Trishala Dutt ब्वॉयफ्रेंड की पहली पुण्यतिथि पर हुईं भावुक, लिखा- 'एक साल में इतना रोई कि आंसू सूख गये'
Sanjay Dutts Daughter Trishala Dutt के ब्वॉयफ्रेंड की मृत्यु 2 जुलाई 2019 को हुई थी। वो 33 साल के थे। त्रिशाला ने कभी अपने ब्वॉयफ्रेंड के बारे में ज्यादा नहीं बताया।
नई दिल्ली, जेएनएन। संजय दत्त की बेटी त्रिशाला दत्त के ब्वॉयफ्रेंड की पिछले साल 2 जुलाई को डेथ हो गयी थी। उनकी पहली पुण्यतिथि पर याद करते हुए त्रिशाला ने सोशल मीडिया में एक लम्बा-सा नोट लिखा है, जिसमें उन्होंने बताया है कि एक साल में उन्होंने कैसे इस दुख से ख़ुद को उबारा।
त्रिशाला ने इंस्टाग्राम पर नोट में अपने जज़्बात उड़ेल दिये। उन्होंने लिखा- इस बात को आज एक साल हो गया, जब मेरे पैरों के नीचे से ज़मीन खिसक गयी थी और ज़िंदगी हमेशा के लिए बदल गयी। मैंने अपने दुख पर बहुत काम किया। बातचीत की। कुछ खास ग्रुप्स को ज्वाइन किया और किन लोगों के साथ कैसे वक़्त बिताना है, इसके लिए ज़्यादा सावधान रही। सोशल मीडिया से भी काफ़ी हद तक दूर हो गयी थी।
आठ साल की उम्र में अपनी मां को खो देना और उस पर दो दशक तक काम करते रहने के बाद भी मैं इसके लिए तैयार नहीं थी। त्रिशाला ने आगे लिखा कि सिर्फ़ वक़्त के साथ यह कम नहीं होता है। आपको सबसे अंधकार भरे लम्हों से गुजरना पड़ता है और फिर भावनाओं के उतार-चढ़ाव में बहना होता है। पिछले एक साल में, मैं इतना रोई हूं कि मेरे आंसू ख़त्म हो गये थे।
मुझे अपनी नौकरी छोड़नी पड़ी, क्योंकि मैं किसी दूसरे की मानसिक हालत कैसे ठीक कर सकती हूं, जब ख़ुद मेरी ठीक नहीं है। कई बार में सार्वजनिक रूप से रो पड़ती थी, जहां अजनबी लोग आकर मुझे ढांढस बंधाते थे। मैंने अधिक खाने लगी थी, जिससे मेरा वज़न 13 किग्रा बढ़ गया था। लेकिन ठीक है। यह प्रक्रिया है। यह ठीक किया जा सकता है।
मुझे यह स्वीकार करने में कोई शर्म नहीं है कि एक बेहतरीन थिरेपिस्ट, सपोर्ट ग्रुप और तीन शानदार दोस्तों की वजह से ठीक हुई। मौजूदा वक़्त में मेरे लिए उनकी चीज़ों से घिरे रहना उनकी याद दिलाता है, जो मददगार है। मेरे पास उनके टेक्स्ट मैसेज और हाथ से लिखे नोट्स हैं। मेरे पास अभी भी उनका टूथब्रश है। उनके पसंदीदा गाने और कलाकारों को सुनती हूं। मेरे पास टी-शर्ट्स हैं, जिनसे उनकी गंध आती है।
अपने ब्वॉयफ्रेंड की तारीफ़ में त्रिशाला लिखती हैं- वो दयालु, सज्जन, विचारशील और हमेशा मुझे तरजीह देने वाले शख्स थे। उन्होंने मुझ पर विश्वास किया था। मेरी देखभाल की थी और मेरे दिल को संभाला था। मुझे कभी जज नहीं किया और मेरे पूरे परिवार को अपनाया। कभी मेरा साथ नहीं छोड़ा। मुझे कभी दुखी होकर नहीं सोने दिया। वो हमेशा मेरी ज़िंदगी का हिस्सा रहेंगे और मेरी कहानी का भी। इस दुनिया में मैं ख़ुद सबसे खुशकिस्मत लड़की मानती हूं, जिसे उन्होंने अपना बनाया, जैसे कि वो मेरे थे।
त्रिशाला के ब्वॉयफ्रेंड की मृत्यु 2 जुलाई 2019 को हुई थी। वो 33 साल के थे। त्रिशाला ने कभी अपने ब्वॉयफ्रेंड के बारे में ज्यादा नहीं बताया। उनका नाम भी कभी सामने नहीं आया। पर त्रिशाला ने इतना जरूर बताया था कि उनके ब्वॉयफ्रेंड इटैलियन थे। त्रिशाला संजय दत्त और उनकी पहली पत्नी रिचा शर्मा के बेटी हैं। 1996 में कैंसर के चलते रिचा का निधन हो गया था। वहीं त्रिशाला का जन्म 1988 में हुआ था। (Photo- Trishala Dutt's Instagram Account)