्र के मुताबिक शेर सिंह कोई सुपरहीरो वाली फिल्म नहीं होगी। ये एक नार्मल किरदार होगा लेकिन उसमें कुछ अलग तरह की ख़ूबियां जरूर होंगी। रणवीर सिंह को फिल्म का प्लॉट काफ़ी पसंद आया है और रणवीर ने निर्माता से कहा है कि वो शेर सिंह की 10 पेज़ की स्क्रिप्ट उन्हें दें। बताया जाता है कि रणवीर के साथ शेर सिंह को लेकर निर्माता की आठ नौ महीने से बात चल रही थी।
यह भी पढ़ें:पद्मावती रंगोली हमला:सूरत से पांच गिरफ़्तार, एक्शन न होने पर भड़की थीं दीपिका
गौरतलब है कि साल 2015 में सिंह इज़ ब्लिंग नाम की फिल्म आई थी, जिसमें भी अक्षय ही लीड रोल में थे। हालांकि इसका सिंह इज़ किंग से कोई वास्ता नहीं था क्योंकि इस फिल्म का निर्देशन प्रभुदेवा ने किया था और अक्षय कुमार ने फिल्म प्रोड्यूस की थी। बाजीराव और अलाउद्दीन ख़िलजी जैसे ऐतिहासिक किरदार निभाने वाले रणवीर सिंह अब 'टर्बनेटर' बन कर शेर सिंह में दिख सकते हैं लेकिन उससे पहले उन्हें गल्ली बॉय और क्रिकेट विश्वकप की कहानी पर बनने वाली फिल्म ' 83 ' को पूरा करना है।