Sushant Singh Rajput News: इस अंदाज़ में टीवी पर हुई थी सुशांत की एंट्री, एकता कपूर ने शेयर किया एक्टर का पहला सीन
Sushant Singh Rajput News सुशांत के फैंस ने उनकी आख़िरी फ़िल्म दिल बेचारा तो देख ली मगर उनके दिल में यह कसक भी थी कि सुशांत के करियर का पहला सीन देख पाते।
नई दिल्ली, जेएनएन। फ़िल्म इंडस्ट्री में कम वक़्त में अपने काम की छाप छोड़ने वाले अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने एक्टिंग करियर की शुरुआत टीवी शो किस देस में है मेरा दिल से की थी। इस शो का निर्माण एकता कपूर ने किया था, जिन्होंने बाद में उन्हें पवित्र रिश्ता में लीड रोल में पेश किया और यह सुशांत के करियर के लिए पहला बड़ा पड़ाव साबित हुआ।
इसके बाद उनकी एंट्री फ़िल्मों में हुई थी। सुशांत के फैंस ने उनकी आख़िरी फ़िल्म दिल बेचारा तो देख ली, मगर उनके दिल में यह कसक भी थी कि सुशांत के करियर का पहला सीन देख पाते तो ऐसे फैंस का दिल रखने के लिए एकता ने वो दृश्य साझा किया है, जिससे सुशांत का एक्टिंग करियर शुरु हुआ था।
इंस्टाग्राम पर एकता ने इसके बारे में बताया। उन्होंने लिखा- बहुत से लोग मुझसे सुशांत के पहले सीन के बारे में पूछ रहे थे। यह पहला सीन था, जिसे हमने सुशांत के साथ शूट किया था। टेलीविज़न पर किस देस में है मेरा दिल में यह उनका पहला दृश्य था, जिसका प्रसारण हुआ था। शो में वो सेकंड लीड थे, लेकिन हम जानते थे वो बड़ी चीज़ों के लिए बने हैं और उन्हें बिल्कुल वैसा ही करके भी दिखाया। इस ख़ूबसूरत प्रकाश पुंज और रूह को बहुत प्यार, सद्भाव और प्रार्थनाएं। इस शो में हर्षद चोपड़ा और अदिति जुनेजा ने लीड रोल निभाये थे। शो का प्रसारण 2008 से 2010 तक हुआ था।
सुशांत ने इसके बाद पवित्र रिश्ता में लीड रोल निभाया, जिसमें उनके अपोज़िट अंकिता लोखंडे थीं, जो बाद में काफ़ी वक़्त तक उनकी गर्लफ्रेंड रहीं। सुशांत ने बाद में अभिषेक कपूर की फ़िल्म काय पो चे से फ़िल्मों में पारी शुरू की थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी में धोनी का किरदार निभाने के लिए सुशांत को ख़ूब तारीफ़ मिली थी।
सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने वाली उनकी आख़िरी फ़िल्म छिछोरे है। सुशांत की आख़िरी फ़िल्म दिल बेचारा है, जो हाल ही में डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हुई। इस फ़िल्म में सुशांत के अभिनय की जमकर तारीफ़ हुई।