'स्त्री' समेत इन 9 फ़िल्मों ने बदल दिया Box Office का इतिहास, 9 महीनों में 1400 करोड़ पार
कुछ फ़िल्में तो ऐसी हैं, जिनसे 100 करोड़ कलेक्शन करने की उम्मीद नहीं थी, मगर उन्होंने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है।
मुंबई। बॉक्स ऑफ़िस के लिए साल 2018 अच्छा साबित हो रहा है। साल का नौवां महीना चल रहा है और बॉक्स ऑफ़िस पर अब तक रिलीज़ हुई सिर्फ़ 9 फ़िल्मों ने ₹1400 करोड़ से अधिक जमा कर लिये हैं। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर की हॉरर कॉमेडी 'स्त्री' 100 करोड़ क्लब में जाने वाली सबसे ताज़ा फ़िल्म है, जिसने रिलीज़ के सोलहवें दिन इतिहास रच दिया था।
₹100 करोड़ का पड़ाव वैसे तो अब सफलता का पैमाना नहीं रहा है, क्योंकि फ़िल्म के निर्माण और प्रसार के ख़र्च से पता चलता है कि फ़िल्म को कितना फ़ायदा हुआ या नुक़सान, मगर इस बार जिन फ़िल्मों ने ₹100 करोड़ या इससे अधिक कमाई की है, उनमें से अधिकतर नियंत्रित बजट वाली फ़िल्में हैं, लिहाज़ा यह फ़िल्में मुनाफ़े में तो हैं ही, उन्हें हिट और सुपर हिट तक घोषित किया गया है। कुछ फ़िल्में तो ऐसी हैं, जिनसे ₹100 करोड़ कलेक्शन करने की उम्मीद नहीं थी, मगर उन्होंने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है।
ऐसी ही फ़िल्म है 'स्त्री' जो 31 अगस्त को रिलीज़ हुई थी और 25 सितम्बर तक ₹120 करोड़ का कलेक्शन बॉक्स ऑफ़िस पर कर चुकी है। ₹100 करोड़ का आंकड़ा इस फ़िल्म ने 16वें दिन हासिल कर लिया था। अमर कौशिक निर्देशित 'स्त्री' एक कॉमेडी हारर फ़िल्म है। इस जॉनर को बॉलीवुड में अधिक भुनाया नहीं गया है। ₹20 करोड़ की लागत से बनी 'स्त्री' की स्टार कास्ट में राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बैनर्जी शामिल हैं। ग़ौरतलब है कि इनमें एक भी स्टार फेस नहीं है। लिहाज़ा फ़िल्म से उम्मीद की जा रही थी कि ₹30-40 करोड़ के बीच अगर जमा कर ले तो भी कामयाब रहेगी, मगर 'स्त्री' ने जो रफ़्तार पकड़ी, फिर रुकने का नाम नहीं लिया।
'राज़ी' भी 2018 की ऐसी ही फ़िल्मों की सूची में है, जिनकी ₹100 करोड़ की यात्रा काफ़ी रोमांचक रही। मेघना गुलज़ार निर्देशित फ़िल्म में आलिया भट्ट ने मुख्य किरदार निभाया, जबकि विक्की कौशल मेल लीड में थे। मेघना की वजह से 'राज़ी' एक अच्छी फ़िल्म होने की उम्मीद की जा रही थी, मगर ट्रेड को भी अंदाज़ा नहीं था कि ₹100 करोड़ को पार करेगी। 'राज़ी' ने रिलीज़ के 17वें दिन ₹100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया था। फ़िल्म ने कुल ₹123.17 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर जमा किये हैं।
₹100 करोड़ तक पहुंचकर चौंकाने वाली फ़िल्मों में लव रंजन निर्देशित 'सोनू के टीटू की स्वीटी' का भी नाम आता है, जिसने ₹100 करोड़ तक पहुंचने में 25 दिन लिये, मगर पहुंच गयी। इस फ़िल्म को 'प्यार का पंचनामा' सीरीज़ की शोहरत का फ़ायदा मिला। कार्तिक आर्यन को इस फ़िल्म की कामयाबी से ज़बर्दस्त फ़ायदा हुआ और वो बॉलीवुड के यंग एक्टर्स की लीग में शामिल हो गये हैं, जिन्होंने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है।
