Move to Jagran APP

New Year 2022: केजीएफ चैप्टर 2, RRR, ब्रह्मास्त्र, लाल सिंह चड्ढा... 12 फिल्में, जिनका 2022 में है बेसब्री से इंतजार

Upcoming TOP Movies in 2022 कुछ मेगा बजट फिल्में ऐसी हैं जो पैन-इंडिया रिलीज होंगी जिसके चलते आने वाले साल का रिलीज कैलेंडर एकदम पैक हो गया है। 2022 की ऐसी 12 फिल्में जिनके लिए ट्रेड के साथ दर्शक भी बेकरार हैं।

By Manoj VashisthEdited By: Published: Fri, 24 Dec 2021 06:18 PM (IST)Updated: Sat, 01 Jan 2022 07:46 AM (IST)
New Year 2022: केजीएफ चैप्टर 2, RRR, ब्रह्मास्त्र, लाल सिंह चड्ढा... 12 फिल्में, जिनका 2022 में है बेसब्री से इंतजार
Upcoming TOP Movies in 2022. Photo- Instagram

नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2021 में कोरोना वायरस महामारी की चुनौतियों से जद्दोजहद के बाद 2022 फिल्मों की रिलीज के लिहाज से काफी दिलचस्प रहने वाला है। अलग-अलग मिजाज और विषय की फिल्में दर्शकों के बीच पहुंचेंगी। इनमें कुछ फिल्में ऐसी हैं, जिनका स्टार कास्ट या विषय के चलते दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। इनमें एक्शन, माइथोलॉजी, फैंटेसी, रोमांस का जबरदस्त तड़का लगने वाला है। 2022 में कुछ मेगा बजट फिल्में ऐसी भी हैं, जो पैन-इंडिया रिलीज होंगी, जिसके चलते आने वाले साल का रिलीज कैलेंडर एकदम पैक हो गया है। 2022 की ऐसी 12 फिल्में, जिनके लिए ट्रेड के साथ दर्शक भी बेकरार हैं।

loksabha election banner

RRR- 7 जनवरी को एसएस राजामौली की आरआरआर सिनेमाघरों में पहुंचेगी। यह ब्रिटिश हुकूमत के दौर में सेट पीरियड ड्रामा फिल्म है। फिल्म में राम चरन तेजा और एनटीआर जूनियर लीड रोल्स में हैं, जबकि अजय देवगन और आलिया भट्ट अहम किरदारों में नजर आएंगे। यह मेगा बजट फिल्म तेलुगु के साथ हिंदी और दूसरी दक्षिण भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी। बाहुबली 2- द कन्क्लूजन के बाद राजामौली इस फिल्म के साथ वापसी कर रहे हैं। 

View this post on Instagram

A post shared by RRR Movie (@rrrmovie)

राधे श्याम- बाहुबली फिल्मों से हिंदी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए तेलुगु सुपरस्टार प्रभास 14 जनवरी को बहुभाषी फिल्म राधे श्याम के साथ बड़े पर्दे पर लौटेंगे। राधा कृष्ण कुमार निर्देशित इस रोमांटिक थ्रिलर फिल्म में पूजा हेगड़े फीमेल लीड हैं। यह फिल्म तेलुगु के साथ हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज की जाएगी। 

पृथ्वीराज- यशराज फिल्म्स निर्मित पृथ्वीराज 2022 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शुमार है। चाणक्य फेम डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी निर्देशित फिल्म में अक्षय कुमार पृथ्वीराज चौहान के किरदार में नजर आएंगे। 2017 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने वाली मानुषी छिल्लर संयोगिता के रोल में हैं और इस फिल्म से बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। 21 जनवरी को रिलीज हो रही फिल्म में संजय दत्त, सोनू सूद भी अहम किरदारों में दिखेंगे।

लाल सिंह चड्ढा- आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा हॉलीवुड क्लासिक फॉरेस्ट गम्प का आधिकारिक रीमेक है। एरिक रॉथ के ओरिजिनल स्क्रीनप्ले को अतुल कुलकर्णी ने हिंदी में ढाला है। लाल सिंह चड्ढा का निर्देशन आमिर के साथ सीक्रेट सुपरस्टार बना चुके अद्वैत चंदन कर रहे हैं। आमिर खान की होम प्रोडक्शन फिल्म 2022 में बैसाखी के पर्व पर 14 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। करीना कपूर खान फीमेल लीड में हैं।

View this post on Instagram

A post shared by Aamir Khan Productions (@aamirkhanproductions)

केजीएफ चैप्टर 2- मूल रूप से मलयालम में बनी केजीएफ चैप्टर-2 2022 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है। इस फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म केजीएफ चैप्टर-1 2018 में रिलीज हुई थी और पैन इंडिया इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। अब दूसरे भाग को हिंदी में भी रिलीज किया जाएगा। केजीएफ में यश लीड रोल निभाते हैं। दूसरे भाग में संजय दत्त और रवीना टंडन जैसे सितारे भी नजर आएंगे। 14 अप्रैल को रिलीज हो रही फिल्म का निर्देशन प्रशांत नील ने किया है। 

