Birthday: 47 साल की हुईं तब्बू, इन दुर्लभ तस्वीरों संग जानिये वो क्यों हैं स्पेशल
तब्बू को दो बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिल चुका है और उन्हें सबसे अधिक चार बार सर्वश्रेष्ठ महिला कलाकार की श्रेणी में..
मुंबई। 4 नवंबर 1971 को हैदराबाद में जन्मीं अभिनेत्री तब्बू इस साल अपना 47 वां जन्मदिन मना रही हैं। तब्बू उन अभिनेत्रियों में से हैं जिन्होंने उम्र के इस पड़ाव पर भी शादी नहीं की। अपनी ज़िंदगी अपनी शर्तों पर जीने वाली तब्बू काम भी अपने शर्तों पर ही करती हैं।
तब्बू जमाल हाशमी व रिजवाना की बेटी हैं। वो शबाना आज़मी की भतीजी एवं अभिनेत्री फरहा नाज़ की छोटी बहन हैं। इस तस्वीर में जो छोटी बच्ची हैं वो तब्बू ही हैं जबकि बड़ी बच्ची उनकी दीदी फरहा नाज़ हैं।
यह भी पढ़ें: शाह रुख़ ख़ान की भव्य दिवाली पार्टी में आमिर, कटरीना, करीना समेत ये स्टार्स पहुंचे, देखें तस्वीरें
क्या आप जानते हैं तब्बू को दो बार सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिल चुका है और उन्हें सबसे अधिक चार बार सर्वश्रेष्ठ महिला कलाकार की श्रेणी में फ़िल्मफेयर का क्रिटिक अवॉर्ड मिला है जोकि एक रिकॉर्ड है। आज भले ही तब्बू कम फ़िल्मों में दिखती हैं लेकिन जब वो अपने करियर के चरम पर थीं तब साल 1996 में तब्बू की 8 फ़िल्में रिलीज़ हुईं थीं। इनमें से दो फ़िल्में, 'साजन चले ससुराल' एवं 'जीत' काफी सफल रहीं, दोनों फ़िल्मों ने ही उस साल की टॉप पांच फ़िल्मों में जगह बनाई। उसी साल 'माचिस' के लिए उन्हें सर्वश्रष्ठ अभिनेत्री का अपना पहला राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार मिला। तब्बू अपनी मां की बेहद करीब हैं और अक्सर वो मीडिया इंटरव्यूज़ में भी उनके बारे में बातें करती रहती हैं। इस तस्वीर में आप उन्हें उनकी मॉम के साथ देख सकते हैं।
2001 में उन्हें मधुर भंडारकर निर्देशित 'चांदनी बार' में देखा गया। एक बार-डांसर के उनके चित्रण को सभी ने सराहा एवं अपने अभिनय के लिए उन्होनें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का अपना दूसरा राष्ट्रीय फ़िल्म अवॉर्ड जीता। तब्बू के नाम ऐसी कई उपलब्धियां हैं जो उन्हें स्पेशल बनाता है! बहरहाल, 47 साल की हो रही तब्बू ने शादी नहीं की है और इस बात पर वो कहती हैं कि मुझे इसका कोई मलाल नहीं! नीचे की तस्वीर उनकी दीदी फरहा नाज़ की शादी के समय की है।
पिछले दिनों शादी के संबंध में उनका एक स्टेटमेंट काफी सुर्ख़ियों में रहा था। इंटरव्यू में तब्बू ने कहा था, 'अजय देवगन और मैं एक-दूसरे को 25 साल से जानते हैं। वे मेरे कजिन समीर आर्या के पड़ोसी हैं और मेरे काफी अच्छे दोस्त भी हैं। अजय मेरी ज़िंदगी में तबसे हैं, जबसे मैंने करियर में आगे बढ़ना शुरू किया और उन्होंने ही हमारे रिश्ते की नींव रखी थी। मैं लड़कों से बात तक नहीं कर पाती थी।
यह भी पढ़ें: बर्थडे पर बेटे अबराम संग फैंस से कुछ यूं मिले शाह रुख़ ख़ान, देखें तस्वीरें
तब्बू ने बताया- 'समीर और अजय मेरे ऊपर खूब निगरानी रखते थे और मुझे हर जगह फॉलो किया करते थे। मैं किसी लड़के से बात तक नहीं कर पाती थी। और यदि कोई लड़का मुझसे बात करने आता तो दोनों उनको पीटने की धमकी देते थे। दोनों काफी बदमाश थे और अगर आज मैं सिगंल हूं तो वो सिर्फ अजय की वजह से ही हूं'। इस बारे में बाद में तब्बू ने कहा था कि उन्होंने ऐसा मज़ाक में कहा था कि अजय देवगन की वजह से उनकी शादी नहीं हुई!