अनुष्का शर्मा से लेकर आलिया भट्ट तक, इन 5 अभिनेत्रियों पर है श्रीदेवी की छाप
श्रीदेवी ने अपनी अदाकारी से अभिनेत्रियों की कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। इसीलिए श्रीदेवी को रिक्रिएट करने में आज की अभिनेत्रियां भी ख़ुद को सम्मानित महसूस करती हैं।
मुंबई। अगर श्रीदेवी जीवित होतीं तो आज 13 अगस्त को अपना 55वां जन्म दिन मना रही होतीं। इसी साल 24 फरवरी को वो अचानक ही इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह गयीं। श्रीदेवी के इस तरह जाने से फ़ैंस और इंडस्ट्री वाले स्तब्ध रह गये थे। निधन के बाद श्रीदेवी की यह पहली बर्थ एनिवर्सरी है।
श्रीदेवी ने अपनी अदाकारी से अभिनेत्रियों की कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। उनकी निभाए किरदार और गाने आज भी वही कशिश रखते हैं, जो असर उन्होंने उस दौर में पैदा किया था। इसीलिए जब भी मौक़ा मिला, 'श्रीदेवी' को रिक्रिएट करने में आज की अभिनेत्रियां भी ख़ुद को सम्मानित महसूस करती हैं।
तमन्ना
साजिद ख़ान ने जब श्रीदेवी की ब्लॉकबस्टर 'हिम्मतवाला' को रीमेक किया तो तमन्ना भाटिया को श्रीदेवी बनने का मौक़ा मिला। फ़िल्म के कल्ट सांग 'नैनों में सपना...' पर तमन्ना ने डांस किया। बिल्कुल श्रीदेवी के लुक और गेटअप में। 'हिम्मतवाला' सिनेमाई गुणवत्ता के पैमाने पर भले ही आलोचनाओं का शिकार हुई हो, मगर तमन्ना के लिए जीवन भर की याद बन गयी।
विद्या बालन
विद्या बालन की फ़िल्म 'तुम्हारी सुलु' पिछले साल रिलीज़ हुई थी। एक साधारण गृहिणी के सपनों को दर्शाती इस फ़िल्म के लिए विद्या की प्रेरणा श्रीदेवी बनीं, जिसका ज़िक्र उन्होंने प्रमोशंस के दौरान किया भी। 'तुम्हारी सुलु' में श्रीदेवी को ट्रिब्यूट देते हुए 'मिस्टर इंडिया' के गाने हवा-हवाई को रिक्रिएट किया गया। यह गाना काफ़ी मशहूर हुआ और फ़िल्म के प्रमोशंस में इसका जमकर इस्तेमाल किया गया था।
अनुष्का शर्मा
'सुई धागा' में फ़ीमेल लीड रोल निभा रहीं अनुष्का शर्मा का श्रीदेवी से जुड़ाव 'चांदनी' के ज़रिए हुआ। करण जौहर निर्देशित 'ऐ दिल है मुश्किल' में एक दृश्य आता है, जिसमें रणबीर कपूर के साथ अनुष्का 'चांदनी' के गाने 'तेरे-मेरे होठों पर मीठे-मीठे गीत मितवा' को पीली साड़ी पहनकर रिक्रिएट करती हैं। संयोग ही है कि ये गाना श्रीदेवी और रणबीर के पिता ऋषि कपूर पर फ़िल्माया गया था।
सोनाक्षी सिन्हा
सोनाक्षी सिन्हा के पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने 'शेरनी' में श्रीदेवी के साथ काम किया है, मगर सोना को श्रीदेवी से जुड़ने का मौक़ा 'फोर्स2' के ज़रिए मिला। इस फ़िल्म का गीत ओ जानिया श्रीदेवी की फ़िल्म 'मिस्टर इंडिया' के गाने 'काटे नहीं कटते दिन ये रात...' का आधुनिक वर्ज़न था। सोनाक्षी अब 'हैप्पी फिर भाग जाएगी' में नज़र आने वाली हैं।
आलिया भट्ट
श्रीदेवी को अपना आइकॉन मानने वाली आलिया भट्ट के करियर में भी श्रीदेवी का स्पर्श मिलता है। गौरी शिंदे निर्देशित 'डियर ज़िंदगी' में श्रीदेवी की कल्ट क्लासिक 'सदमा' के गाने 'ऐ ज़िंदगी गले लगा ले' को नए रूप और कलेवर में पेश किया गया था। 'डियर ज़िंदगी' में इस गाने को अरिजीत सिंह ने आवाज़ दी थी, जबकि प्रमोशनल सांग को आलिया ने आवाज़ दी और परफॉर्म किया था। आलिया अब 'गली बॉय' और 'ब्रह्मास्त्र' में दिखायी देंगी।