Rajkummar Rao को बर्थडे पर पत्रलेखा ने ऐसे दी बधाई, लिखा- 'शुक्रिया बताने के लिए कि रसोड़े में कौन था'
बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव ने सोमवार को अपना 36वां बर्थडे सेलिब्रेट किया। इस मौके पर एक्टर की गर्लफ्रेंड पत्रलेखा ने उन्हें खास अंदाज़ में बधाई दी। Photo- Patralekha Instagram
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव ने सोमवार को अपना 36वां बर्थडे सेलिब्रेट किया। इस मौके पर उन्हें आयुष्मान खुराना, अनुष्का शर्मा, नुसरत भरूचा समेत कई कलाकारों ने जन्मदिन की बधाई दी। लेकिन सबसे खास जन्मदिन की बधाई दी उनकी गर्लफ्रेंड पत्रलेखा ने। उन्होंने इंस्टाग्राम पर राजकुमार की तीन फोटो पोस्ट कीं। इस पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं खूबसूरत दिल वाले गोल्डेन ब्वॉय। धन्यवाद मुझे बताने के लिए कि रसोड़े में कौन था।
दरअसल, ‘रसोड़े में कौन था’ यह हैशटैग कई दिनों से सोशल मीडिया पर चल रहा है। ये डायलॉग स्टार प्लस के शो ‘साथ निभाना साथिया’ का है, जिसे रूपल पटेल ने शो में कहा था। शो बंद हुए काफी वक्त हो गया है, लेकिन सीरियल का ये डायलॉग अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पत्रलेखा के इस पोस्ट पर कई सेलेब्स ने भी कमेंट कर राजकुमार को जन्मदिन की बधाई दी है। सोनाली बेंद्रे, साकिब सलीम, हंसल मेहता ने कमेंट किया है। वहीं फराह खान ने भी कमेंट करते हुए लिखा धन्यवाद बताने के लिए कि राजकुमार का जन्मदिन है।
फराह के कमेंट का पत्रलेखा ने भी जवाब दिया है। पत्रलेखा ने लिखा हां, इसलिए बताया कि कहीं आप भूल न जाएं। अनुष्का शर्मा ने राजकुमार के साथ कोई फिल्म नहीं की है, लेकिन उन्होंने भी विश करते हुए लिखा कि राजकुमार बहुत अच्छे अभिनेता हैं। राजकुमार के वर्क फ्रंट की बात करें तो वो 'छलांग’ ‘लूडो’ और 'रूही अफ्जा’ जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। 'छलांग' में राजकुमार के साथ नुसरत भरूचा नज़र आने वाली हैं, वहीं ‘रूही अफ्ज़ा' में उनके साथ जाहन्वी कपूर नज़र आएंगी।