Box Office:टाइगर... का नया कीर्तिमान, दुनिया के इस कोने में भी सलमान बने सुल्तान
सलमान ने बाजीराव मस्तानी और बैंग बैंग को इस सेगमेंट में मात दी है। दंगल, पीके और धूम 3 पहले तीन स्थानों पर हैं।
मुंबई। सलमान खान ने बड़े परदे पर मारधाड़ की अपनी पुरानी पहचान के साथ पूरी दुनिया में धूम मचा रखी है और अब उनकी फिल्म टाइगर ज़िंदा है ने फिजी के बॉक्स ऑफ़िस पर भी सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनने का गौरव हासिल कर लिया है।
अली अब्बास ज़फर निर्देशित टाइगर ज़िंदा है ने 300 करोड़ क्लब की तरफ़ तेज़ी से कदम बढ़ाते हुए घरेलू बॉक्स ऑफ़िस पर अपने रिलीज़ के 13वें दिन पांच करोड़ 84 लाख रूपये का कलेक्शन किया है। फिल्म का नेट इंडिया कलेक्शन अब 286 करोड़ 46 लाख रूपये हो गया है और आने वाले वीकेंड में 300 करोड़ का आंकड़ा पार करना तय है। फिल्म के बुधवार को आये कलेक्शन में एक बड़ी बात ये भी रही कि भीमा-कोरेगांव में हिंसा के बाद महाराष्ट्र में उपजे हालत को देखते हुए भी लोग टाइगर ज़िंदा है देखने गए। हालांकि ये कलेक्शन पूरे देश का है लेकिन इसमें महाराष्ट्र और खासकर मुंबई का भी बड़ा हिस्सा है। पर बात देश नहीं परदेस की भी हो तो भी टाइगर ज़िंदा है की धूम जारी है। ये फिल्म फिजी बॉक्स ऑफ़िस पर सबसे अधिक कमाई (टॉप ग्रॉसर) करने वाली फिल्म बन गई है। टाइगर का कलेक्शन फिजी में अब तक तीन लाख 92 हजार डॉलर हो चुका है। इससे पहले दंगल ने वहां तीन लाख 43 हजार डॉलर, गोलमाल अगेन ने तीन लाख 39 हजार डॉलर, प्रेम रतन धन पायो ने तीन लाख 21 हजार डॉलर और दिलवाले ने तीन लाख आठ हजार डॉलर का कलेक्शन किया है।
सलमान खान की टाइगर ज़िंदा है अब बॉलीवुड के बॉक्स ऑफ़िस पर पांचवी हाईएस्ट ग्रॉसर(बाहुबली2 को छोड़कर) फिल्म हो गई है।दंगल 387.38 करोड़ रूपये के साथ पहले स्थान पर है। पीके (340.80 करोड़) दूसरे, बजरंगी भाईजान (321 करोड़) तीसरे और सुल्तान (301.50 करोड़) चौथे स्थान पर है।
यह भी पढ़ें:Box Office:300 करोड़ से अब बस इतनी दूर 'टाइगर ज़िंदा है'
इतना ही नहीं, ओवरसीज़ में करीब 1100 स्क्रीन्स में रिलीज़ हुई टाइगर ज़िंदा है ने अब तक 97 करोड़ रूपये की कमाई कर ली है और ये फिल्म 11वीं आल टाइम ग्रॉसर हो गई है। सलमान ने बाजीराव मस्तानी और बैंग बैंग को इस सेगमेंट में मात दी है। दंगल, पीके और धूम 3 पहले तीन स्थानों पर हैं।