Bollywood Cricketers Love Affairs: बॉलीवुड की पिच पर जब क्लीन बोल्ड हुए क्रिकेट के सितारे तो दिलचस्प रहे नतीजे
Bollywood Cricketers Love Affairs बॉलीवुड में ऐसी कई कहानियां हैं जिनमें क्रिकेटर्स का नाम किसी अभिनेत्री के साथ जुड़ा हो। अब हार्दिक-नताशा ने इस रिश्ते को गाढ़ा किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बात 1965 की है। जब मंसूर अली ख़ान पटौदी क्रिकेट की दुनिया के 'टाइगर' हुआ करते थे और शर्मिला टैगोर फ़िल्म इंडस्ट्री की एक ग्लैमरस, हसीन और ख़ूबसूरत टॉप अदाकारा। शर्मिला दिल्ली में क्रिकेट मैच देखने गयी थीं। मैच के बाद होने वाली पार्टी में पहले दोनों की मुलाक़ात हुई और फिर एक नई शुरुआत। कुछ वक़्त के बाद शर्मिला टैगोर मिसेज टाइगर बन गयीं... क्रिकेट और सिनेमा की जुगलबंदी का यह सिलसिला आज भी जारी है।
क्रिकेट का रोमांच और बॉलीवुड का ग्लैमर एक-दूसरे को हमेशा आकर्षित करता रहा है। दोनों में ख़ूब जमती है। जमें भी क्यों ना, दोनों ही किसी अनजान को भी स्टारडम के शीर्ष पर बिठाने का माद्दा रखते हैं। सत्तर और अस्सी के दशक में क्रिकेट के साथ दिलों का यह खेल चलता रहा और कई टॉप क्रिकेटर्स और एक्ट्रेसेज़ के नाम एक-दूसरे से जुड़ते रहे। क्रिकेट से जुगलबंदी सिर्फ़ भारत की सीमित नहीं रही। 1983 में रीना रॉय ने पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहसिन ख़ान संग शादी की। हालांकि यह लम्बी नहीं चली।
अपने दौर के रंगीनमिज़ाज क्रिकेटर रवि शास्त्री और अमृता सिंह का अफेयर ख़ूब सुर्खियों में रहा। दोनों ने अपने रिश्ते को एक मैगज़ीन के फोटोशूट के ज़रिए पब्लिक किया था। इंडिया टुडे में आयी रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों ने कुछ वक़्त तक रिश्ते को गुप्त रखने के बाद 1986 में इंगेजमेंट कर ली। हालांकि शादी तक बात नहीं पहुंची। यह रिश्ता टूटा तो 1991 में अमृता ने नवाब पटौदी और शर्मिला के बेटे सैफ़ अली ख़ान से शादी कर ली। क्रिकेटर अज़हरुद्दीन ने अस्सी के दौर की एक्ट्रेस संगीता बिजलानी से शादी की। अज़हर के साथ शादी से पहले संगीता सलमान ख़ान के साथ रिलेशनशिप में थीं।
सदी बदली, मगर क्रिकेट और सिनेमा के बीच मोहब्बत का खेल नहीं बदला। मैदान में चौके-छक्के लगाने वाले बॉलीवुड हसीनाओं के प्यार में क्लीन बोल्ड होते रहे। 2008 में टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने युवराज सिंह और दीपिका पादुकोण की डेटिंग का खुलासा किया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि युवराज ने दीपिका को ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान आमंत्रित किया था। एक रेस्टॉरेंट में दोनों की तस्वीर भी सामने आयी थी।
दीपिका उस वक़्त सिडनी में यशराज बैनर की एक फ़िल्म की शूटिंग कर रही थीं, जिसके लीड एक्टर रणबीर कपूर थे, जिनके साथ बाद में दीपिका की रिलेशनशिप ने ख़ूब सुर्खियों बटोरी थीं। संयोग की बात है कि युवराज ने कुछ साल पहले बॉलीवुड एक्ट्रेस हेजल कीच से ही शादी की।
इससे पहले दीपिका का नाम क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के साथ जुड़ा था। टाइम्स ऑफ़ इंडिया की इसी रिपोर्ट में दावा किया गया कि एक साल पहले दीपिका को धोनी ने मुंबई में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ होने वाले ट्वेंटी-ट्वेंटी मैच के लिए इनवाइट किया था।
मलायका अरोरा ख़ान की छोटी बहन अमृता अरोरा का नाम इंग्लैंड के क्रिकेटर उस्मान अफ़ज़ल से जुड़ा था। उस्मान को फ़ैमिली फंक्शंस में भी अमृता के साथ स्पॉट किया गया था। हालांकि ये रिश्ता सालभर ही चला और दोनों अलग हो गये। उस्मान ने अपने हाथ पर अमृता के नाम का टैटू भी बनवाया था, जो मिड-डे द्वारा प्रकाशित उपरोक्त तस्वीर में देखा जा सकता है। बाद में अमृता ने शकील लड़क से शादी कर ली।
मौजूदा क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की प्रेम कहानी सब जानते हैं, जो शादी तक पहुंची। इनके अलावा हरभजन सिंह और गीता बसरा, ज़हीर ख़ान और सागरिका घाटगे हमसफ़र बन चुके हैं। इस लिस्ट में ताज़ा एंट्री ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की है, जिन्होंने एक्ट्रेस नताशा स्टैनकोविक को अपना दिल दे दिया। दोनों ने सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी रिलेशनशिप का खुलासा किया।
- नताशा सर्बिया मूल की बॉलीवुड एक्ट्रेस हैं। प्रकाश झा की फ़िल्म सत्याग्रह के एक गाने से नताशा ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। बिग बॉस 8 में भी नताशा नज़र आयी थीं। नताशा ने दक्षिण भारतीय फ़िल्मों में भी स्पेशल डांस नंबर किये हैं। शाह रुख़ ख़ान की ज़ीरो में नताशा एक कैमियो में दिखी थीं। पिछले साल दिसम्बर में आयी इमरान हाशमी और ऋषि कपूर की फ़िल्म द बॉडी के एक गाने में नताशा ने स्पेशल एपीयरेंस दिया था।
हालांकि इन सभी में एक्ट्रेस नीना गुप्ता और लीजेंडरी क्रिकेटर सर विवियन रिचर्ड्स की कहानी सबसे अलग है।दोनों के बीच प्यार हुआ और बेटी मसाबा का जन्म हुआ। हालांकि नीना ने उनसे शादी नहीं की। मसाब हाल ही में नीना ने अपने जीवन की इस अहम घटना पर राय रखी, जो काफ़ी चौंकाने वाली है। मुंबई मिरर से बातचीत में जब नीना से पूछा गया कि जीवन का वो एक फ़ैसला, जिसे बदलना चाहेंगी तो उन्होंने कहा-
''मैं शादी के बिना बच्चा नहीं करूंगी। हर बच्चे को दोनों पैरेंट्स ज़रूरी होते हैं। मैं मसाबा के प्रति हमेशा ईमानदार रही, इसलिए इससे हमारे रिश्ते पर असर नहीं पड़ा, लेकिन मैं जानती हूं कि उसे दिक्कत हुई है।''