Salman Khan की Inshallah अकेली नहीं है, एलान से आगे नहीं बढ़ सकीं ये बड़ी फ़िल्में भी...
Shelved Films of Mega Stars राजकुमार संतोषी ने Power बनाने के एलान किया था जिसमें अमिताभ बच्चन अनिल कपूर और अजय देवगन जैसे मेगा स्टार्स मुख्य भूमिकाएं निभाने वाले थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। संजय लीला भंसाली (Sanjay Leela Bhansali) के निर्देशन में बन रही सलमान ख़ान (Salman Khan) की फ़िल्म इंशाअल्लाह (Inshallah) फिलहाल के लिए डिब्बा बंद हो गयी है। कहा जा रहा है कि क्रिएटिव डिफरेंसेज की वजह से सलमान इस फ़िल्म से अलग हो गये हैं। सलमान ने इसका एलान सोशल मीडिया के ज़रिए किया था।
ट्वीट करके सलमान ने जानकारी दी कि इंशाअल्लाह अगले साल ईद पर नहीं आएगी, मगर वो ईद को खाली नहीं जाने देंगे और उनकी कोई दूसरी फ़िल्म ईद पर आएगी।
The film with Sanjay Leela Bhansali is pushed but I will still see you all on Eid, 2020. Insha-Allah!!— Salman Khan (@BeingSalmanKhan) August 25, 2019
इंशाअल्लाह का भविष्य क्या होगा, यह तो आगे चलकर पता चलेगा, लेकिन बॉलीवुड में अक्सर ऐसा होता रहा है कि फ़िल्में घोषणा से आगे नहीं बढ़ सकी और किसी ना किसी वजह से ठंडे बस्ते में चली गयीं। कुछ साल पहले निर्देशक राजकुमार संतोषी ने मल्टीस्टारर फ़िल्म पॉवर बनाने के एलान किया था, जिसमें अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर और अजय देवगन जैसे मेगा स्टार्स मुख्य भूमिकाएं निभाने वाले थे। इसकी घोषणा के लिए मुंबई में बाकायदा एक इवेंट आयोजित किया गया। मगर फ़िल्म इससे आगे नहीं पढ़ सकी। बाद में संतोषी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि 10 दिन की शूटिंग के बाद उन्हें फ़िल्म बंद करनी पड़ी। हालांकि इसके पीछे वजह का सही-सही खुलासा नहीं किया।
सुशांत सिंह राजपूत के साथ चंदा मामा दूर के फ़िल्म का एलान किया गया था। सुशांत सिंह इसमें एस्ट्रॉनॉट की भूमिका निभाने वाले थे, मगर फ़िल्म एलान से आगे नहीं बढ़ सकी। इस फ़िल्म के लिए सुशांत की तैयारियों की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया में आयी थीं।
भारत के पहले अंतरिक्षयात्री राकेश शर्मा की बायोपिक भी रुकी हुई है। इस फ़िल्म में सबसे पहले लीड रोल के लिए आमिर ख़ान का नाम सामने आया था। फिर शाह रुख़ ख़ान और फिर सुशांत सिंह राजपूत के नामों की चर्चा रही, मगर फ़िल्म का अब कोई अता-पता नहीं है।
इनके अलावा कई फ़िल्मों के सीक्वल्स का एलान तो काफ़ी अर्सा पहले किया जा चुका है, मगर अभी तक इन फ़िल्मों को लेकर बात आगे नहीं बढ़ी है। इनमें आंखें 2, नो एंट्री 2, मुन्नाभाई चले अमेरिका, हेराफेरी 3 जैसे सीक्वल्स शामिल हैं।