Box Office: तीसरे वीकेंड में 'संजू' की ज़ोरदार छलांग, 300 करोड़ क्लब में धांसू एंट्री
All Time Blockbuster हिंदी फ़िल्मों की सूची में संजू दाखिल हो चुकी है। अब रणबीर उसी लीग में खड़े नज़र आ रहे हैं, जहां आमिर ख़ान और सलमान ख़ान पहले से पहुंचे हुए हैं।
मुंबई। रिलीज़ के दो हफ़्तों तक धुंधाधार कमाई करने के बाद 'संजू' का तूफ़ान बॉक्स ऑफ़िस पर धीमा पड़ने लगा है, मगर पूरी तरह थमा नहीं है। तीसरे हफ़्ते की शुरुआत में ही फ़िल्म 300 करोड़ क्लब में पहुंच गयी है, जो फ़िल्म के लीड एक्टर रणबीर कपूर के लिए एक नई उपलब्धि है। 'संजू' ने 'पद्मावत' को पीछे छोड़ते हुए साल 2018 की सबसे बड़ी ब़ॉक्स ऑफ़िस सक्सेस का ख़िताब पा लिया है। तीसरे वीकेंड में फ़िल्म ने 21 करोड़ से अधिक जमा किये हैं।
बॉलीवुड स्टार संजय दत्त की बायोपिक फ़िल्म 'संजू' 29 जून को रिलीज़ हुई थी और रिलीज़ के साथ ही 'संजू' ने बॉक्स ऑफ़िस पर तहलका मचा दिया था, जो अभी तक जारी है। रिलीज़ के पहले हफ़्ते (29 जून-5 जुलाई) में 'संजू' ने ₹202.51 करोड़ का नेट कलेक्शन किया, जबकि दूसरे हफ़्ते (6-12 जुलाई) में फ़िल्म ने ₹92.67 करोड़ जमा किये। यानि दो हफ़्तों में 'संजू' ने ₹295.18 करोड़ बॉक्स ऑफ़िस पर नेट जमा कर लिये थे। 300 करोड़ क्लब में जाने के लिए संजू को अभी भी ₹4.82 करोड़ की दरकार थी। 13 जुलाई को संजू तीसरे हफ़्ते में प्रवेश कर गयी। रिलीज़ के 15वें दिन (तीसरे शुक्रवार) को ₹4.42 करोड़ के कलेक्शन के साथ संजू का नेट कलेक्शन ₹299.60 करोड़ हो गया था। 300 करोड़ से महज़ ₹40 लाख पीछे।
आख़िरकार, रिलीज़ के 16वें दिन (तीसरे शनिवार) को संजू की हसरत पूरी हुई। फ़िल्म के कलेक्शन में 60 फीसदी से अधिक उछाल आया और संजू ने ₹7.75 करोड़ जमा किये। इसके साथ ही फ़िल्म का नेट कलेक्शन ₹307.35 करोड़ हो गया और संजू ने 300 करोड़ क्लब में शानदार एंट्री ले ली। तीसरे रविवार को भी संजू के कलेक्शन का ग्राफ़ ऊपर चढ़ता रहा और ₹9.29 करोड़ का ज़ोरदार कलेक्शन किया, जिसके बाद संजू का 17 दिनों का नेट कलेक्शन ₹316.64 करोड़ हो गया है। ग़ौरतलब है कि संजू के तीसरे वीकेंड का कलेक्शन 'सूरमा' के ओपनिंग वीकेंड से भी कहीं ज़्यादा रहा है। 'संजू' ने तीसरे वीकेंड में जहां ₹21.46 करोड़ जमा किये हैं, वहीं 'सूरमा' सिर्फ़ ₹13.85 करोड़ ही जमा कर पायी।
बहरहाल, 17 दिनों में 'संजू' ने 'पद्मावत' के लाइफ़ टाइम कलेक्शंस ( ₹302.15 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है और साल 2018 की सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बन गयी है। 'संजू' की इन उपलब्धियों को गिनते वक़्त यह ध्यान रखना ज़रूरी है कि फ़िल्म ने सारे रिकॉर्ड तोड़ने में त्योहारी या सरकारी छुट्टी का सहारा नहीं लिया है। आंकड़े बता रहे हैं कि तीसरे हफ़्ते में बॉक्स ऑफ़िस पर 'संजू' की रफ़्तार कम हुई है, मगर संजय दत्त की इस बायोपिक ने रणबीर के सितारों को बुलंदी पर पहुंचा दिया है। पहली बार उनकी कोई फ़िल्म 300 करोड़ क्लब में गयी है। तेलुगु फ़िल्म का हिंदी डब वर्ज़न होने की वजह से अगर 'बाहुबली2' को छोड़ दें तो हिंदी सिनेमा की All Time Blockbuster फ़िल्मों की लिस्ट में एंट्री करने वाली संजू सातवीं फ़िल्म बन गयी है। इस लिस्ट में संजू फिलहाल पांचवीं पोजिशन पर है।
बाहुबली- द कनक्लूज़न (हिंदी) - ₹511 करोड़- प्रभास
दंगल- ₹387 करोड़- आमिर ख़ान
पीके- ₹340.80 करोड़- आमिर ख़ान
टाइगर ज़िंदा है- ₹339.25 करोड़- सलमान ख़ान
बजरंगी भाईजान- ₹321 करोड़- सलमान ख़ान
संजू- ₹316.64 करोड़- रणबीर कपूर
पद्मावत- ₹302.15 करोड़- रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर
सुल्तान- ₹301.50 करोड़- सलमान ख़ान
आप देख सकते हैं कि 300 करोड़ क्लब में आमिर ख़ान की दो और सलमान ख़ान की तीन फ़िल्में शामिल हैं। अब यह तो पक्का हो चुका है कि 'संजू' सलमान ख़ान की 'बजरंगी भाईजान' के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पार कर जाएगी। कोई बड़ी बात नहीं कि फ़िल्म इस हफ़्ते आमिर ख़ान की 'पीके' को भी पीछे छोड़ दे।