'भाईगीरी' की अनूठी मिसाल सलमान ख़ान, इन एक्ट्रेसेज़ को बॉलीवुड में दिया ब्रेक
किसी की फ़िल्म में काम किया तो किसी को अपनी फ़िल्मों में काम दिया। नए चेहरों को लांच करने के लिए भी सलमान हमेशा तैयार रहते हैं। उन्हें जानने वाले भाई बुलाते हैं।
मुंबई। बॉलीवुड में सलमान ख़ान को ऐसा एक्टर माना जाता है, जो अपने क़रीबियों के लिए कुछ भी करने को तैयार रहता है। ऐसे कितने ही कलाकार हैं, जिनके करियर में सलमान ने अहम रोल निभाया है। किसी की फ़िल्म में काम किया तो किसी को अपनी फ़िल्मों में काम दिया। नए चेहरों को लांच करने के लिए भी सलमान हमेशा तैयार रहते हैं। उन्हें जानने वाले 'भाई' बुलाते हैं।
साल 2018 में सलमान ने अपने बहनोई आयुष शर्मा को लांच करने के लिए लवयात्री का निर्माण किया। आयुष, अर्पिता के पति हैं और काफ़ी समय से सिनेमा की दुनिया में अपनी पारी शुरू करना चाहते थे। इस फ़िल्म से सलमान ने एक नई हीरोइन वरीना हुसैन को मौक़ा दिया, जो आयुष के अपोज़िट थीं। वरीना अफ़गानिस्तान से हैं।लवयात्री सफल नहीं रही और अब ख़बरें आ रही हैं कि सलमान आयुष के लिए एक और फिर बनाने जा रहे हैं।
इस जोड़ी से पहले सलमान ने बॉलीवुड में सूरज पंचोली और आथिया शेट्टी को ब्रेक दिया। इन दोनों के लिए सलमान ने हीरो का निर्माण किया, जिसे निखिल आडवाणी ने निर्देशित किया था। सूरज, आदित्य पंचोली और ज़रीना वहाब के बेटे हैं तो आथिया सुनील शेट्टी की बेटी हैं।
2010 में अपनी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म दबंग से सलमान ने सोनाक्षी सिन्हा को बॉलीवुड में बेहद कामयाब डेब्यू दिया। शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी सोनाक्षी इसके बाद दबंग2 में सलमान के साथ नज़र आयीं। अब दबंग3 में भी सोनाक्षी सलमान की लीडिंग लेडी हो सकती हैं।
इस साल सलमान की फ़िल्म रेस3 में डेज़ी शाह उनकी स्टेप सिस्टर के किरदार में नज़र आयीं। डेज़ी शाह फ़िल्म इंडस्ट्री में काफ़ी वक़्त से संघर्ष कर रही हैं। सलमान की हिट फ़िल्म तेरे नाम में डेज़ी एक डांस नंबर में उनके साथ थिरकते हुए नज़र आयी थीं, मगर बतौर लीड एक्ट्रेस डेज़ी को सलमान ने अपनी फ़िल्म जय हो में मौक़ा दिया।
ज़रीन ख़ान भी बॉलीवुड में सलमान की ही खोज हैं। अनिल शर्मा निर्देशित अपनी महत्वाकांक्षी फ़िल्म वीर में ज़रीन ने सलमान की लीडिंग के तौर पर बॉलीवुड पारी शुरू की थी। यह फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर सफल नहीं रही, मगर सलमान के साथ डेब्यू से ज़रीन को ज़मीन ज़रूर मिल गयी थी।
कुछ साल पहले सलमान ने लकी- नो टाइम फॉर लव से बॉलीवुड को एक ऐसा चेहरा दिया, जिसके बारे में कहा जाता था कि वो ऐश्वर्या राय का लुक-अ-लाइक हैं। यानि उनकी छवि हैं। यह एक्ट्रेस स्नेहा उलाल हैं। स्नेहा उस समय पढ़ाई कर रही थीं। सलमान ने कहीं देखा और अपनी हीरोइन के लिए चुन लिया। हालांकि स्नेहा का करियर बॉलीवुड में नहीं चला, वो साउथ चली गयीं।
The most beautiful love story has a release date... #Notebook hits the cinemas on March 29, 2019. Trailer coming soon. @SKFilmsOfficial @iamzahero @PranutanBahl #NitinSKakkar @MuradKhetani @ashwinvarde pic.twitter.com/vEtfjZQfPU— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) December 10, 2018
अब सलमान कुछ और नए चेहरों को बॉलीवुड में लांच कर रहे हैं। इनमें से एक गुज़रे ज़माने की दिग्गज अदाकारा नूतन की पोती और मोहनीश बहल की बेटी प्रनूतन हैं। प्रनूतन के साथ सलमान ज़हीर इक़बाल को लांच करेंगे, जिनका फ़िल्म इंडस्ट्री से कोई रिश्ता नहीं है। ज़हीर सलमान के किसी पुराने परिचित के बेटे हैं। इसी साल मई में सलमान ने ज़हीर को लांच करने का एलान किया था। कुछ दिनों पहले सलमान ने फ़िल्म का शीर्षक और रिलीज़ डेट भी घोषित की। फ़िल्म का नाम नोटबुक है, जो 29 मार्च को सिनेमाघरों में आएगी। फ़िल्म का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं।
अब ताज़ा ख़बर आ रही हैं कि सलमान अपने ख़ास दोस्त और को-एक्टर महेश मांजरेकर की बेटी अश्वामी मांजरेकर को भी ब्रेक देने वाले हैं और उन्हें दबंग3 से बॉलीवुड में ब्रेक दे सकते हैं। महेश, सलमान के क़रीबियों में गिने जाते हैं। वांटेड, दबंग और रेडी में महेश ने सलमान के साथ काम किया है।
नए कलाकारों को मौक़ा देने के अलावा सलमान अपने सहयोगियों और क़रीबी एक्टर्स की मदद भी करते रहते हैं। इन दिनों उन्होंने धर्मेंद्र के बेटे बॉबी देओल के करियर को संवारने की ज़िम्मेदारी उठायी हुई है, जिन्हें रेस3 में एक दमदार रोल भी दिया।