फ़िल्म अभिनेत्री तब्बू ने यूं निभाया एक डायरेक्टर से किया अपना वादा, देखें तस्वीरें
सोशल मीडिया में तब्बू के इस अंदाज की काफी सराहना हो रही है।
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री तब्बू अपनी संजीदा अभिनय के लिए जानी जाती हैं। हाल ही में आई रोहित शेट्टी की मल्टीस्टारर फ़िल्म 'गोलमाल अगेन' में भी उनकी एक्टिंग की तारीफ हो रही है। फ़िल्मों से हटकर बात करें तो तब्बू अपने व्यवहार से भी कई मौकों पर अपने फैंस का दिल जीतती रही हैं।
ताज़ा मामला है कि तब्बू ने 'अनारकली ऑफ आरा' फेम नवोदित फ़िल्म डायरेक्टर अविनाश दास से किया अपना एक वादा निभा कर उनका दिल जीत लिया है! पूरा मामला अविनाश दास के शब्दों में आप नीचे पढ़ सकते हैं!
यह भी पढ़ें: 50 साल की हुईं जूही चावला, बर्थडे पर जानें कि आमिर ख़ान उनके पीछे क्यों सांप लेकर दौड़े
अविनाश दास लिखते हैं कि- "आज चंडीगढ़ से मुंबई लौटा तो एक सरप्राइज़ मेरा इंतज़ार कर रहा था। तीन कार्टून भरी हुई किताबें घर पहुंची हुई थीं। कुछ निकाल कर मैंने तुरत शेल्फ़ में लगा ली। आप यक़ीन नहीं करेंगे, ये किताबें तब्बू ने भेजी हैं। कुछ महीने पहले उनसे मुलाक़ात हुई थी। हिंदी को लेकर मेरे अति उत्साह से उन्हें थोड़ा मज़ा आ गया। मुझसे कहा कि आपको अपनी कुछ पसंदीदा हिंदी किताबें भेजूंगी। उसी वक़्त मुझसे मेरा पता लेकर रख लिया। हफ़्ते भर मैंने किताबों का इंतज़ार किया, फिर भूल गया। बात की बात बात ही तो है, बात पर किसने अमल देखा है! लेकिन कुछ लोग इतने ज़हीन होते हैं कि देर-सबेर अपने वादे पूरे कर ही देते हैं। शुक्रिया तब्बू, बहुत बहुत शुक्रिया। आप मेरी पसंदीदा अभिनेत्री रही हैं और इस ख़ूबसूरत हादसे के बाद मेरी पसंदीदा शख्सीयत भी हो गयी हैं।"
यह भी पढ़ें: गुमनामी में जीने को बेबस हैं अपने दौर की हिट हीरोइन माला सिन्हा, देखे तस्वीरें
सोशल मीडिया में तब्बू के इस अंदाज की काफी सराहना हो रही है। हाल ही में 4 नवंबर को तब्बू ने अपना बर्थडे सेलिब्रेट किया है। लेकिन, इस घटना से यही लगता है कि उन्होंने इस बार अपने बर्थडे पर गिफ्ट लेने के बजाय गिफ्ट देने का मन बनाया था!
दिये जलते हैं
फूल खिलते हैं
बड़ी मुश्किल से मगर दुनिया में दोस्त मिलते हैं!
Thank You #Tabbu 🙏 pic.twitter.com/lCcTGLWFSM— Avinash Das (@avinashonly) November 13, 2017