ब्रह्मास्त्र- अयान मुखर्जी निर्देशित ब्रह्मास्त्र मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्मों की लिस्ट में शामिल है। यह ट्रिलॉजी जिसकी पहली फिल्म ब्रह्मास्त्र पार्ट 1- शिवा 9 सितम्बर को रिलीज होगी। माइथोलॉजी और फैंटेसी में लिपटी इस कहानी में रणबीर कपूर सुपरहीरो के रोल में दिखेंगे। फिल्म अपनी स्टार कास्ट के लिए काफी चर्चा में रही। आलिया भट्ट, अमिताभ बच्चन, मौनी रॉय और नागार्जुन अहम किरदारों में दिखेंगे। ब्रह्मास्त्र हिंदी के साथ दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी रिलीज की जाएगी। तेलुगु में फिल्म को एसएस राजामौली प्रेजेंट करेंगे।

View this post on Instagram

A post shared by Alia Bhatt ☀️ (@aliaabhatt)

आदिपुरुष- ओम राउत निर्देशित आदिपुरुष रामायण से प्रेरित फिल्म है। यह मेगा बजट फिल्म है, जिसमें प्रभास राम, सनी सिंह लक्ष्मण और सैफ अली खान रावण के किरदार में दिखेंगे। कृति सेनन सीता के रोल में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है।

गंगूबाई काठियावाड़ी- संजय लीला भंसाली की गंगूबाई काठियावाड़ी 2022 की अहम फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म में आलिया भट्ट शीर्षक किरदार में हैं। गंगूबाई काठियावाड़ी एस हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' के एक अध्याय से प्रेरित है। गंगूबाई 1960 के दशक के दौरान कमाठीपुरा की सबसे शक्तिशाली शख्सियतों में से एक थीं, जिनका प्रभाव राजनीतिक जगत तक था। फिल्म 18 फरवरी को रिलीज हो रही है।अजय देवगन फिल्म में एक अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं। 

लाइगर- लाइगर से करण जौहर तेलुगु स्टार विजय देवरकोंडा को बॉलीवुड में लॉन्च कर रहे हैं। फिलम का निर्देशन साउथ के जाने-माने एक्शन डायरेक्टर पुरी जगन्नाथ कर रहे हैं। अनन्या पांडेय फीमेल लीड में हैं, जबकि लीजेंड्री मुक्केबाज माइक टाइसन इसमें अहम भूमिका में नजर आएंगे। 25 अगस्त को फिल्म हिंदी के साथ तेलुगु और सभी दक्षिण भारतीय भाषाओं में रिलीज होगी।

View this post on Instagram

A post shared by Ananya 💛💫 (@ananyapanday)

राम सेतु- अक्षय कुमार की राम सेतु इसके विषय की वजह से 2022 की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है। राम सेतु एक एक्शन-एडवेंचर ड्रामा है, जिसकी कहानी भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की जड़ों को टटोलने पर आधारित है। इस फ़िल का निर्माण अमेजन प्राइम वीडियो के साथ किया जा रहा है। राम सेतु भारत में अमेजन स्टूडियोज निर्मित पहली फिल्म है। राम सेतु का निर्देशन अभिषेक शर्मा कर रहे हैं। फिल्म में जैकलीन फर्नांडिस के अलावा नुसरत भरूचा भी मुख्य स्टार कास्ट का हिस्सा हैं। राम सेतु दिवाली पर रिलीज होगी।

धाकड़- धाकड़ स्पाई फिल्म है, जिसमें कंगना रनोट एजेंट अग्नि के किरदार में नजर आने वाली हैं। फिल्म में कंगना धमाकेदार एक्शन करती हुई नजर आएंगी। अर्जुन रामपाल रुद्रवीर नाम का किरदार निभा रहे हैं। दिव्या दत्ता भी अहम रोल प्ले कर रही हैं। रजनीश राजी घई निर्देशित फिल्म 8 अप्रैल को रिलीज होगी।  

View this post on Instagram

A post shared by Kangana Thalaivii (@kanganaranaut)

गणपत- टाइगर श्रॉफ और कृति सेनन की मेगा बजट फिल्म 2022 की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में शामिल है। विकास बहल निर्देशित गणपत डिस्टोपियन थ्रिलर जॉनर की एक्शन फिल्म है। 23 दिसम्बर 2022 को सिनेमाघरों में रिलीज रही फिल्म में टाइगर और कृति बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे। फिल्म में हाइ ओक्टेन एक्शन सीक्वेसेंज हैं, जो टाइगर और कृति पर फिल्मायी गयी हैं। फिल्म ने हाल ही में लंदन में शूटिंग पूरी की है। 

इन फिल्मों के अलावा वरुण धवन की भेड़िया, अजय देवगन की रनवे 34, सिद्धार्थ मल्होत्रा की योद्धा और मिशन मजनू, जॉन अब्राहम की अटैक, कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया 2, रणवीर सिंह की सर्कस, सनी देओल की गदर 2, अमिताभ बच्चन की झुंड का भी 2022 में इंतजार रहेगा। इस स्टोरी का वीडियो यहां देखें-


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.