सोनम-आनंद की शादी के सबसे जानदार Video, शाह रुख़-सलमान-अक्षय के धमाकेदार डांस
इस वीडियो में आप सलमान और शाह रुख़ को करण-अर्जुन फ़िल्म का एक गाना, सोनम की मॉम सुनीता के सामने गाते हुए देख सकते हैं।
मुंबई। 8 मई को बी-टाउन में सोनम कपूर और आनंद आहूजा की शादी की धूम रही। दोपहर को सिख रीति-रिवाज़ से शादी संपन्न हुई और शाम को रिसेप्शन हुआ और इस रिसेप्शन में बॉलीवुड के तमाम सेलेब्रिटीज़ ने शिरकत की। शादी की तस्वीरें और वीडियो दिन भर सोशल मीडिया में वायरल होते रहे, मगर सब पर भारी रहा ये वीडियो, जिसमें बॉलीवुड के दोनों ख़ान सलमान और शाह रुख़ डांस फ्लोर को अपनी मस्ती से झनझना रहे है।
सलमान और शाह रुख़ के रिसेप्शन पार्टी में एक साथ डांस करने की ख़बर तो हमने आपको पहले ही दे दी थी। उसी ख़बर को आगे बढ़ाते हुए अब पेश है, इन दोनों के शादी में डांस करने की ये चलती-फिरती तस्वीरें। इस वीडियो को सलमान ख़ान के एक फैन क्लब ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। इस वीडियो में आप सलमान और शाह रुख़ को करण-अर्जुन फ़िल्म का एक गाना, सोनम की मॉम सुनीता के सामने गाते हुए देख सकते हैं। दोनों ख़ानों का ये अंदाज़ फै़ंस के लिए सोनम की शादी के रिटर्न गिफ्ट से कम नहीं है।
इस वीडियो के अंत में सोनम, अनिल कपूर और रणवीर सिंह भी दिखते हैं। सेलेब्रिटीज़ के अस्त-व्यस्त कपड़े गवाह हैं कि डांसिंग फ्लोर उन्होंने कितनी मस्ती की है। बताते चलें कि सोनम ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत सलमान ख़ान के साथ सांवरिया से की थी, वहीं प्रेम रतन धन पायो में वो सलमान की हीरोइन बनकर पर्दे पर आ चुकी हैं। अनिल, सलमान के साथ रेस3 में नज़र आएंगे।
द वेडिंग ब्रिगेड के इंस्टाग्राम एकाउंट पर एक और वीडियो अपलोड किया गया है, जिसमें सोनम के कज़िन रणवीर सिंह, शाह रुख़ ख़ान और अनिल कपूर कोई मिल गया गाने पर थिरक रहे हैं। इस गाने को मिका सिंह गा रहे हैं। शादी के ऐसे ही मज़ेदार लम्हों की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में घूम रहे हैं। आप इन वीडियोज़ में सेलेब्रिटीज़ की अनदेखी हरकतों का लुत्फ़ उठाइए और सोनम-आनंद के इस जश्ने-ख़ुशी में अपने मोबाइल फोन के ज़रिए शरीक होइए।
मुंबई के शानदार होटल में हुए रिसेप्शन में बॉलीवुड अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल के साथ शामिल हुए तो अभिषेक बेगम ऐश्वर्या राय के साथ पहुंचे। शादी में अभिषेक पापा अमिताभ बच्चन और बहन श्वेता नंदा के साथ शरीक हुए थे। काजोल अकेले ही रिसेप्शन पार्टी में शामिल हुईं। अलबत्ता उन्हें कंपनी देने के लिए सेलेब्रिटी डिज़ाइनर मनीष मल्होत्रा मौजूद रहे।
रिसेप्शन में बॉलीवुड की यंग ब्रिगेड ने भी सोनम और आनंद को बधाई दी। आप देख सकते हैं कि सिद्धार्थ मल्होत्रा, हर्षर्धन कपूर, सिद्धांत कपूर और आदित्य रॉय कपूर पोज़ देते दिख रहे हैं। वहीं दूसरी तस्वीर में अर्जुन कपूर, सैफ़ अली ख़ान, आलिया भट्ट और रिया कपूर हैं। इस तस्वीर के साथ अर्जुन ने लिखा है कि आख़िरकार उन्हें नवाब और बेगम के साथ एक ही फ्रेम में आने का मौक़ा मिल गया। करण जौहर और गौरी ख़ान भी इस तस्वीर में देखी जा सकती हैं। अर्जुन और रणवीर सिंह की अनिल कपूर के साथ तस्वीर रिश्तों की गर्माहट और मौक़े की मदहोशी की गवाह है।
अब अक्षय कुमार का वीडियो भी आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि अनिल, अक्षय का हाथ पकड़कर उन्हें डांस फ्लोर तक लाते हैं और फिर दोनों थिरकते हैं। अक्षय ने अनिल के साथ वेल्कम में काम किया है।