Move to Jagran APP

'बेवफ़ा ब्यूटी' उर्मिला मातोंडकर के बाद पर्दे पर लौटने को बेक़रार ये 7 बॉलीवुड ब्यूटीज़

हिंदी फ़िल्मों में काजोल की वापसी प्रदीप सरकार की फ़िल्म 'ईला' से होगी, जिसमें वो एक सिंगल मदर का किरदार निभा रही हैं। इस फ़िल्म को उनकी पति अजय देवगन प्रोड्यूस कर रहे हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Fri, 23 Mar 2018 04:33 PM (IST)Updated: Sun, 25 Mar 2018 07:58 AM (IST)
'बेवफ़ा ब्यूटी' उर्मिला मातोंडकर के बाद पर्दे पर लौटने को बेक़रार ये 7 बॉलीवुड ब्यूटीज़
'बेवफ़ा ब्यूटी' उर्मिला मातोंडकर के बाद पर्दे पर लौटने को बेक़रार ये 7 बॉलीवुड ब्यूटीज़

मुंबई। उर्मिला मातोंडकर पूरे 10 साल बाद हिंदी सिनेमा के पर्दे पर दिखायी देंगी। इरफ़ान ख़ान की फ़िल्म 'ब्लैकमेल' में उर्मिला स्पेशल डांस नंबर में थिरकती हुई नज़र आएंगी। गाने का टाइटल है बेवफ़ा ब्यूटी, जिसे पवनी पांडेय ने आवाज़ दी है और संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है। उर्मिला आख़िरी बार 2008 की फ़िल्म 'ईएमआई' में पर्दे पर नज़र आयी थीं। वैसे, आने वाले समय में बॉलीवुड की और भी कई एक्ट्रेस सिल्वर स्क्रीन पर लौट रही हैं।

loksabha election banner

23 मार्च को रानी मुखर्जी की फ़िल्म 'हिचकी' सिनेमाघरों में पहुंची है। इस फ़िल्म में रानी एक स्पेशल टीचर का किरदार निभा रही हैं, जो बोलने में अटकती है। रानी इस फ़िल्म के ज़रिए 4 साल बाद हिंदी सिनेमा के पर्दे पर लौट रही हैं। उनकी पिछली फ़िल्म 'मर्दानी' 2014 में आयी थी। आदित्य चोपड़ा से शादी के बाद रानी की ये पहली रिलीज़ फ़िल्म थी। इसके बाद रानी गृहस्थी की ज़िम्मेदारियों में मसरूफ़ हो गयीं और बेटी अदीरा को जन्म दिया। अदीरा के थोड़ा बड़ा होने के बाद रानी एक बार फिर अपने पहले प्यार की तरफ़ लौट आयी हैं।

काजोल फ़िल्मों के मामले में काफ़ी चूज़ी हो गयी हैं, इसीलिए पर्दे पर वो कई सालों तक ग़ायब रहती हैं। काजोल 2015 में शाह रुख़ ख़ान के साथ 'दिलवाले' में फ़ीमेल लीड रोल में नज़र आयी थीं। 2017 में वो तमिल फ़िल्म 'वीआईपी' में धनुष के साथ दिखीं। अब हिंदी फ़िल्मों में काजोल की वापसी प्रदीप सरकार की फ़िल्म 'ईला' से होगी, जिसमें वो एक सिंगल मदर का किरदार निभा रही हैं। इस फ़िल्म को उनकी पति अजय देवगन प्रोड्यूस कर रहे हैं। फ़िल्म की रिलीज़ डेट अभी तय नहीं है। फ़िल्म की शूटिंग काजोल ने जनवरी में शुरू कर दी है।

माधुरी दीक्षित इस साल बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। माधुरी की वापसी भी 4 साल बाद होने जा रही है। इंद्र कुमार निर्देशित 'टोटल धमाल' में माधुरी एक अहम रोल में नज़र आएंगी। फ़िल्म में उनके पुराने को-स्टार अनिल कपूर भी हैं। धमाल सीरीज़ की तीसरी किस्त में फ़िल्म की स्टेपल कास्ट- अरशद वारसी, जावेद जाफ़री और रितेश देशमुख, के साथ अजय देवगन लीड रोल में हैं। 

अनिल कपूर के साथ माधुरी ने 'तेज़ाब', 'बेटा' और 'राम लखन' जैसी हिट फ़िल्में दी हैं, जबकि अजय देवगन के साथ माधुरी की जोड़ी ज़्यादा नहीं बनी है। 2001 में आयी 'ये रास्ते हैं प्यार के' में माधुरी, अजय के साथ आयीं। राजकुमार संतोषी की 'लज्जा' में भी माधुरी और अजय थे, मगर पेयरिंग नहीं हुई थी। टोटल धमाल के अलावा करण जौहर की एक फ़िल्म में भी माधुरी नज़र आने वाली हैं। माधुरी 2014 में 'गुलाब गैंग' और 'डेढ़ इश्क़िया' में फ़ीमेल लीड रोल में दिखी थीं। इस पारी में माधुरी एक्टिंग के साथ प्रोड्यूसर के रूप में भी दिखेंगी। वो मराठी फ़िल्म '15 ऑगस्ट' का निर्माण कर रही हैं।

ऐश्वर्या राय बच्चन ने इस बार लौटने में ज़्यादा देरी नहीं की। 2016 में ऐश्वर्या 'जज़्बा' और 'ऐ दिल है मुश्किल' में नज़र आयी थीं और इस साल 'फ़न्ने ख़ान' में बड़े पर्दे पर दिखायी देंगी। इस फ़िल्म में उनके साथ अनिल कपूर और राजकुमार राव भी हैं। फ़िल्म को अतुल मांजरेकर डायरेक्ट कर रहे हैं।

 

2018 में करीना कपूर की भी पर्दे पर वापसी होगी। शशांक घोष निर्देशित 'वीरे दी वेडिंग' से करीना 2 साल का वनवास ख़त्म करेंगी। इस फ़िल्म में वो सोनम कपूर और स्वरा भास्कर के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने जा रही हैं। करीना आख़िरी बार 2016 में 'की एंड का' और 'उड़ता पंजाब' में दिखी थीं। तैमूर को जन्म देने के लिए करीना ने फ़िल्मों से ब्रेक लिया था और जन्म के कुछ हफ़्ते बाद ही करीना 'वीरे दी वेडिंग' के सेट पर लौट गयी थीं।

प्रीति ज़िंटा भी जल्द वापसी की तैयारी कर रही हैं। प्रीति सनी देओल के साथ 'भैया जी सुपरहिट' के ज़रिए बड़े पर्दे पर दिखने वाली हैं। प्रीति इसी साल रिलीज़ हुई 'वेल्कम टू न्यूयॉर्क' में कैमियो में नज़र आयी थीं। मुख्य किरदार के तौर पर प्रीति की आख़िरी फ़िल्म 'इश्क़ इन पेरिस' है, जो 2013 में आयी थी। 'भैया जी सुपरहिट' से ही अमीषा पटेल भी 5 साल बाद हिंदी सिनेमा के पर्दे पर लौटेंगी। अमीषा आख़िरी बार 'शॉर्टकट रोमियो' में अहम किरदार में नज़र आयी थीं, जो 2013 में रिलीज़ हुई थी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.