रणवीर-दीपिका को 2018 की सौगात, जनवरी में 'पद्मावत' तो दिसंबर में बैंड बाजा बारात!
दीपिका की बहन अनीषा और मॉम उजाला ने ज्वैलरी और कपड़ों की शॉपिंग शुरू कर दी है। हाल ही में दीपिका शॉपिंग के लिए लंदन भी गयीं।
मुंबई। साल 2018 रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण के लिए यादगार रहने वाला है। जनवरी महीने ने दोनों को पद्मावत की सौगात दी, तो दिसंबर शादी का तोहफ़ा दे सकता है। रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की शादी को लेकर एक बार फिर ख़बरों का बाज़ार गर्म है। कहा जा रहा है कि शादी की तारीख़ लगभग पक्की हो गयी है, बस रणवीर और दीपिका की मुहर का इंतज़ार किया जा रहा है।
मुंबई के एक टैब्लॉयड ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि दोनों के परिवार वालों ने सितंबर से दिसंबर तक 4 तारीख़ें चुनी हैं। इन्हीं में से रणवीर और दीपिका को एक तारीख़ चुनकर बतानी है। दोनों परिवारों ने शादी की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दीपिका की बहन अनीषा और मॉम उजाला ने ज्वैलरी और कपड़ों की शॉपिंग शुरू कर दी है। हाल ही में दीपिका शॉपिंग के लिए लंदन भी गयीं। हालांकि शादी का जोड़ा किस ड्रैस डिज़ाइनर से बनवाया जाएगा, ये अभी तक तय नहीं हुआ है। आम तौर पर जैसा कि आज कल रिवाज़ बन गया है, शादी को क्लोज़-निट अफ़ेयर रखा जाता है, जिसमें सिर्फ़ परिवार वाले, रिश्तेदार और क़रीबी दोस्त शामिल किये जाते हैं और बाद में ग्रैंड रिसेप्शन देकर सबको बुलाया जाता है, रणवीर-दीपिका के परिवार वाले भी इसी परंपरा को निभाने वाले हैं। कहा जा रहा है कि शादी मुंबई में ही एक पांच सितारा होटल में होगी। दोनों परिवार वेन्यू की तलाश में हैं।
रणवीर और दीपिका की शादी की ख़बरों ने जनवरी में ज़ोर पकड़ा था, जब दोनों के पैरेंट्स मुंबई में एक-दूसरे से मिले। रणवीर और दीपिका को ज्वैलरी और कपड़े उपहार में दिये गये, जिसमें दीपिका के लिए सब्यसाची की एक साड़ी भी शामिल थी। रणवीर और दीपिका पांच साल से डेट कर रहे हैं और एक-दूसरे के साथ अक्सर नज़र आते रहे हैं। इस साल भी पद्मावत की स्क्रीनिंग में दोनों को हाथों में हाथ डालकर निकलत हुए देखा गया था।
रणवीर और दीपिका ने एक साथ तीन फ़िल्में की हैं। पहली बार दोनों की पर्दे पर जोड़ी संजय लीला भंसाली की फ़िल्म गोलियों की रासलीला राम लीला में बनी। इसके बाद संजय ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट बाजीराव मस्तानी में रणवीर और दीपिका को रिपीट किया। फिर पद्मावत में रणवीर अलाउद्दीन खिलजी बने, जबकि दीपिका ने रानी पद्मावती का रोल निभाया। हालांकि इस फ़िल्म में दोनों ने स्क्रीन स्पेस शेयर नहीं किया।