Sushant Singh Rajput Case: पूर्व रसोइए का दावा, सुशांत सिंह राजपूत नहीं गए डॉक्टर के पास
Sushant Singh Rajput Case पूर्व रसोइए अशोक ने कहा कि सुशांत ठीक थे लेकिन रिया के साथ अपनी यूरोप यात्रा के बाद बीमार पड़ने लगे।
नई दिल्ली, जेएनएनl फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के पूर्व कुक ने सुशांत, उनके स्वास्थ्य और रिया चक्रवर्ती के बारे में मीडिया से बात की है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या का मामला दिन पर दिन जटिल होता जा रहा है। अब दिवंगत अभिनेता के एक पूर्व रसोइये ने एक चैनल पर सुशांत, उनके स्वास्थ्य और प्रेमिका रिया चक्रवर्ती के बारे में बात की है और कई चौकाने वाले खुलासे किए हैंl
अशोक नाम के कुक ने न्यूज चैनल को बताया कि उन्होंने कभी भी सुशांत को डॉक्टर के पास जाते या दवा लेते नहीं देखा। उन्होंने कहा कि वह सितंबर 2019 में अपने घर के लिए रवाना हुए थे लेकिन जब वह अक्टूबर में वापस आए, तो उन्हें बताया गया कि उन्हें बर्खास्त कर दिया गया है। अशोक ने कहा कि वह जिस व्यक्ति से बात कर रहा था, उसने उन्हें बताया कि रिया ने उन्हें बर्खास्त कर दिया था।
सुशांत के स्वास्थ्य के बारे में बात करते हुए अशोक ने कहा कि सुशांत ठीक थे लेकिन रिया के साथ अपनी यूरोप यात्रा के बाद बीमार पड़ने लगे। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें बताया गया था कि उन्हें डेंगू हुआ है, लेकिन बाद में बताया गया कि यह डिप्रेशन है। अशोक कहते है, 'यूरोप यात्रा के बाद जब तक सुशांत बीमार नहीं पड़ने लगे, तब तक रिया का उनपर नियंत्रण नहीं था। शुरुआती दौर में हमें इसे डेंगू बताया गया था, लेकिन अब पता चल रहा है कि वह डिप्रेशन में थे। शनिवार को सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने एक पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरे मामले को देखने का आग्रह किया है।
अपने दिवंगत भाई के लिए न्याय मांगते हुए श्वेता अपने सोशल मीडिया हैंडल पर कई अपडेट्स साझा कर रही हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'मैं सुशांत सिंह राजपूत की बहन हूं और मैं पूरे मामले की तत्काल जांच का अनुरोध करती हूं। हमें भारत की न्याय व्यवस्था में विश्वास हैं और किसी भी कीमत पर न्याय की अपेक्षा करते हैं। @narendramodi @PMOIndia #JusticeForSushant #SatyamevaJayate'