Move to Jagran APP

वक़्त की रेस में बड़े होते चले गये इन 6 बॉलीवुड फ़िल्मों के सीक्वल

2008 में इस फ्रेंचाइजी की पहली फ़िल्म रेस आयी थी, जिसे अब्बास-मस्तान ने निर्देशित किया था।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Tue, 12 Jun 2018 05:57 PM (IST)Updated: Wed, 13 Jun 2018 06:46 AM (IST)
वक़्त की रेस में बड़े होते चले गये इन 6 बॉलीवुड फ़िल्मों के सीक्वल
वक़्त की रेस में बड़े होते चले गये इन 6 बॉलीवुड फ़िल्मों के सीक्वल

मुंबई। कोरियोग्राफर रेमो डिसूज़ा के निर्देशन में बनी रेस-3 इस शुक्रवार को रिलीज़ हो रही है। टाइगर ज़िंदा है की ज़बर्दस्त कामयाबी के बाद सलमान ख़ान की यह पहली रिलीज़ है। ईद के त्यौहार की वजह से भी इस फ़िल्म का इंतज़ार बढ़ गया है। ट्रेड और दर्शक, दोनों को इस बात का इंतज़ार है कि सलमान इस बार क्या नए रिकॉर्ड बनाते और तोड़ते हैं।

loksabha election banner

2008 में इस फ्रेंचाइजी की पहली फ़िल्म रेस आयी थी, जिसे अब्बास-मस्तान ने निर्देशित किया था। इस फ़िल्म में सैफ़ अली ख़ान, अक्षय खन्ना, अनिल कपूर, बिपाशा बसु, कटरीना कैफ़ और समीरा रेड्डी ने मुख्य किरदार निभाये। 2013 में इसका सीक्वल रेस 2 आया, जिसकी स्टार कास्ट में काफ़ी बदलाव किया गया था और इसे बड़ा बनाया गया। सैफ़ अली ख़ान और अनिल कपूर तो वहीं रहे, मगर जॉन अब्राहम, दीपिका पादुकोण और जैकलीन फ़र्नांडिस की एंट्री हुई। अमीषा पटेल भी दूसरे भाग का हिस्सा रहीं।

 

अब सलमान ख़ान के आने से रेस 3 इस फ्रेंचाइजी की सबसे बड़ी फ़िल्म बन गयी है। सलमान के साथ बॉबी देओल, अनिल कपूर, साकिब सलीम, जैकलीन फ़र्नांडिस और डेज़ी शाह मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। रेस 3 का बजट 150 करोड़ के आस-पास बताया जाता है।

 

ऐसी और भी फ्रेंचाइजी फ़िल्में हैं, जिनकी शुरुआत तो अपेक्षाकृत छोटी स्टार कास्ट से हुई, मगर पहली फ़िल्म की कामयाबी के बाद अगले भागों की स्टार कास्ट बड़ी होती चली गयी। इसकी सबसे मुकम्मल मिसाल जॉली एलएलबी है। 2013 में सुभाष कपूर निर्देशित फ़िल्म में अरशद वारसी ने मुख्य किरदार निभाया था, जबकि अमृता राव फ़ीमेल लीड रोल में थीं। जॉली एलएलबी क्रिटकली और कमर्शियली हिट रही, जिसके बाद सुभाष कपूर 2017 में इसका सीक्वल जॉली एलएलबी 2 लेकर आये, जिसमें अक्षय कुमार की एंट्री हुई और फ़िल्म का दायरा बड़ा गया। हुमा कुरैशी फ़िल्म की नायिका रहीं।

 

धूम भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में शामिल है। इस हाइस्ट फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2004 की फ़िल्म धूम से हुई, जिसमें अभिषेक बच्चन, उदय चोपड़ा, ईशा देओल, रिमी सेन और जॉन अब्राहम ने लीड रोल्स प्ले किये। 2006 में इसका दूसरा भाग धूम 2 रिलीज़ हुआ, जिसमें रितिक रोशन और ऐश्वर्या राय बच्चन की एंट्री हुई। 2013 में धूम 3 आयी, जिसमें बॉलीवुड के सबसे बड़े सुपरस्टारों में से एक आमिर ख़ान और कटरीना कैफ़ लीड स्टार कास्ट का हिस्सा बने। आमिर ने इस फ़िल्म में डबल रोल अदा किया था।

कुछ इसी तरह बड़ी होती चली गयी रेमो डिसूज़ा की एबीसीडी फ्रेंचाइजी, जिसकी शुरुआत 2013 में एकदम नई स्टार कास्ट के साथ की गयी। डांस रिएलिटी शो के कंटेस्टेंट्स को लीड रोल में लेकर रेमो ने डांस फ़िल्म एबीसीडी- एनी बडी कैन डांस बनायी, जिसमें प्रभु देवा और केके मेनन सपोर्टिंग किरदारों में थे। फ़िल्म बेहद सफल रही, तो रेमो ने इसका कैनवास बड़ा कर दिया और एबीसीडी 2 में बड़े सितारे वरुण धवन और श्रद्धा कपूर को लीड रोल में कास्ट किया। एबीसीडी के काफ़ी कलाकार इस फ़िल्म में भी रिपीट हुए, जिनमें प्रभु देवा भी शामिल हैं।

 

करण जौहर ने स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से वरुण धवन, आलिया भट्ट और सिद्धार्थ मल्होत्रा को लांच किया था। उस वक़्त ये तीनों ही न्यूकमर थे। अब पुनीत मल्होत्रा इसके दूसरे पार्ट को निर्देशित कर रहे हैं, जिसमें टाइगर श्रॉफ़ लीड रोल में हैं, जबकि अनन्या पांडे और तारा सुतारिया डेब्यू कर रही हैं।

तिग्मांशु धूलिया निर्देशित साहब बीवी और गैंगस्टर फ्रेंचाइजी भी बड़ी होती चली गयी। 2011 में इस सीरीज़ की पहली फ़िल्म आयी, जिसमें रणदीप हुड्डा, माही गिल और जिम्मी शेरगिल ने मुख्य भूमिकाएं अदा कीं। 2013 में इसका दूसरा भाग साहब बीवी और गैंगस्टर रिटर्न्स आया, जिसमें जिमी शेरगिल, माही गिल को इरफ़ान ख़ान और सोहा अली ख़ान ने ज्वाइन किया। अब इसका तीसरा भाग रिलीज़ होने वाला है, जिसमें जिमी और माही को संजय दत्त और चित्रांगदा सिंह कंपनी दे रहे हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.