पटाखा की दो बहनों की तरह हैं भारत-पाक, गिरनी चाहिए नफ़रत की दीवार-विशाल
विशाल भारद्वाज ने आगे कहा कि वह जानते हैं कि जब कोई भारतीय किसी पाकिस्तानी से कहीं और पर मिलता है तो कोई लड़ाई नहीं चाह रहा होता।
रुपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। विशाल भारद्वाज जल्द ही अपनी फिल्म पटाखा ले कर आ रहे हैं। ये ऐसी दो बहनों की कहानी है जो आपस में लड़ती रहती हैं। विशाल कहते हैं ये एकदम भारत पाकिस्तान की तरह है।
मुंबई में पटाखा के ट्रेलर और सॉन्ग लॉन्च के दौरान विशाल ने कहा कि उन्हें भारत से ज्यादा प्यार पाकिस्तान में मिला है। वह कई मौके पर पाकिस्तान गए हैं और वह मानते हैं की पाकिस्तान में उन्हें बहुत प्यार मिला। भारत और पाकिस्तान की गति भी दो बहनों की तरह है जो आपस में लड़ते हैं लेकिन मुझे लगता है कि जब जर्मनी की बर्लिन की दीवार गिर सकती है तो वाघा बार्डर (भारत-पाकिस्तान सीमा) क्यों नहीं खत्म हो सकता। विशाल ने कहा कि उन्हें लगता है कि ये समस्या दोनों देशों के नेताओं ने जीवित रखी है। यह राजनीतिक मुद्दा होने के चलते शायद दोनों देश इसे इसी प्रकार लड़ते हुए जीवित रखना चाहते हैं। विशाल भारद्वाज ने आगे कहा कि वह जानते हैं कि जब कोई भारतीय किसी पाकिस्तानी से कहीं और पर मिलता है तो कोई लड़ाई नहीं चाह रहा होता।
पटाखा का नाम पहले छुरियां था। फिल्म का पहला पोस्टर जब जारी किया गया है तब उसमें दो लड़कियां बुरी तरह लड़ रही हैं। ये फिल्म छुटकी और बड़की नाम की दो बहनों की कहानी है। कहानी के बैकड्राप राजस्थान का है। इस फिल्म में ‘मेरी आशिक़ी तुमसे ही’ फेम टीवी की लोकप्रिय स्टार राधिका मदान और दंगल वाली सान्या मल्होत्रा ने लीड रोल किया है। कॉमेडियन सुनील ग्रोवर और विजय राज की भी अहम् भूमिका है। विशाल लंबे समय से इस कॉमेडी ड्रामा को दर्शकों तक पहुंचाना चाहते थे। सुनील पहली बार विशाल के साथ काम कर रहे हैं जबकि विजय राज ने विशाल की फिल्म डेढ़ इश्किया में काम किया था। यह फिल्म इस साल 28 सितंबर को रिलीज़ की जायेगी।
यह भी पढ़ें: रितिक रोशन मुश्किल में, चेन्नई में धोखाधड़ी का केस दर्ज़