10 Years Of Veer: सलमान ख़ान की लिखी कहानी पर बनी थी 'वीर', इमोशनल हुईं ज़रीन ख़ान
10 Years Of Veer सलमान की इस महत्वाकांक्षी फ़िल्म को बड़े ज़ोर-शोर से प्रमोट किया गया था मगर वीर सलमान के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप फ़िल्मों में शामिल हुई थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। सलमान ख़ान को एक एक्टर, प्रोड्यूसर और सिंगर के रूप में तो अक्सर देखा जाता है, मगर फ़िल्म निर्माण का एक ऐसा डिपार्टमेंट भी है, जो सलमान के दिल के बेहद क़रीब है। यह डिपार्टमेंट है राइटिंग। हिंदी सिनेमा के वेटरन राइटर सलीम ख़ान के बेटे सलमान फ़िल्म लेखन में भी हाथ आज़माते रहे हैं। यह बात अलग है कि इसमें उन्हें उतनी सफलता नहीं मिली, जितनी बतौर एक्टर।
22 जनवरी 2010 को ऐसी ही एक फ़िल्म आयी थी, जिसका नाम था वीर। इस फ़िल्म की कहानी सलमान ख़ान की थी, जबकि शैलेश वर्मा और शक्तिमान तलवान ने स्क्रीनप्ले लिखा था। निर्देशन अनिल शर्मा का था।
वीर ब्रिटिश हुकूमत के दौर की कहानी थी, जिसमें सलमान ने पिंडारी समुदाय के राजकुमार वीर का रोल निभाया था। मिथुन चक्रवर्ती सलमान के पिता के रोल में थे। सोहेल ख़ान उनके भाई के किरदार में नज़र आये थे। जैकी श्रॉफ ने फ़िल्म में नेगेटिव रोल निभाया था। ज़रीन ख़ान ने वीर से बतौर फीमेल लीड डेब्यू किया था।
इस फ़िल्म के साथ ज़रीन ख़ान को भी बॉलीवुड में 10 साल हो गये हैं। उन्होंने इस जर्नी को याद करते हुए एक भावुक नोट इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसमें ज़रीन ने सलमान ख़ान का शुक्रिया अदा करते हुए लिखा है- इन 10 सालों ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है।
हालांकि इसका मतलब यह नहीं कि मैं सब सीख गयी हूं। अभी बहुत कुछ सीखना बाक़ी है। सलमान ख़ान को ख़ास तौर पर धन्यवाद। अगर आप नहीं होते तो मैं इस इंडस्ट्री का हिस्सा बनने के बारे में सोच भी नहीं सकती थी। आपने मेरी ज़िंदगी 360 डिग्री बदल दी। इसकी मैंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। हमेशा आपकी आभारी रहूंगी।
सलमान की इस महत्वाकांक्षी फ़िल्म को बड़े ज़ोर-शोर से प्रमोट किया गया था, मगर वीर सलमान के करियर की सबसे बड़ी फ्लॉप फ़िल्मों में शामिल हुई थी। वैसे यह पहली बार नहीं था, जब सलमान ने किसी फ़िल्म की कहानी लिखी हो। इससे 20 साल पहले 1990 में सलमान के करियर की हिट फ़िल्म बाग़ी- अ रिबेल फॉर लव की कहानी के लिए भी उन्हें क्रेडिट दिया गया था। बाग़ी 21 दिसम्बर को रिलीज़ हुई थी। वीर की असफलता के बाद सलमान ख़ान ने किसी और फ़िल्म का लेखन नहीं किया।