Good Newwz और 'दबंग 3' के सामने 2020 के पहले शुक्रवार को ये फ़िल्में, स्टार किड्स का डेब्यू
Upcoming Films on First Friday इन सभी फ़िल्मों को अक्षय कुमार की गुड न्यूज़ और सलमान ख़ान की दबंग 3 से चुनौती मिलेगी जो अभी भी बॉक्स ऑफ़िस की रेस में बनी हुई हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। 2020 का आग़ाज़ हो चुका है और वक़्त है उन फ़िल्मों की बात करने का, जिनके साथ बॉक्स ऑफ़िस का पर्दा उठेगा। साल के पहले शुक्रवार (3 जनवरी) को चार फ़िल्में रिलीज़ हुई हैं। ये फ़िल्में हैं- इंगलिश की टांय टांय फिस्स, भंगड़ा पा ले, एसिड- एस्टाउंडिंग करेज इन डिस्ट्रेस और सब कुशल मंगल। इनमें से दो फ़िल्में भंगड़ा पा ले और सब कुशल मंगल ऐसी हैं, जिनके ज़रिए स्टार किड्स बॉलीवुड में बतौर लीड एक्टर अपनी पारी शुरू कर रहे हैं।
स्नेहा तौरानी निर्देशित भंगड़ा पाले में विक्की कौशल के भाई सनी कौशल रुख़शार ढिल्लों लीड रोल्स में हैं। सनी अक्षय कुमार की फ़िल्म गोल्ड में एक अहम रोल में दिखायी दिये थे, मगर भंगड़ा पा ले के वो हीरो हैं। सनी और रुख़शार फ़िल्म का प्रमोशन करने सलमान ख़ान के शो बिग बॉस 13 में भी गये थे।
फ़िल्म का टाइटल सलमान और शाह रुख़ की हिट फ़िल्म करण अर्जुन के गाने भंगड़ा पाले से लिया गया है। शो में सलमान ने खुलासा किया था कि यह टाइटल पहले उनके पास ही था, मगर रमेश तौरानी से संबंधों की वजह से उन्होंने यह टाइटल तौरानी को दे दिया, जो इस फ़िल्म के प्रोड्यूसर हैं। निर्देशिका स्नेहा उनकी ही बेटी हैं।
करण कश्यप निर्देशित सब कुशल मंगल से प्रियांक शर्मा और रीवा किशन डेब्यू कर रहे हैं। प्रियांक वेटरन एक्टर पद्मिनी कोल्हापुरे की बेटे हैं तो रीवा किशन जाने-माने कलाकार रवि किशन की बेटी हैं। इस फ़िल्म में अक्षय खन्ना भी एक अहम भूमिका में नज़र आने वाले हैं।
इंगलिश की टांय टांय फिस्स कम बजट की कॉमेडी फ़िल्म है, जिसे शैलेंद्र सिंह राजपूत ने निर्देशित किया है। इस फ़िल्म में राजपाल यादव, मनोज जोशी और गोविंद नामदेव जैसे जाने-माने कलाकार हैं, मगर कोई स्टार फेस नहीं है। एसिड को प्रियंका सिंह ने निर्देशित किया है और वही लीड रोल में भी हैं। इस फ़िल्म में भी कोई स्टार फेस नहीं है।
इन सभी फ़िल्मों को अक्षय कुमार की गुड न्यूज़ और सलमान ख़ान की दबंग 3 से चुनौती मिलेगी, जो अभी भी बॉक्स ऑफ़िस की रेस में बनी हुई हैं। 27 दिसम्बर को रिलीज़ हुई गुड न्यूज़ बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है और 117 करोड़ से अधिक कमाई 6 दिनों में कर चुकी है।