Bollywood Best Actor Poll 2019: अक्षय कुमार या आयुष्मान खुराना, जानिए कौन है बेस्ट एक्टर
अलविदा 2019 कुछ ऐसे भी थे जिनकी फ़िल्मों को क्रिटिक्स ने सराहा लेकिन दर्शकों ने उतना पसंद नहीं आया। अब इस साल के अंत में सवाल है कि 2019 का बेस्ट बॉलीवुड एक्टर्स कौन रहा?
नई दिल्ली, जेएनएन। अलविदा 2019: साल 2019 फ़िल्मों के हिसाब काफी शानदार रहा है। इस साल कई बड़ी-छोटी फ़िल्में आईं। कुछ बड़े स्टार्स की फ़िल्में उम्मीदों पर ख़री नहीं उतर पाईं, तो कुछ नए कलाकार अपनी छाप छोड़ गए। कुछ ऐसे भी एक्टर्स थे, जिनकी सभी फ़िल्मों ने शानदार प्रदर्शन किया। कुछ ऐसे भी थे, जिनकी फ़िल्मों को क्रिटिक्स ने सराहा, लेकिन दर्शकों ने उतना पसंद नहीं किया। अब साल के अंत में सवाल है कि 2019 का बेस्ट बॉलीवुड एक्टर कौन रहा। आइए जानते हैं....
बॉलीवुड बेस्ट एक्टर- 2019
बॉलीवुड के साल 2019 के बेस्ट एक्टर के बारे में जानने के लिए हम अपने पाठकों के पास गए। हमने उनसे पूछा कि इस साल का बेस्ट एक्टर कौन है? इसके लिए हमने अपनी वेबसाइट पर एक पोल कराया, जिसके ज़रिए पाठकों ने अपने पसंदीदा एक्टर्स चुने। वोट्स के आधार पर जो रैंकिंग आई, वो हम आपके साथ साझा कर रहे हैं।
1.अक्षय कुमार- खिलाड़ी नंबर वन को हमारे पाठकों ने नंबर वन बना दिया। अक्षय कुमार को 37 फीसदी वोट मिले। अक्षय कुमार ने इस साल एक बार फिर कुल चार फ़िल्में कीं। उन्हें साल की शुरुआत हिस्टोरिकल वॉर फ़िल्म 'केसरी' के साथ की। इसके बाद आई 'मिशन मंगल' और 'हाउसफुल 4' आई। वहीं, अब दिसंबर के आखिरी हफ्ते में 'गुड न्यूज़' रिलीज़ हो रही है। इसके अलावा इस साल अक्षय की फ़िल्म 'पैडमैन' को नेशनल अवॉर्ड भी मिला।
2.आयुष्मान खुराना- बॉक्स ऑफ़िस को इस साल एक नया हिट फॉर्मूला मिला। यह फॉर्मूला है अयुष्मान खुराना। आयुष्मान खुराना ने बेस्ट एक्टर की रैंकिंग में अक्षय कुमार को जोरदार टक्कर दी। आयुष्मान को 34.5 फीसदी वोट मिले। आयुष्मान की तीन फ़िल्में आईं और तीनों ने बॉक्स ऑफ़िस पर शानदार प्रदर्शन किया। इस साल आयुष्मान की पहली फ़िल्म आई 'आर्टिकल 15'। उसके बाद 'ड्रीम गर्ल' और 'बाला'। वहीं, इस साल आयुष्मान को फ़िल्म 'अंधाधुन' के लिए बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला।
3.रितिक रोशन- बेस्ट एक्टर की सूची में पाठकों ने रितिक रोशन का तीसरा स्थान पर पहुंचाया। उन्हें कुल 13.8 फीसदी वोट मिले। रितिक की इस साल दो फ़िल्में आईं। पहली फ़िल्म 'सुपर 30', जो कि बिहार में आईआईटी कोचिंग कराने वाले टीचर आंनद कुमार की बायोपिक है। इसके अलावा दूसरी फ़िल्म 'वॉर' आई। 'वॉर' बॉक्स ऑफ़िस पर इस साल की सबसे बड़ी फ़िल्म साबित हुई।
4.रणवीर सिंह- पिछले कुछ सालों में रणवीर सिंह एक वर्सेटाइल एक्टर बनकर सामने आए हैं। बेस्ट एक्टर की सूची में 10 फीसदी वोटों के साथ वह चौथे स्थान पर रहे। इस साल उनकी सिर्फ एक फ़िल्म आई। जोया अख्त़र के निर्देशन में 'गली ब्वॉय'। इस फ़िल्म ने ना सिर्फ बॉक्स ऑफ़िस पर झंड़े लहराए, बल्कि रणवीर की एक्टिंग ने क्रिटिक्स को भी अपनी ओर आकर्षित किया। रणवीर के लिए सबसे ख़ास बात रही कि उनकी फ़िल्म 'गली ब्वॉय' को भारत की ओर से ऑस्कर के लिए भेजा गया।
5.सुशांत सिंह राजपूत- बेस्ट एक्टर की लिस्ट में पांचवें स्थान पर रहे सुशांत सिंह राजपूत। सुशांत को 2.8 फीसदी वोट मिले। सुशांत के लिए यह साल मिला-जुला रहा। उनके हिस्से तीन फ़िल्में आईं। 'सोन चिड़िया', 'छिछोरे' और 'ड्राइव'। इसमें से 'सोन चिड़िया' उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। वहीं, 'छिछोरे' को काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला। 'ड्राइव' को नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ किया गया। हालांकि, यह बज़ नहीं क्रिएट कर पाई।