Pari अनुष्का का Trailer: ये परियों की कहानी नहीं, डर की रवानी है
यह फिल्म एक सुपरनेचुरल हॉरर फिल्म है और अनुष्का शर्मा के प्रोडक्शन में बनी तीसरी फिल्म भी।
मुंबई। अनुष्का शर्मा ने अब तक बड़े परदे पर कई सारे रस दिखायें हैं। सौन्दर्य से लेकर हास्य रस तक। मस्तीखोर भूतनी भी बन चुकी हैं और एन एच 10 में रौद्र रस का इस्तेमाल भी कर चुकी हैं। इस बार बारी लोगों को डराने की है।
अनुष्का शर्मा की फिल्म 'परी' का ट्रेलर जारी किया गया है और उसे देखने के बाद आप अनुष्का शर्मा के इस बदले हुए रूप का अंदाज़ा नहीं लगा सकते। उनका ये खौफ़नाक रूप इस साल होली के मौके पर बड़े परदे पर दिखेगा। इस ट्रेलर में अनुष्का ने कई तरह के रूप दिखाए हैं। कभी वो भयानक हो जाती है तो कभी वीभत्स। प्रोसित रॉय के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अनुष्का के साथ परमब्रता चटर्जी भी लीड रोल में हैं, जो विद्या बालन की फिल्म कहानी से फेमस हुए थे। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के साथ शादी के बाद अनुष्का की ये पहली फिल्म है। हाल ही में एक टीज़र जारी किया गया था जिसमें इस होली पर प्ले सेफ़ रहने को कहा गया है लेकिन रंगों से नहीं, बड़े परदे की अनुष्का के इस किरदार से जो अपना रौद्र रूप दिखा रही है। किसी को बेड़ियों में जकड़ती और छोटे बच्चे की दूध के बोतल में खून भर कर पीती इस परी की ये कहानी है, दो मार्च को दिखेगी। फिल्म के ट्रेलर को आप यहां देख सकते हैं-
फिल्म परी में रिताभरी चक्रवर्ती और रजत कपूर ने भी काम किया है। यह फिल्म एक सुपरनेचुरल हॉरर फिल्म है और अनुष्का शर्मा के प्रोडक्शन में बनी तीसरी फिल्म भी। अनुष्का शर्मा इस साल फिल्म ज़ीरो और दत्त बायोपिक में भी नज़र आएंगी। फिल्म परी की रिलीज़ को पद्मावत के आने के कारण हुई रिलीज़ की उथल पुथल के चलते आगे बढ़ाना पड़ा है।
यह भी पढ़ें: फिर बदला कपिल शर्मा के शो का नाम, ये है सबूत