नई दिल्ली, जेएनएन। शिल्पा शेट्टी पिछले कुछ महीनों से लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। वह सोशल मीडिया पर कई पोस्ट करती हैं। अपने बच्चों के साथ बिताए पलों की कुछ झलकियां शिल्पा अक्सर अपने फैंस के लिए सोशल मीडिया पर शेयर करती हैं। हाल ही में शिल्पा ने अपनी दो साल की बेटी समीशा का एक बहुत ही प्यारा वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लगातार समीशा अपने प्यारे अंदाज से लोगों का दिल जीतते हुए नजर आ रही हैं। सितारों से लेकर फैंस तक हर कोई उनकी जमकर तारीफ करता हुआ दिखाई दिया।
शिल्पा ने बेटी समीशा को सिखाया गायत्री मंत्र
इस वीडियो में समीशा और शिल्पा शेट्टी गार्डन में समय बिताते हुए नजर आए, जहां नन्हीं समीशा घायल पक्षी को देखकर अपनी प्यारी सी आवाज में अपनी मां शिल्पा शेट्टी को इशारा करते हुए बता रही हैं। इस वीडियो में शिल्पा समीशा को समझाती हुईं कह रही हैं कि हम पक्षी के लिए प्रार्थना करते हैं, ताकि वो जल्दी से जल्दी ठीक हो जाए। इसके बाद शिल्पा शेट्टी अपनी बेटी को गायत्री मन्त्र सिखाती हुईं भी नजर आईं। उनकी बेटी ने भी अपनी तोतली आवाज में बड़े ही प्यार से गायत्री मन्त्र का उच्चारण किया।
View this post on Instagram
शिल्पा ने बेटी के लिए कही ये बात
शिल्पा शेट्टी के इस वीडियो को अब तक 12 लाख से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो को अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए शिल्पा शेट्टी ने कैप्शन में लिखा, 'बच्चों का दिल निश्चित रूप से बहुत साफ होता है। समीशा जो अभी 2 साल की भी नहीं हैं उनके मन में दया, सहानुभूति और दूसरों के लिए सहजता की भावना देखकर बहुत खुशी हो रही है। वह समझती हैं कि कब किसे बिना शर्त के प्यार और प्रार्थना की जरुरत है। प्रार्थना और विश्वास की शक्ति दुनिया को खूबसूरत बनाती है। काश हम बड़े होने पर भी इन बातों का ध्यान रखें'।
सोशल मीडिया पर फैंस ने दिखाया प्यार
समीशा का ये वीडियो सिर्फ फैंस को ही नहीं बल्कि सितारों को भी काफी पसंद आ रहा है। एक्टर परितोष त्रिपाठी ने शिल्पा की वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, 'ये बहुत ही प्यारी है और ये आपकी परवरिश है। बिपाशा बासु ने भी समीशा के लिए दिल वाला इमोजी पोस्ट किया। इसके अलावा समीशा के इस वीडियो पर एक यूजर ने लिखा, 'बहुत ही प्यारी है, तो अन्य यूजर ने इस वीडियो को क्यूट बताया। सिर्फ शिल्पा ही नहीं बल्कि उनके बेटे वियान कुंद्रा भी अक्सर अपनी छोटी बहन के साथ मस्ती करते हुए और उन्हें चीजें सिखाते हुए नजर आते हैं।
a