The Sky Is Pink में प्रियंका चोपड़ा का अभिनय देख रो पड़े पति निक जोनस, भावुक होकर बोली यह बात
The Sky Is Pink Makes Nick Jonas Cry फ़िल्म में प्रियंका चोपड़ा और फ़रहान अख़्तर पति-पत्नी की भूमिका में हैं। ज़ायरा वसीम उनकी बेटी का रोल निभा रही हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। प्रियंका चोपड़ा की फ़िल्म द स्काई इज़ पिंक 11 अक्टूबर को सिनेमाघरों में पहुंच रही है। इस फ़िल्म के ज़रिए प्रियंका पूरे तीन साल बाद हिंदी सिनेमा के पर्दे पर वापसी कर रही हैं और इन दिनों फ़िल्म के प्रचार-प्रसार में जुटी हैं। इंटरव्यूज़ से लेकर टीवी शोज़ तक में प्रियंका फ़िल्म के प्रमोशन में जुटी हुई हैं और अब प्रियंका को उनके पति निक जोनस का साथ भी मिल गया है, जो अमेरिका में रहते हुए द स्काई इज़ पिंक के प्रमोशन में प्रियंका का साथ दे रहे हैं।
निक ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से द स्काई इज़ पिंक का पोस्टर शेयर करते हुए एक भावनात्मक टिप्पणी लिखी है, जिसमें उन्होंने लिखा है कि फ़िल्म एक बड़े वर्ग को प्रभावित करती है और उन्हें प्रियंका चोपड़ा पर गर्व है। निक ने लिखा- ''इस फ़िल्म ने कई तरह से मेरे दिल को छू लिया है। कहानी असरदार और ख़ूबसूरत है, जिसे फ़िल्म की निर्देशक शोनाली बोस और कलाकारों ने अद्भुत ढंग से अंजाम दिया है।''
निक आगे लिखते हैं- ''प्रियंका,एक कलाकार और निर्माता, दोनों ही भूमिकाओं में मुझे तुम पर गर्व है। तुमने मुझे रुलाया, हंसाया और मैं जानता हूं कि इस फ़िल्म से तुम तमाम लोगों की ज़िंदगी को प्रभावित करोगी। मैं तुमसे बहुत प्यार करता हूं। द स्काई इज़ पिंक की पूरी क्रिएटिव टीम को बधाई। आपको गर्व करना चाहिए।'' निक ने अपने फैंस और फॉलोअर्स से आग्रह किया कि वे इसे देखने ज़रूर जाएं।
द स्काई इज़ पिंक में प्रियंका चोपड़ा और फ़रहान अख़्तर पति-पत्नी की भूमिका में हैं। ज़ायरा वसीम उनकी बेटी का रोल निभा रही हैं, जिसे एक रेयर बीमारी होती है। ज़ायरा की यह आख़िरी फ़िल्म है। इसके बाद उन्होंने सिनेमा की दुनिया को अलविदा कह दिया। ज़ायरा फ़िल्म के प्रमोशंस का हिस्सा भी नहीं बनी हैं।
प्रियंका चोपड़ा की वापसी सलमान ख़ान की भारत से होने वाली थी, मगर उन्होंने फ़िल्म छोड़ दी थी। पिछले साल दिसम्बर में प्रियंका ने निक के साथ शादी की। जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में तीन दिन तक चला शादी समारोह काफ़ी चर्चित रहा था।