विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Reshma Pathan: रेखा और हेमा की जांबाज स्टंट वुमन, जिन्होंने प्रेग्नेंसी में किया था सीढ़ियों से गिरने वाला सीन

By Karishma LalwaniEdited By:
Published: Wed, 14 Sep 2022 05:40 PM (IST)Updated: Wed, 14 Sep 2022 07:29 PM (IST)

Bollywood First Stunt Woman किसी भी फिल्म में स्टंट करने के लिए स्टंटमैन होते हैं। वह कुछ जानलेवा स्टंट करके ...और पढ़ें

File Photo of Reshma Pathan Bollywood First Stunt Woman
File Photo of Reshma Pathan Bollywood First Stunt Woman

नई दिल्ली, जेएनएन। First Stunt Woman of Bollywood Reshma Pathan: बॉलीवुड में कई ऐसी फिल्में बनती हैं, जिनमें एक एक्टर को खतरनाक स्टंट करते देखा जाता है। कभी बिल्डिंग से कूदना तो कभी ऊंची छलांग लगाना, आदि कुछ ऐसे दृश्य हैं, जो कि अक्सर एक्टर्स को निभाते देखा जाता है। इन एक्शन सीन के चलते फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाती हैं। हम सभी यह बात जानते हैं कि अधिकतर फिल्मों में अभिनेता या अभिनेत्री खतरनाक सीन खुद नहीं करते बल्कि, उनके बॉडी डबल होते हैं, जो असल में उस सीन को निभा रहे होते हैं। एक किरदार और उस फिल्म को भव्य बनाने के लिए स्टंटमैन अपनी जान तक दांव पर लगा देते हैं।

हम आपको बॉलीवुड की पहली स्टंटवुमन के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके बारे में लोग कम ही जानते हैं। यह वह स्टंट वुमन है, जिसने बड़ी से बड़ी अभिनेत्रियों के लिए खतरा मोला है। इनका नाम है रेशमा पठान। जागरण डॉट कॉम से स्पेशल बातचीत में उन्होंने अपने करियर और हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के कुथ किस्से शेयर किए।

अभिनेत्रियों के लिए खेल गईं खतरों से

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में 50 साल से ज्यादा का सफर पूरा कर चुकीं रेशमा पठान ने 'शोले' 'अकेला' सहित कई फिल्मों में बॉडी डबल बनकर स्टंट किए हैं। लेकिन इनके स्टंट साधारण नहीं होते थे। आपको 1975 में आई फिल्म शोले तो याद होगी। फिल्म का एक सीन है, जब बसंती डाकुओं से बचने के लिए तांगे पर चढ़ जाती है।

बड़े पर्दे पर हेमा मालिनी ने यह एक्ट किया था। मगर असल में यह सीन रेशमा पठान ने उनकी बॉडी डबल बनकर फिल्माया था। इस दौरान उनके साथ हादसा भी हुआ था, जिसमें वह बाल-बाल बच गई थीं।

प्रेग्नेंसी में किए खतरनाक स्टंट

रेशमा को अपने काम से इस कदर प्यार था कि, गर्भवती होने के बावजूद वह आराम के बारे में नहीं सोचती थीं। सुनकर यह फिल्मी लगता है, लेकिन यह सच है। वह कभी सीढ़ियों से गिर जातीं, तो कभी दूसरी मंजिल से छलांग लगातीं। वह भी तब जब वह गर्भवती थीं। रेशमा ने ताउम्र अपने आप को काम के प्रति इसी तरह समर्पित किया है। कोई भी स्टंट सीन क्यों न हो, उम्र और स्वास्थ्य का लिहाज किए बिना उन्होंने हर एक सीन को बखूबी निभाया है। कह सकते हैं कि वह कई अभिनेत्रियों के पीछे तारीफों का मुख्य कारण हैं।

महावारी में भी जारी रखा काम

रेशमा ने कई स्टंट सीन महावारी में भी किए थे। वह अपने काम में इतनी मग्न थीं कि उन्हें पता ही नहीं चला कि कब उनके पीरियड अनियमित हुए और कब वह गर्भवती हुईं। बतौर रेशमा, उन्हें एक फिल्म के लिए सीढ़ियों से गिरने का सीन करना था। उन्होंने यह सीन किया। तब उन्हें इस बात का एहसास ही नहीं हुआ कि वह तीन महीने की प्रेग्नेंट हैं। जब वह पांच महीने की गर्भवती थीं, तब अमृति सिंह के लिए सीआईडी में काम किया। इस बार वह दूसरी मंजिल से कूद गईं। इसी अवस्था में उन्होंने पानी में छुपने का भी सीन किया।

हेमा, रेखा की लाडली

रेशमा को हेमा मालिनी बहुत पसंद करती थीं। मिनाक्षी शेषाद्री, रेखा और अमिताभ बच्चन जैसे कलाकारों ने भी उन्हें खूब सम्मान दिया। शोले फिल्म के सुपरहिट होने के बाद पर्दे के पीछे रेशमा अपने काम को लेकर निर्माताओं और निर्देशकों के बीच काफी मशहूर हो गईं। उन्हें और ज्यादा काम मिलने लगा और उन्हें 'शोले गर्ल' के नाम से भी जाना जाने लगा। इसके बाद रेशमा ने हिंदी सिनेमा की अन्य बेहतरीन अभिनेत्रियों श्रीदेवी, डिंपल कपाड़िया, जीनत अमान, परवीन बाबी,आदि के लिए भी काम किया। उन्होंने अब तक 500 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।

'द शोले गर्ल' के नाम से बनी फिल्म

'तूफान' रेशमा पठान के करियर की आखिरी फिल्म रही। इसमें उन्होंने सीढ़ियों से गिरने का रोल किया। अफसोस कि फिल्म की लेंथ कम होने पर इस सीन को एडिटिंग से हटा दिया गया। आज भी किसी स्टंट मैन या वुमन के नाम पर फिल्म नहीं बनी, लेकिन रेशमा के जीवन पर 'द शोले गर्ल' फिल्म बनी है।

इस फिल्म में स्टंटवुमन के जीवन की यात्रा को दिखाया गया है। अभिनेत्री बिदिता बाग ने रेशमा पठान की भूमिका निभाते हुए उनके प्रोफेशनल जीवन की एक छोटी सी झलक दिखाई है।

एक्स्ट्राऑर्डिनरी अचिवमेंट अवॉर्ड

रेशमा पठान ने लंबे समय तक फिल्मी करियर में सेवाएं दी हैं। उन्हें 2019 में एक्स्ट्राऑर्डिनरी अचिवमेंट अवॉर्ड से नवाजा गया था। खास बात यह है कि यह पुरस्कार उन्हें जावेद अख्तर और रमेश सिप्पी ने दिया था।

जावेद अख्तर ने ही शोले के लिए डायलॉग लिखे थे। 

यह भी पढ़ें: Hindi Diwas 2022: फर्राटेदार इंग्लिश बोलने वाले ये सितारे हैं हिंदी मीडियम से पढ़े, टैलेंट के दम पर बनाई पहचान