बॉलीवुड में Freshness बेशुमार, 2018 में 22 जोड़ियां बनीं पहली बार
बनीता के अलावा भी वरुण दूसरी एक्ट्रेसेज़ के साथ पहली बार पर्दे पर नज़र आने वाले हैं। अनुष्का शर्मा के साथ वरुण यशराज बैनर की फ़िल्म 'सुई धागा' में जोड़ी बना रहे हैं।
मुंबई। शुजित सरकार की फ़िल्म अक्टूबर का टीज़र आप सबके बीच पहुंच चुका है और फ़िल्म भी चंद महीनों बाद रिलीज़ होने वाली है। इस फ़िल्म में वरुण धवन और बनीता संधू की फ्रेश जोड़ी दिखायी दे रही है। कई टीवी कमर्शियल्स में नज़र आ चुकीं बनीता की ये डेब्यू फ़िल्म है।
16 फरवरी को आ रही नीरज पांडेय की फ़िल्म 'अय्यारी' में मनोज बाजपेयी और सिद्धार्थ मल्होत्रा लीड रोल्स में हैं। इस फ़िल्म में पहली बार सिद्धार्थ और रकुलप्रीत की जोड़ी दिख रही है। बनीता के अलावा भी वरुण दूसरी एक्ट्रेसेज़ के साथ पहली बार पर्दे पर नज़र आने वाले हैं।
अनुष्का शर्मा के साथ वरुण यशराज बैनर की फ़िल्म 'सुई धागा' में जोड़ी बना रहे हैं। इस फ़िल्म को शरत कटारिया डायरेक्ट कर रहे हैं। फ़िल्म में दोनों कुछ इस अंदाज़ में नज़र आने वाले हैं। वहीं अपनी होम प्रोडक्शन साइकॉलॉजिकल थ्रिलर फ़िल्म 'परी' में अनुष्का परमब्रत चटर्जी के साथ नज़र आने वाली हैं। परमब्रत 'कहानी' और 'ट्रैफ़िक' में दिखायी दे चुके हैं। होली पर रिलीज़ के लिए तैयार 'परी' को प्रोसित ने डायरेक्ट किया है।
सैफ़ अली ख़ान की बेटी सारा अली ख़ान भी इस साल बॉलीवुड में क़दम रख रही हैं। अभिषेक कपूर निर्देशित 'केदारनाथ' में इन दोनों की जोड़ी दिखेगी। वहीं, तरन मनसुखानी निर्देशित ड्राइव में सुशांत पहली बार जैकलीन फ़र्नांडिस के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करेंगे।
राकेश ओमप्रकाश मेहरा की फ़िल्म 'फ़न्ने खान' में अनिल कुमार, ऐश्वर्या राय बच्चन और राजकुमार राव लीड रोल्स निभा रहे हैं। फ़िल्म में राजकुमार और ऐश्वर्या की जोड़ी पहली बार बनी है। राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर एक हॉरर कॉमेडी के लिए पेयर्ड अप हुए हैं। अमर कौशिक निर्देशित फ़िल्म का टाइटल स्त्री है।
श्रीराम राघवन की अगली थ्रिलर फ़िल्म 'द पियानो प्लेयर' में आयुष्मान खुराना, तब्बू और राधिका आप्टे लीड रोल में नज़र आएंगे। दोनों एक्ट्रेसेज़ के साथ आयुष्मान पहली बार पर्दे पर जोड़ी बना रहे हैं। आयुष्मान खुराना और सान्या मल्होत्रा बधाई हो में साथ आ रहे हैं। इस फ़िल्म का निर्देशन अमित शर्मा के हवाले है। हाल ही में फ़िल्म का पहला शेड्यूल मुंबई में पूरा हुआ है। 16 फरवरी से फ़िल्म का दूसरा शेड्यूल दिल्ली में शुरू होगा।
टाइगर श्रॉफ़ आने वाले महीनों में नई पेयरिंग कर रहे हैं। अहमद ख़ान निर्देशित 'बाग़ी2' में टाइगर अपनी कथित गर्लफ्रेंड दिशा पाटनी के साथ नज़र आने वाले हैं। करण जौहर की फ़िल्म 'स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर2' में टाइगर की जोड़ी अनन्या पांडे से साथ बनने की ख़बरे हैं। अनन्या, चंकी पांडे की बेटी हैं और इस फ़िल्म से डेब्यू करेंगी।
तापसी पन्नू और कार्तिक आर्यन की जोड़ी 'चोर निकल के भागा' में पहली बार पर्दे पर दिखने वाली है। इस फ़िल्म को अमर कौशिक डायरेक्ट कर रहे हैं। तापसी, दिलजीत दोसांझ के साथ सूरमा में पहली बार दिखायी देंगी, तो अर्जुन पटियाला में दिलजीत दोसांझ और कृति सनोन की फ्रेश पेयरिंग दिखने वाली है।
आलिया भट्ट आने वाले समय में नए एक्टर्स के साथ जोड़ी बनाने जा रही हैं। अयान मुखर्जी की फ़िल्म ब्रह्मास्त्र में आलिया भट्ट और रणबीर कपूर पहली बार स्क्रीन स्पेस शेयर कर रहे हैं। ये सुपरहीरो फ़िल्म है, जिसमें अमिताभ बच्चन भी अहम किरदार में दिखेंगे। मेघना गुलज़ार की फ़िल्म 'राज़ी' में वो विक्की कौशल के साथ लीड रोल में हैं, जबकि ज़ोया अख़्तर की 'गली ब्वॉय' में आलिया रणवीर सिंह के साथ फ़ीमेल लीड में हैं।
पैडमैन में राधिका आप्टे के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर कर चुके अक्षय कुमार गोल्ड में टीवी एक्ट्रेस मौनी रॉय के साथ जोड़ी बना रहे हैं। मौनी की ये डेब्यू फ़िल्म है। वीरे दी वेडिंग में करीना कपूर सुमित व्यास के साथ दिखेंगी। सोनम कपूर और स्वरा भास्कर भी लीड रोल्स में हैं। 25 जनवरी को रिलीज़ हुई पद्मावत में शाहिद कपूर और दीपिका पादुकोण की फ्रेश पेयरिंग नज़र आ चुकी है। बताते चलें कि उन जोड़ियों को इस लेख में शामिल नहीं किया गया है, जिनके दोनों कलाकार डेब्यूटेंट हैं।