दीपिका पादुकोण को मिलनी चाहिए कितनी फीस, जानिए रणबीर कपूर से
दीपिका और रणबीर कपूर ने इंडस्ट्री में एक साथ ही करियर की शुरुआत की थी। दीपिका की फिल्म ओम शांति ओम और रणबीर कपूर की फिल्म सांवरिया 2007 में एक साथ रिलीज़ हुई थीं।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म 'संजू' के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान हुई बातचीत के दौरान जब रणबीर कपूर से पूछा गया कि बॉलीवुड में अब भी एक्टर और एक्ट्रेसेज की फीस में काफी असामनता है, इस पर रणबीर कपूर का जवाब था कि उनका मानना है कि उन अभिनेत्रियों को जो बड़ी स्टार हैं, उन्हें अधिक फीस मिलनी ही चाहिए। उन्होंने इस दौरान दीपिका पादुकोण का नाम लिया।
उनका मानना है कि दीपिका पादुकोण उनसे बड़ी स्टार हैं और इसलिए वह बराबर फीस की हकदार हैं। उनका यह भी मानना है कि जिस तरह से उनकी ब्रांड वैल्यू बनी है। वह अदभुत हैं। रणबीर ने कहा कि मैं किसी प्रोजेक्ट पर अगर काम कर रहा हूं और उसमें अगर दीपिका भी हैं तो दीपिका को सबसे ज्यादा फीस मिलनी ही चाहिए, चूंकि उन्होंने अब तक काफी सुपरहिट फिल्में दी हैं। रणबीर तो कहते हैं कि दीपिका चूंकि उनसे बड़ी स्टार हैं तो उन्हें उनसे भी ज्यादा फीस मिलनी चाहिए, लेकिन इसकी पहल तो होनी ही चाहिए।
बता दें कि दीपिका और रणबीर कपूर ने इंडस्ट्री में एक साथ ही करियर की शुरुआत की थी। दीपिका की फिल्म 'ओम शांति ओम' और रणबीर कपूर की फिल्म 'सांवरिया' 2007 में एक साथ रिलीज़ हुई थीं। दोनों ने दस साल का सफ़र तय कर लिया है और अब तक दीपिका 100 करोड़ क्लब वाली सात फिल्मों का हिस्सा बन चुकी हैं। हाल ही में उनकी फिल्म 'पद्मावत' को भी काफी बड़ी सफलता हासिल हुई थी।
दीपिका बॉलीवुड की एकमात्र अभिनेत्री हैं, जिनकी महिला प्रधान फिल्म 300 करोड़ क्लब में प्रवेश कर चुकी है।फिलहाल दीपिका इंडस्ट्री में ब्रांड एंडॉर्समेंट के मामले में भी सबकी पसंदीदा अभिनेत्री तो हैं ही। साथ ही वह बॉलीवुड में सबसे अधिक फीस लेने वाली अभिनेत्री बन चुकी हैं। रणबीर कपूर के साथ दीपिका ने 'बचना ए हसीनों', 'तमाशा' और 'यह जवानी है दीवानी' में काम किया है।