Ranbir Kapoor के शमशेरा लुक पर फ़िदा हुईं गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट, फ़र्स्ट लुक फोटो पर कुछ यूं लुटाया प्यार
Alia Bhatt On Ranbir Kapoor Shamshera Look आलिया भट्ट ने रणबीर के जन्मदिन पर उनके साथ एक तस्वीर शेयर बर्थडे विश किया था और उन्हें अपनी ज़िंदगी बताया था। आलिया रणबीर के साथ ब्रह्मास्त्र में नज़र आएंगी। दोनों की साथ में यह पहली फ़िल्म होगी।
नई दिल्ली, जेएनएन। 28 सितम्बर को रणबीर कपूर के जन्मदिन पर उनके फैंस को एक तगड़ा सरप्राइज़ मिला था, जब यशराज फ़िल्म्स ने रणबीर की अपकमिंग फ़िल्म शमशेरा की रिलीज़ डेट के साथ उनका फ़र्स्ट लुक भी जारी किया था। रणबीर की पर्दे पर वापसी का इंतज़ार कर रहे फैंस के लिए यह किसी तोहफ़े से कम नहीं था और अब उनकी गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट ने रणबीर के शमशेरा लुक पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
रणबीर के साथ बर्थडे सेलिब्रेट करने जोधपुर गयीं आलिया भट्ट ने इंस्टाग्राम के ज़रिए अपनी प्रतिक्रिया दी। आलिया ने रणबीर के शमशेरा लुक को इंस्टा स्टोरी में पोस्ट करके उस पर आंखों में हार्ट वाली चार इमोटिकॉन बनाकर अपनी पसंद ज़ाहिर की है। बता दें, शमशेरा 18 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। हालांकि, रणबीर के किरदार की अभी पूरी झलक दिखना बाकी है।
शमशेरा में रणबीर कपूर, संजय दत्त और वाणी कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। शमशेरा को करण मल्होत्रा ने निर्देशित किया है। शमशेरा पीरियड-एक्शन ड्रामा है, जिसमें रणबीर पहली बार ज़बरदस्त एक्शन करते नज़र आएंगे। यह फ़िल्म रणबीर की रोमांटिक हीरो छवि को तोड़ने का काम करेगी। रणबीर एक आदिवासी लड़ाके के किरदार में हैं, जबकि संजय दत्त नेगेटिव किरदार में दिखेंगे।
फ़िल्म पिछले साल 31 जुलाई को रिलीज़ होने वाली थी, मगर कोविड-19 की वजह से लगे लॉकडाउन के कारण शूटिंग बंद हो गयी और फ़िल्म डिले हो गयी। संयोग से रणबीर की आख़िरी रिलीज़ फ़िल्म संजू है, जो संजय दत्त की बायोपिक फ़िल्म है। यह फ़िल्म 2018 में आयी थी। शमशेरा के ज़रिए रणबीर लगभग 3 साल बाद बड़े पर्दे पर नज़र आने वाले हैं।
2022 में शमशेरा के अलावा रणबीर की ब्रह्मास्त्र और लव रंजन निर्देशित फ़िल्म भी रिलीज़ हो सकती हैं। रणबीर इन दिनों अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। आलिया भट्ट ने रणबीर के जन्मदिन पर उनके साथ एक तस्वीर शेयर बर्थडे विश किया था और उन्हें अपनी ज़िंदगी बताया था। आलिया रणबीर के साथ ब्रह्मास्त्र में नज़र आएंगी। दोनों की साथ में यह पहली फ़िल्म होगी।