Arijit Singh की मां का निधन, कोरोना वायरस के सामने हारी जिंदगी की जंग
कोरोना वायरस की महामारी में बहुत से लोगों ने अपनों को खो दिया है। इनमें देश की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हैं। बॉलीवुड के भी बहुत से सितारे हैं जो कोरोना वायरस में अपनी और अपनों की जान गवां चुके हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। कोरोना वायरस की महामारी में बहुत से लोगों ने अपनों को खो दिया है। इनमें देश की कई बड़ी हस्तियां भी शामिल हैं। बॉलीवुड के भी बहुत से सितारे हैं जो कोरोना वायरस में अपनी और अपनों की जान गवां चुके हैं। एक बार फिर से बॉलीवुड के गलियारे से बुरी खबर सामने आई हैं। मशहूर गायक अरिजीत सिंह की मां की निधन हो गया है। वह कोरोना वायरस से अपनी जिंदगी की जंग हार गईं।
अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया टुडे की खबर के अनुसार अरिजीत सिंह की मां ने गुरुवार (20 मई) की सुबह करीब 11 बजे आखिरी सांस ली। उनकी मां बीते दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई थीं। इसके बाद से उनका इलाज कोलकाता के AMRI ढाकुरिया अस्पताल में चल रहा था। गायक की मां की हालत अस्पातल में भर्ती होने के बाद से ही काफी नाजुक बनी हुई थी। उनके इलाज के लिए A- ब्लड ग्रुप डोनर्स की जरूरत भी थी।
यह भी स्पष्ट किया गया था कि ब्लड डोनर पुरुष ही होना चाहिए। इस बात की जानकारी 'दिल बेचारा' और 'पाताल लोक' में नजर आ चुकीं अभिनेत्री स्वास्तिका मुखर्जी ने सोशल मीडिया पर दी थी। अपनी मां को लेकर खुद अरिजीत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया था। उन्होंने मदद करने वाले लोगों को शुक्रिया करने के साथ-साथ एक खास मैसेज भी दिया था।
গায়ক অরিজিৎ সিংয়ের মা–র জন্য এ নেগেটিভ ডোনার চাই আগামীকাল ঢাকুরিয়া আমরিতে। উৎসাহী রক্তদাতারা যোগাযোগ করুন নিতাশার সঙ্গে 8017197476 নাম্বারে।।— Srijit Mukherji (@srijitspeaketh) May 5, 2021
अरिजीत सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट साझा किया था। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, 'यह उन लोगों से विनम्र निवेदन करता हूं जो इस समय मेरी मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। आपसे अनुरोध है कि कृपया चीजों को ज्यादा न करें सिर्फ इसलिए क्योंकि आपने अरिजीत सिंह नाम देख लिया। जब तक हम प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना नहीं सीखते, तब तक हम खुद को इस आपदा से नहीं निकल सकते हैं। मैं उन लोगों का शुक्रगुजार हूं जो मुझ तक पहुंचे और मदद की, लेकिन कृपया याद रखें कि हम सभी इंसान हैं और हर इंसान ही हमारी प्राथमिकता है'।
आपको बता दें कि एक्ट्रेस स्वास्तिका मुखर्जी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट के जरिए जानकारी दी थी कि अरिजीत की मां को ब्लड डोनर की जरूरत है। स्वास्तिका ने बीते गुरुवार सुबह ट्विटर पर पोस्ट करते हुए लिखा था, 'गायक अरिजीत सिंह की मां की तबीयत खराब है और उन्हें A- ब्लड की जरूरत है।' इस पोस्ट के साथ ही स्वास्तिका ने यह भी जानकारी दी थी कि अरिजीत की मां कोलकाता के AMRI, ढाकुरिया अस्पताल में भर्ती हैं।