आज़ादी के पर्व पर सलमान ख़ान ने 'भारत' में की ख़ून के रिश्तों की बात, देखें टीज़र
भारत 2014 में आयी साउथ कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फ़ादर का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म को अली अब्बास ज़फ़र डायरेक्ट कर रहे हैं।
मुंबई। सलमान ख़ान के लिए रिश्तों की क्या अहमियत है, यह बात सब जानते हैं। रिश्तों के लिए सलमान किसी भी हद से गुज़र जाते हैं। रियल लाइफ़ में उनका यही रूप 'भारत' में देखने को मिलेगा, जिसका अंदाज़ा 'भारत' के पहले टीज़र से हो जाता है, जो सलमान ने शेयर किया है।
भारत स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा हुआ है, तो इससे बेहतर मौक़ा क्या होगा, 'भारत' के बारे में बात करने का। इसीलिए सलमान ख़ान ने अपनी फ़िल्म 'भारत' का टीज़र 15 अगस्त पर रिलीज़ किया है। ट्विटर पर शेयर करते हुए सलमान ने लिखा है- ''कुछ रिश्ते ज़मीन से होते हैं और कुछ ख़ून से... मेरे पास दोनों थे।'' यही बात टीज़र में भी सलमान अपनी आवाज़ में दोहराते हैं।
Kuch Rishte Zameen se hote hai, Aur kuch Khoon se.. Mere Paas Dono Thee ! कुछ रिश्ते ज़मीन से होते है, और कुछ खून से.. मेरे पास दोनो थे !@Bharat_TheFilm @aliabbaszafar @atulreellife #KatrinaKaif #Tabu @DishPatani @WhoSunilGrover @norafatehi @nikhilnamit @reellifeprodn @tseries pic.twitter.com/myeyEpWdPx — Salman Khan (@BeingSalmanKhan) August 15, 2018
'भारत' को अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित कर रहे हैं। सलमान के साथ उनकी यह तीसरी फ़िल्म है। सुल्तान के बाद अली ने सलमान को टाइगर ज़िंदा है में डायरेक्ट किया था। ये दोनों फ़िल्मों सुपर हिट रही थीं। भारत में कटरीना कैफ़ फ़ीमेल लीड रोल में हैं। प्रियंका चोपड़ा के जाने के बाद कटरीना की एंट्री हुई है। दिशा पाटनी, तब्बू, जैकी श्रॉफ और सुनील ग्रोवर फ़िल्म में सहायक भूमिकाएं निभा रहे हैं।
जैसा कि टीज़र में सलमान ने कहा है कि ज़मीनी और ख़ून के रिश्तों की बात होगी। जैकी फ़िल्म में सलमान के पिता की भूमिका में दिखेंगे। जैकी का रोल ज़्यादा लंबा नहीं होगा, पर अहम होगा, जो सलमान के किरदार को एक नया आयाम देता है। जैकी इससे पहले सलमान के साथ वीर में काम कर चुके हैं। तब्बू सलमान की बहन का किरदार निभा रही हैं। वहीं दिशा पाटनी एक अहम भूमिका में हैं।
'भारत' 2014 में आयी साउथ कोरियन फ़िल्म 'ओडे टू माय फ़ादर' का आधिकारिक रीमेक है। फ़िल्म को अली अब्बास ज़फ़र डायरेक्ट कर रहे हैं। ओडे टू माय फ़ादर की कहानी 1950 से आज के दौर तक सफ़र करती और इस दौरान कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाओं को कॉमन मैन के नज़रिए से दिखाया गया है। 'भारत' के स्क्रीनप्ले में बदलाव करते हुए इसे हिंदुस्तानी नज़रिए से दिखाया जाएगा। नोरा फ़तेही फ़िल्म में मेहमान भूमिका में हैं।
'भारत' की कहानी 1947 से शुरू होकर 2000 में ख़त्म होगी। फ़िल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और अगले साल ईद पर रिलीज़ होगी।