रजत ने दोबारा गंजा होने से किया इंकार
बॉलीवुड अभिनेता रजत कपूर अपनी आने वाली फिल्म आई एम 24 में गंजे नजर आएंगे लेकिन उन्होंने फिल्म के प्रचार वीडियो के लिए दोबारा से ऐसा करने से इंकार कर दिया है।
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता रजत कपूर अपनी आने वाली फिल्म आई एम 24 में गंजे नजर आएंगे लेकिन उन्होंने फिल्म के प्रचार वीडियो के लिए दोबारा से ऐसा करने से इंकार कर दिया है।
निर्देशक सौरभ शुक्ला को फिल्म में 22 वर्षीय लड़की के साथ प्यार में पड़ने वाले 42 वर्षीय लेखक की भूमिका के लिए रजत को गंजा होने के लिए मनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी थी। लेकिन बाद में रजत इसके लिए मान गए और शूटिंग के दौरान तीन महीनों तक गंजे ही रहे।
अब शूटिंग को पूरे हुए दो वर्ष गुजर जाने के बाद फिल्म के निर्माता चाहते हैं कि वह प्रचार वीडियो के लिए एक बार फिर से गंजे हो जाएं। लेकिन रजत इस बार फिल्म और अन्य प्रतिबद्धताओं के चलते ऐसा करने के मूड में नहीं हैं। फिल्म प्रदर्शित करने वाली कंपनी आर. विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के रवीन्द्र सिंह ने बताया, हम फिल्म के प्रचार में इस्तेमाल करने के लिए एक बढि़या विषयगत जोशीला गीत फिल्माने की सोच रहे थे। अगर वीडियो में फिल्म के सारे किरदार दिखाई नहीं देते तो इसका कोई मतलब नहीं है।
सिंह ने कहा, रजत का कार्यक्रम बहुत व्यस्त है और वह दोबारा से गंजा होना नहीं चाहते। हम रजत को मनाने का प्रयास कर रहे हैं। जुलाई में रिलीज होने वाली आई एम 24 में नेहा धूपिया, रणवीर शौरी और विजय राज भी नजर आएंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर