OMG! इस खिलजी को देखकर रणवीर सिंह को भूल जाएंगे, असली से कम नहीं नकली
रवि का ये अंदाज़ सोशल मीडिया में ख़ूब वायरल हो रहा है और रवि को इसके लिए तारीफ़ों से लबरेज़ कमेंट मिल रहे हैंं।
मुंबई। टीवी एक्टर रवि दुबे बेहतरीन कलाकार हैं। इस बार रवि ने ऐसा कारनामा किया है, जिसे देखकर रणवीर सिंह को तगड़ा झटका लग सकता है। एक गेम शो के लिए रवि ने अलाउद्दीन खिलजी का रूप इतनी सफ़ाई से धारण किया है कि फर्क करना मुश्किल हो गया।
संजय लीला भंसाली की फ़िल्म 'पद्मावत' में रणवीर सिंह का खिलजी अवतार एक मिसाल बन गया है। इस किरदार में रणवीर के ज़बर्दस्त अभिनय ने मानो जान फूंक दी थी। पद्मावत के पोस्टर से लेकर फ़िल्म की रिलीज़ तक, हर ज़ुबान पर रणवीर का नाम ही था। फ़िल्म देखने के बाद भी लोगों ने रणवीर की तारीफ़ों के पुल बांधे।
इस किरदार के लिए रणवीर ने जो क्रेज़ीनेस दिखायी, वो बेमिसाल है। अब रवि दुबे ने रणवीर के इस किरदार में घुसने की कोशिश की है। हालांकि एक चैनल पर आने वाले गेम शो में दिखाये जाने वाले एक्ट के लिए ही है, मगर रवि के लुक, गेटअप और एक्टिंग ने इसे अलग ही मुकाम पर पहुंचा दिया है। नीचे की तस्वीर में आप रवि को खिलजी के रणवीर स्टाइल को दोहराते हुए देख सकते हैं।
गेम का नाम है 'सबसे स्मार्ट कौन', जिसे रवि होस्ट कर रहे हैं। इस शो के प्रोमो को रवि में पद्मावत के एक सीन की कॉपी की गयी है। अलाउद्दीन खिलजी बने रवि अपने शाही कमरेनुमा तंबू में बैठे हैं और सिपाही एक सूट-बूट पहने शख़्स को पकड़कर लाते हैं। रवि पद्मावत के खिलजी के अंदाज़ में उससे पूछते हैं कि किस चिड़िया के सिर पर पैर होते हैं। वो शख़्स सही जवाब नहीं दे पाता और रवि उसे दंडित करने के लिए सैनिकों के सुपुर्द कर देते हैं। उसके पीछे-पीछे कार का ड्राइवर आता है। रवि उससे भी यही सवाल दोहराते हैं, तो ड्राइवर डरते-डरते कहता है- हर चिड़िया के सिर, पर, पैर होते हैं। इसके बाद खिलजी बने रवि रणवीर के स्टाइल में ताली बजाते हुए हंसते हैं।
रवि का ये अंदाज़ सोशल मीडिया में ख़ूब वायरल हो रहा है और रवि को इसके लिए तारीफ़ों से लबरेज़ कमेंट मिल रहे हैंं। वैसे रवि जल्द बड़े पर्दे पर नज़र आने वाले हैं। '3 देव' से वो सिनेमा की दुनिया में अपनी पारी शुरू कर रहे हैं। इस फ़िल्म में वो करण सिंह ग्रोवर, कुणाल रॉय कपूर और केके मेनन के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने वाले हैं।
आपको याद होगा कि रणवीर सिंह की फ़िल्म 'बाजीराव मस्तानी' में मस्तानी के किरदार को दीपिका पादुकोण ने ख़ूब लोकप्रिय बना दिया था। तब सुनील ग्रोवर ने कपिल शर्मा के शो में मस्तानी के रूप को धारण करके ख़ूब तारीफ़ें बटोरी थीं। उस वक़्त सुनील गुत्थी बनकर शो में आते थे।