Pad Man Impact: युवतियों को सेनिटरी पैड बांटकर उन्हें जागरूक कर रही हैं सोनम कपूर, देखें तस्वीरें
सोनम कपूर कह चुकी हैं कि जब उन्हें पहली बार पीरियड हुआ तो वो बहुत खुश थीं क्योंकि उन्हें इसका इंतज़ार था।
मुंबई। महिलाओं के मासिक धर्म (पीरियड) पर आम तौर पर कम बात की जाती है। महिलाओं और लड़कियों की स्वास्थ्य सुरक्षा और हाइजिन के मद्देनज़र यह ज़रूरी है कि लड़कियों को समय पर पीरियड के बारे में जानकारी दी जाए। बहरहाल, आर बाल्की के निर्देशन में बनी फ़िल्म ‘पैड मैन’ इसी विषय पर आधारित है। इस फ़िल्म में अक्षय कुमार के साथ राधिका आप्टे और सोनम कपूर मुख्य भूमिका में हैं।
रविवार को सोनम कपूर डायरेक्टर आर बाल्की के साथ एक संस्था से जुड़ी कुछ युवतियों के बीच वक़्त गुजारती नज़र आयीं। वहां उन्होंने लड़कियों के बीच सेनिटरी पैड वितरित किये और उन्हें पीरियड के बारे में जागरूक किया और बताया कि यह एक नेचुरल प्रक्रिया है और हमें इस दौरान कैसे अपना ख्याल रखना है। इस मौके पर संस्था की लड़कियों ने पारंपरिक अंदाज़ में टीका लगाकर सोनम का स्वागत किया।
यह भी पढ़ें: 'पैड मैन' की साइकिल होगी नीलाम, कमाई से होगा महिलाओं की भलाई का ये काम
गौरतलब है कि फ़िल्म ‘पैड मैन’ सेनेटरी नैपकिंस के क्षेत्र में क्रांतिकारी आविष्कार करने वाले उस अरुणाचलम मुरुगनाथम की ज़िंदगी से जुड़ी है, जिन्होंने हाइजनिक और सस्ते नैपकिन बनाने वाली मशीन बनाई, जिससे उनके बनाये गए पैड्स कमर्शियल पैड्स के मुकाबले एक तिहाई कीमत पर बाज़ार में आये। यह फ़िल्म उन्हीं की बायोपिक है, जिसमें अक्षय कुमार मुरुगनाथम की भूमिका में हैं। इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं फ़िल्म को प्रमोट करने के लिए सोनम ने सेनिटरी नैपकिंस डिस्ट्रिब्युट करने का नायाब रास्ता अपनाया है।
बता दें कि मीडिया से बात करते सोनम कपूर कह चुकी हैं कि जब उन्हें पहली बार पीरियड हुआ तो वो बहुत खुश थीं क्योंकि उन्हें इसका इंतज़ार था। दरअसल, उनके सभी सहेलियों को पीरियड हो गया था और सोनम अक्सर अपनी मॉम से अपने पीरियड को लेकर सवाल करतीं कि उनका पीरियड कब होगा! सोनम ने खुलकर इस विषय पर अपनी बात रखी और अब युवतियों के बीच पहुंच कर उन्हें जागरूक कर रही हैं।
इन तस्वीरों में आप देख सकते हैं इन लड़कियों के बीच सोनम कपूर कितनी उत्साहित हैं। सोनम के साथ आर बाल्की भी मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: दुनिया को आशिकी सिखाने वाली अभिनेत्री अनु अग्रवाल को आज भूल गए सब, अब दिखती हैं ऐसी
बता दें कि ‘पैड मैन’ 25 जनवरी को रिलीज़ होने वाली थी। लेकिन, संजय लीला भंसाली की गुज़ारिश पर अक्षय कुमार ने अपनी फ़िल्म का रिलीज़ डेट बढ़ाकर 9 फरवरी कर दिया है। भंसाली की फ़िल्म ‘पद्मावत’ 25 जनवरी को रिलीज़ हो रही है।