अनिल कपूर संग माधुरी करने जा रही हैं ऐसा काम, पर इस बार रोमांस नहीं
करीब 17 साल पहले अनिल और माधुरी ने फिल्म पुकार में काम किया था।
मुंबई। सिनेमा के परदे पर अपने अभिनय से दिलों को लूटने वाली बॉलीवुड की दिलकश जोड़ी यानि अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित करीब 17 साल बाद बड़े परदे पर वापसी करने जा रहे हैं। लेकिन इस बार बड़े परदे पर न तो धक्-धक् होगी न दिल धड़केगा। पर धमाल जरुर होगा।
ख़बर है कि फिल्म मेकर इंद्र कुमार की हिट फ्रेंचाइज़ी धमाल की अगली कड़ी ‘टोटल धमाल‘ में अनिल और माधुरी नज़र आयेंगे। फिल्म की शूटिंग जनवरी में मुंबई में शुरू होगी और फिल्म 2018 दिवाली पर आ सकती है। इंद्र कुमार के मुताबिक दोनों ने फिल्म में काम करने के लिए सहमति दे दी है लेकिन ये जोड़ी इस बार सिर्फ आपको हंसाने आ रही है। वो माधुरी को अपना लकी चार्म मानते हैं, जिनके साथ माधुरी ने दिल, बेटा और राजा जैसी फिल्में की हैं। कुछ महीने पहले इंद्र कुमार ने माधुरी दीक्षित को टोटल धमाल के लिए अप्रोच किया था। अनिल कपूर और माधुरी दीक्षित की जोड़ी को नब्बे के दशक की बेहतरीन जोड़ी माना जाता रहा है। दोनों ने तेज़ाब, परिंदा, राम लखन, किशन कन्हैया और बेटा जैसी फिल्मों में साथ काम किया। करीब 17 साल पहले अनिल और माधुरी की 'पुकार' आई थी।
यह भी पढ़ें: सलमान खान के आगे घूमर-झूमर सब फेल, टाइगर ने ऐसे दी पद्मावती को मात
अनिल कपूर इन दिनों ऐश्वर्या बच्चन स्टारर फन्ने खान की शूटिंग में बिज़ी हैं जबकि माधुरी दीक्षित ने पिछले दिनों मराठी फिल्म साइन की है। साल 2007 में धमाल बनी थी और बाद में उसका सिक्वल डबल धमाल भी बनाया गया था।