विशाल की दीपिका वाली फिल्म अभी नहीं, मगर प्रियंका के साथ फिल्म की प्लानिंग
फिल्म पटाखा 28 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। विशाल भारद्वाज की फिल्म सात खून माफ में प्रियंका चोपड़ा ने मुख्य किरदार निभाया था। फिल्म कमीने में भी वह अभिनय कर चुकी हैं। ऐसे में विशाल के साथ उनके रिलेशन बहुत ही अच्छे रहे हैं। हालांकि पिछले लंबे समय से दोनों ने साथ काम नहीं किया है।
लेकिन ख़बरें आ रहीं हैं कि प्रियंका जब मुंबई में थीं तो वह लगातार विशाल से मुलाकात कर रही थीं। ऐसे में जब विशाल की आने वाली फिल्म पटाखा के सॉन्ग लॉन्च के दौरान उनसे यह सवाल पूछा गया कि क्या वह प्रियंका के साथ किसी फिल्म की प्लानिंग कर रहे हैं तो विशाल ने इस सवाल के जवाब में कहा कि प्रियंका मेरे साथ काम करना चाहती हैं और हम दोनों ही एक दूसरे के साथ काम करना चाहते हैं। तो मुमकिन हो कि हम शायद अगले साल किसी प्रोजेक्ट को शुरू करें। हालांकि उन्होंने इस खबर को कनफर्म नहीं किया है कि वह फिल्म कौन सी होगी। लेकिन माना जा रहा है कि विशाल प्रियंका के लिए एक बड़ी फिल्म की प्लानिंग कर रहे हैं। तो फिलहाल दीपिका इरफ़ान वाली फिल्म को लेकर विशाल आगे बढ़ रहे हो या नहीं, प्रियंका वाली फिल्म जल्द ही फ्लोर पर आ सकती है। वहीं इरफ़ान खान को लेकर बनाई जाने वाली फिल्म के बारे में विशाल कहते हैं कि इरफ़ान जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं। वह दोस्त हैं। सिर्फ उनसे प्रोफेशनल रिश्ता नहीं है। हम चाहते हैं कि वह जल्द से जल्द ठीक होकर वापस आ जाएं। पटाखा के बारे में उन्होंने कहा कि इस फिल्म की कहानी में दो बहनों की कहानी दिखाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: गोल्ड मेडेलिस्ट बॉक्सिंग चैंपियन का किरदार निभाने जा रहे हैं शाहिद कपूर
विशाल भारद्वाज की आने वाली फिल्म पटाखा है। फिल्म पटाखा चरण सिंह पथिक की लघुकथा 'दो बहनें' पर आधारित है। पटाखा की कहानी दो बहनों के ईद-गिर्द है। विशाल भारद्वाज ने अब तक अपनी कई फिल्मों में हीरो को विलेन से लड़ाया है, रिश्तों का उलझाव भी दिखाया है लेकिन इस बार वो उन दो बहनों की कहानी सुनाने जा रहे हैं जो एक दूसरे से दो-दो हाथ करने से कभी नहीं चूकतीं। दोनों एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाती हैं। एक-दूसरे से बेइंतहा नफरत करती हैं। हद तो जब होती है, जब दोनों की शादी भी एक ही परिवार में दो भाइयों से हो जाती है। फिल्म के ट्रेलर में इसकी झलक साफ तौर पर देखी जा सकती है। फिल्म में अहम किरदार सुनील ग्रोवर का भी है जो समय-समय पर हर किरदार के साथ नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें: गोल्ड मेडेलिस्ट बॉक्सिंग चैंपियन का किरदार निभाने जा रहे हैं शाहिद कपूर