'भारत' में सलमान संग कटरीना की आख़िरी तस्वीर देख लीजिए, इस वजह से हुईं इमोशनल!
भारत में सबसे पहले प्रियंका चोपड़ा को फ़ीमेल लीड रोल के लिए चुना गया था। सलमान ने अपने ट्विटर एकाउंट से इसका एलान किया था।
मुंबई। इस साल ईद पर रिलीज़ हो रही सलमान ख़ान की फ़िल्म भारत की शूटिंग पूरी हो चुकी है। कटरीना कैफ़ ने फ़िल्म में फ़ीमेल लीड रोल निभाया है। कैट ने सलमान ख़ान के साथ अपनी एक फोटो शेयर करते हुए इमोशनल बात लिखी है।
कटरीना ने जो तस्वीर शेयर की है, उसमें वो सलमान ख़ान के साथ बैठी हुई नज़र आ रही हैं। दोनों मुस्कुरा रहे हैं।कैट ने इसके साथ लिखा है- और यह भारत के लिए यह पिक्चर रैप (आख़िरी तस्वीर) है। यह मेरे लिए सबसे अद्भुत और जोशीला किरदार रहा है। पूरी फ़िल्म के निर्माण की प्रक्रियी काफ़ी प्रेरक रही है। अली अब्बास ज़फ़र, सलमान ख़ान, अतुल अग्निहोत्री और अलवीरा ख़ान शुक्रिया। बता दें कि सलमान की बहन अलवीरा और बहनोई अतुल ने भारत प्रोड्यूस की है।
भारत एक पीरियड फ़िल्म है, जिसमें आज़ादी के बाद से सदी बदलने तक का भारत दिखाया जाएगा। इस दौरान देश में हुईं प्रमुख राजनीतिक घटनाएं फ़िल्म की कहानी का हिस्सा होंगी। सलमान सर्कस में काम करने वाले मोटर साइकिल स्टंटमैन का रोल निभा रहे हैं, जबकि कटरीना कथित तौर पर उस सर्कस की मालकिन के रोल में हैं। फ़िल्म में दिशा पाटनी, तब्बू, सुनील ग्रोवर और जैकी श्रॉफ भी अहम किरदारों में दिखेंगे।
बताते चलें कि भारत में सबसे पहले प्रियंका चोपड़ा को फ़ीमेल लीड रोल के लिए चुना गया था। सलमान ने अपने ट्विटर एकाउंट से इसका एलान किया था, मगर प्रियंका ने निक जोनस से शादी करने के लिए शूटिंग शुरू होने से पहले फ़िल्म छोड़ दी थी। इसके बाद कटरीना कैफ़ की एंट्री हुई। इससे पहले अली अब्बास ज़फ़र, सलमान और कटरीना ने टाइगर ज़िंदा है जैसी सुपर हिट फ़िल्म दी है। अब सलमान ने भी यही तस्वीर शेयर करके फ़िल्म की शूटिंग पूरी हो जाने की सूचना दी है।
#Bharat wrap pic.twitter.com/aKvtdzvC06— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) March 6, 2019