तो इसलिए कोरियोग्राफी करने लगे थे टेरेंस, यह थी खास वजह
टेरेंस कई रिएलिटी शोज़ को जज करते आए हैं और कोरियोग्राफी उनका पैशन है। उनका नाम मशहूर कोरियोग्राफर्स में से एक है।
मुंबई। देश के ख्यात कोरियोग्राफर्स में से एक टेरेंस लुईस का मानना है कि वो एक आर्टिस्ट हैं और इसलिए उन्हें हमेशा स्टेज पर रहना पसंद है। यही कारण है कि उन्होंने अभी तक फिल्म डायरेक्शन का मन नहीं बनाया है। जागरण डॉट कॉम से एक्सक्लूसिव बातचीत में टेरेंस ने कोरियोग्राफी और फिल्म डायरेक्शन को लेकर बात की।
जागरण डॉट कॉम से खास बातचीत करते हुए टेरेंस लुईस ने कोरियोग्राफी, फिल्म और डायरेक्शन करने को लेकर चर्चा की। टेरेंस लुईस ने 2001 में आई आमिर खान स्टारर फिल्म लगान में कोरियोग्राफी की है। तब से लेकर अब तक कोरियोग्राफी में आए बदलाव को लेकर टेरेंस का कहना है कि, कोरियोग्राफी की सिच्वेशन में तब से लेकर अब तक काफी बदलाव आया है। कोरियोग्राफर्स की एंट्री हुई है और इसके साथ उन्हें मौके भी मिले हैं। इसका एक बड़ा कारण सिनेमा में आने वाला बदलाव है। चूंकि, सिनेमा के साथ-साथ म्यूजिक में भी बहुत बदलाव आया है। इसलिए कोरियोग्राफी भी बदली है।
डायरेक्शन को लेकर यह कहते हैं टेरेंस
टेरेंस कहते हैं कि, डायरेक्शन की बात करें तो, इसके लिए सबसे जरूरी होता है कि आपको बैक सीट पर बैठना पसंद होना चाहिए। चूंकि, कैमरे में के पीछे रहना है। मेरे अंदर हमेशा एक आर्टिस्ट की आत्मा रही है तब से जब से मैं बच्चा था। मैंने स्टेज पर रहना पसंद किया है। कोरियोग्राफी में इसलिए गया क्योंकि यह मेरी जरुरत थी। क्योंकि सही बताऊं तो मेरा कोई मेंटर नहीं था। या कोई रिएलिटी शो नहीं था जिससे मुझे मदद मिलती, जिससे मैं मेरी डांसिंग स्किल को दिखा पाता। इसलिए मैं कोरियोग्राफी में चला गया। लेकिन मैं यह एंजॉय करता हूं। मैं यही करना चाहता हूं। इसलिए मैं डायरेक्शन में तब ही जाऊंगा जब कोई और काम करने के लिए नहीं होगा।
रेमो बिल्कुल परफेक्ट हैं
प्रख्यात कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा फिल्म रेस 3 को डायरेक्ट कर रहे हैं। इसको लेकर टेरेंस कहते हैं कि, रेमो बिल्कुल परफेक्ट हैं। वो कार, फास्ट लाइफ और चकाचौंध के बारे में सोचते हैं और रेस 3 एेसी ही फिल्म है। मुझे इस बात की खुशी है कि रेमो और फराह खान कोरियोग्राफर से डायरेक्टर बने हैं और स्टीरियोटाइप्स को चैलेंज किया। इन्होंने एक उदाहरण सेट किया कि हम कुछ भी कर सकते हैं। रेमो या फराह जैसे कोरियोग्राफर्स सॉन्ग को हैंडल जब करते हैं तो लगता है कि पूरी फिल्म को हैंडल किए हुए हैं। अगर सही स्टोरी और स्क्रीन प्ले हो तो ये कोरियोग्राफर्स बेहतरीन फिल्म बना सकते हैं। आपको बता दें कि, टेरेंस कई रिएलिटी शोज़ को जज करते आए हैं और कोरियोग्राफी व डांसिंग उनका पैशन है।