सुशांत-परिणीति की फ़िल्म निकली 'ऐ दिल...' जैसी, क्या अब हो रहा है बदलाव?
ये तो फ़िल्म की रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा कि ' तकदुम ' ' ऐ दिल ' से वाकई में कितनी अलग है। बहरहाल, सुशांत और परिणीति जैसे यंग स्टार्स ने इंडस्ट्री को एक नई धार दी है।
मुंबई। इस बात के संकेत तो पहले ही मिल चुके थे कि ' एम एस धोनी :द अनटोल्ड स्टोरी ' के बाद सुशांत सिंह राजपूत अब क्रिकेट का मैदान छोड़ कर रोमांस की गलियों में नज़र आएंगे लेकिन समय रहते उनका एक रोमांस ' कॉपी-कैट' होने से बच गया।
दरअसल हम बात कर रहे हैं होमी अदजानिया की फ़िल्म ' तकदुम' की जिसमें सुशांत सिंह राजपूत और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी नज़र आने वाली है। पिछले दिनों एक ख़बर आई थी कि इस फ़िल्म की कहानी करण जौहर की हाल में रिलीज़ हुई फ़िल्म ' ऐ दिल है मुश्किल ' जैसी ही है। सुशांत और परिणीति का रोल ठीक वैसा है जैसा रणबीर कपूर और अनुष्का शर्मा ने निभाया है। ये भी ख़बर थी कि दोनों कहानियों के मिलता जुलता होने के कारण ही इस फ़िल्म की शूटिंग को अगले साल तक के लिए टाल दिया गया है क्योंकि कहानी में अब काफी सारे बदलाव करने हैं। हालांकि अब होमी की तरह से इस बात को लेकर सफाई आ गई है। उन्होंने इस बात का खंडन किया है कि फ़िल्म की कहानी का 'ऐ दिल...' की कहानी से कोई वास्ता है। उन्होंने बताया कि हम सिर्फ स्क्रीनप्ले को और बेहतर बनाने के लिए कुछ हिस्सों पर काम कर रहे हैं और जैसे ही ये काम पूरी तरह हो जाएगा, फ़िल्म की शूटिंग शुरू कर दी जायेगी।
इस पाकिस्तानी एक्टर को है 'ऐ दिल...' से सीन कटने का अफ़सोस!
खैर ये तो फ़िल्म की रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा कि ' तकदुम ' वाकई में कितनी अलग है लेकिन ये तो कहा ही जा सकता है कि समय रहते ' ऐ दिल ' लोगों के सामने आ गई वरना नक़ल के चक्कर में सुशांत और परिणीति को ही कई सारे सवालों के जवाब देने पड़ते।