Sanjana Sanghi Post: क्या मुंबई कभी वापस नहीं आएंगी सुशांत की को-एक्ट्रेस संजना? लिखा- ‘ख़ुदा हाफिज़’
सुशांत सिंह राजपूत की अपकमिंग फिल्म दिल बेचारा की को-एक्ट्रेस संजना संघी बुधवार को मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए मुंबई बुलाया।
नई दिल्ली, जेएनएन। सुशांत सिंह राजपूत की अपकमिंग फिल्म 'दिल बेचारा' की को-एक्ट्रेस संजना संघी बुधवार को मुंबई पुलिस ने पूछताछ के लिए मुंबई बुलाया। पुलिस के साथ हुआ इंटैरोगेशन के बाद संजना दिल्ली वापस लौट आई हैं, लकिन लौटन से पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा नोट लिखा है जो इस बात की तरफ इशारा कर रहा है कि शायद अब वो मुंबई नहीं लौटेंगी।
फ्लाइट में चढ़ने से पहले संजना ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक फोटो शेयर की जिसमें वो मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर नज़र आ रही हैं। नोट शेयर करते हुए संजना ने लिखा, ‘ख़ुदा हाफिज़ मुंबई। 4 महीने बाद आपके दर्शन हुए। मैं चली दिल्ली वापस। आपकी सड़कें कुछ अलग सी लगीं, सुनसान थीं, शायद मेरे दिल में जो दुख है, मेरे नजरिए को बदल रहे हैं। या शायद फिलहाल आप भी थोड़े दुख में हैं। मिलते हैं? जल्दी या शायद नहीं।'
आपको बता दें कि सुशांत सिंह सुसाइड मामले में पुलिस संजना समेत करीब 28 लोगों का बयान दर्ज करवा चुकी है जिसमें उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और सुशांत के दोस्त संदीप सिंह भी शामिल हैं। संजना के बाद पुलिस ने शेखर कपूर को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। बुधवार को संजना का वीडियो सामने आया था जिसमें वो अपनी कार से उतरकर पुलिस स्टेशन जाती नज़र आ रही थीं।
आपको बता दें की सुशांत सिंह राजपूत और संजना की फिल्म 'दिल बेचारा' डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर 24 जुलाई को रिलीज़ की जाएगी। हालांकि सुशांत के फैंस चाहते थे कि दिल बेचारा को थिएटर में ही रिलीज़ किया जाए ताकी वो उन्हें खड़े होकर सम्मान दे सकें। लेकिन देश में चल रहे लॉकडाउन के चलते फिलहाल थिएटर बंद हैं ऐसे में मेकर्स ने फिल्म को डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर ही रिलीज़ करने का फैसला किया। दिल बेचारा को मुकेश छाबड़ा ने डायरेक्ट किया है, जो इंडस्ट्री के जाने-माने कास्टिंग डायरेक्टर हैं। मुकेश इस फ़िल्म से बतौर निर्देशक अपनी पारी शुरू कर रहे हैं।