अहमद ख़ान के निर्देशन में बनी टाइगर श्रॉफ की 'बाग़ी 2' ने ₹165 करोड़ का कलेक्शन किया, मगर ₹100 करोड़ तक पहुंचने में इसे 6 दिन का समय ही लगा। फ़िल्म में टाइगर की रियल लाइफ़ गर्लफ्रेंड दिशा पाटनी ने फ़ीमेल लीड रोल निभाया।
राजकुमार गुप्ता के निर्देशन में बनी अजय देवगन की 'रेड' भी 100 करोड़ क्लब में पहुंची, मगर इसके लिए फ़िल्म ने 22 दिनों का समय लिया। इनकम टैक्स रेड पर आधारित इस पीरियड फ़िल्म में इलियाना डिक्रूज़ ने अजय की पत्नी और सौरभ शुक्ला ने उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता का किरदार निभाया।
रीमा कागती निर्देशित 'गोल्ड' आज़ाद भारत की हॉकी में पहले ओलंपिक गोल्ड मेडल के जीतने की कहानी थी, जिसमें अक्षय कुमार ने हॉकी टीम के मैनेजर का रोल निभाया। फ़िल्म 13 दिनों में ₹100 करोड़ के पड़ाव पर पहुंची और ₹107 करोड़ से अधिक अभी तक जमा कर चुकी है। टीवी एक्ट्रेस मौनी रॉय ने फ़िल्म से बॉलीवुड में अपना करियर शुरू किया है।
रेमो डिसूज़ा के निर्देशन में बनी सलमान ख़ान की 'रेस 3' को समीक्षकों से अच्छा रिस्पांस नहीं मिला, मगर फिर भी फ़िल्म ने रिलीज़ के दिनों में ही ₹100 करोड़ का पड़ाव पार कर लिया। फ़िल्म ने कुल ₹169 करोड़ का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन किया। हालांकि फ्रेंचाइजी की शोहरत और सलमान के क़द के हिसाब से यह बिज़नेस बहुत अच्छा नहीं रहा। पिछले साल सलमान ख़ान ने 'बिग बॉस 11' में इस फ़िल्म की स्टार कास्ट को इंट्रोड्यूस करवाया था।
संजय लीला भंसाली की मैग्नम ओपस 'पद्मावत' इस साल के शुरू में रिलीज़ हुई थी, फ़िल्म ने 4 दिनों में ₹100 करोड़ का पड़ाव पार किया। जबकि ₹300.26 करोड़ का कुल बिज़नेस किया। हालांकि 300 करोड़ प्लस होने के बावजूद ट्रेड इसे हिट नहीं मानता, क्योंकि लागत बहुत अधिक थी। फ़िल्म में दीपिका पादुकोण रानी पद्मावती के रोल में थीं, जबकि शाहिद कपूर ने महारावल रतन सिंह का किरदार निभाया। इस फ़िल्म के लिए तारीफ़ों के हक़दार रणवीर सिंह बने, जो दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी के रोल में नज़र आये।
साल 2018 की अब तक की सबसे बड़ी सक्सेस 'संजू' है। राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी संजय दत्त की इस बायोपिक फ़िल्म ने महज़ 3 दिनों यानि ओपनिंग वीकेंड में ₹100 करोड़ का अहम पड़ाव पार कर लिया था और ₹341.22 करोड़ का कुल कारोबार किया। रणबीर कपूर के करियर की यह सबसे बड़ी कामयाबी है, जो संजय दत्त के किरदार में नज़र आये थे। इन सभी फ़िल्मों का बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन अगर जोड़ें तो ₹1409 करोड़ रुपए आता है।
उम्मीद के 3 महीने
2018 के अभी तीन महीने बाक़ी हैं और कई अहम फ़िल्में रिलीज़ होने वाली हैं, जिनमें शाहिद कपूर की 'बत्ती गुल मीटर चालू', अर्जुन कपूर की 'नमस्ते इंग्लैंड', वरुण धवन की 'सुई धागा', आमिर ख़ान की 'ठग्स ऑफ़ हिंदोस्तान', शाह रुख़ ख़ान की 'ज़ीरो' और रणवीर सिंह की 'सिम्बा' शामिल हैं। आयुष्मान खुराना की 'बधाई हो' और 'अंधाधुन' के ट्रेलर्स को भी अच्छा रिस्पांस मिला है। इन सभी से अच्छे बिज़नेस की उम्मीद है।