श्रद्धांजलि Queen हरीश: महिलाओं को भी लोकनृत्य में देते थे मात
ऐश्वर्या राय बच्चन और बेटी आराध्या के साथ Queen harish के नृत्य का वीडियो खूब वायरल हुआ था। पूरा बॉलीवुड उनकी लोककला का लोहा मानता था।
नई दिल्ली, जेएनएन। राजस्थान के लोक नर्तक क्वीन हरीश एक हैरान करने वाला नाम है। एक पुरुष होते हुए भी महिलाओं से अधिक लचक के साथ नृत्य में पारंगत क्वीन हरीश के जाने से लोक कलाकार दुखी हैं। उन्हें इस बात का विश्वास नहीं हो रहा कि अब क्वीन हरीश उनके बीच नहीं है। राजस्थान में रविवार को हुए एक सड़क हादसे में उनका निधन हो गया। हरीश की कला के चाहने वालों की फेहरिस्त लंबी थी। बिजनसमैन मुकेश अंबानी से लेकर कई बड़े सितारे उनका नृत्य पसंद करते थे। अंबानी ने तो अपनी बेटी ईशा की शादी में परफॉर्म करने के लिए उन्हें खास तौर पर आमंत्रित किया था।
क्वीन हरीश ने ईशा अंबानी की शादी को बनाया यादगार
क्वीन हरीश उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने ईशा अंबानी की शादी में परफॉर्म किया था। उस शादी में एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन और बेटी आराध्या के साथ उनके नृत्य का वीडियो खूब वायरल हुआ था। पूरा बॉलीवुड उनकी लोककला का लोहा मानता था। तमाम फिल्मी सितारों के कार्यक्रमों में हरीश को बुलाया जाता था। इसके अलावा और भी कई कलाकारों के साथ कर चुके थे डांस।
लोककला को जीवन समर्पित
क्वीन हरीश का लोकनृत्य देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक जैसलमेर जाते थे। उनके नृत्य को कुछ फिल्मों में भी शामिल किया गया था। वह राजस्थानी लोकनृत्य के चकरी, भवई, तराजू, घूमर, चरी, कालबेलिया तेरह ताली, शैलियों में नृत्य करते थे। देश-विदेश में उन्होंने कई पुरस्कार भी जीते थे। अपनी लोककला के दम पर उन्होंने गरीबी को चुनौती दी। लोककलाओं वाले उनके कार्यक्रम बहुत प्रसिद्ध होते थे।
सड़क हादसे में मौत हो गयी
क्वीन हरीश की रविवार सुबह सड़क हादसे में राजस्थान के जोधपुर में मौत हो गई। जोधपुर के पास हुए हादसे में क्वीन हरीश के साथ 3 अन्य लोक कलाकारों की भी जान चली गई। हरीश लोकनर्तक की मौत पर राज्य के सीएम अशोक गहलोत ने भी दुख जताया है। उन्होंने इसे लोक कला के क्षेत्र में हुई बड़ी क्षति बताया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप