इंटरनेशनल वेब सीरीज़ से प्रियंका चोपड़ा करने वाली हैं डिजिटल डेब्यू, जानें डिटेल्स
प्रियंका ने अपना इंटरनेशनल करियर 3 सिंगल सांग्स लांच करके शुरू किया और आज आलम यह है कि वो हॉलीवुड फ़िल्मों की एक्ट्रेस बन गयी हैं।
मुंबई। प्रियंका चोपड़ा भारतीय सिनेमा की उन अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने करियर को बेहद करीने से शेप-अप किया है और आज उनकी तूती बॉलीवुड की सीमाओं को लांघकर विदेशी फ़िल्म इंडस्ट्री में भी बोलती है। प्रियंका ने अपना इंटरनेशनल करियर 3 सिंगल सांग्स लांच करके शुरू किया और आज आलम यह है कि वो हॉलीवुड फ़िल्मों की एक्ट्रेस बन गयी हैं।
प्रियंका अब एक नये प्लेटफॉर्म पर अपना हुनर दिखाने की तैयारी कर रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स हैं कि प्रियंका जल्द वेब सीरीज़ में अपनी अदाकारी का फन दिखाने वाली हैं। इसके लिए एक बड़ी अमेरिकन कंपनी के प्रतिनिधि प्रियंका की टीम के संपर्क में हैं। प्रियंका अमेरिकन टीवी सीरीज़ क्वांटिको का हिस्सा तो पहले ही बन चुकी हैं। इसके दो सीज़न में प्रियंका ने एफबीआई एजेंट एलेक्स पैरिश का किरदार अदा किया। प्रियंका की यह पहली वेब सीरीज़ होगी।
नेटफ्लिक्स, प्राइम और ऑल्ट बालाजी जैसे वेब प्लेटफॉर्मों की वजह से वेब सीरीज़ का दायरा बढ़ रहा है। नेटफ्लिक्स के साथ अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवाने ने सैक्रेड गेम्स वेब सीरीज़ बनाकर बॉलीवुड एक्टर्स के लिए एक नया प्लेटफॉर्म मुहैया करवा दिया है, जिसमें सिनेमा और टेलीविज़न के मुक़ाबले दर्शकों की कहीं बड़ी तादाद तक पहुंचा जा सकता है। सैफ़ अली ख़ान और नवाज़उद्दीन सिद्दीकी अभिनीत यह वेब सीरीज़ काफ़ी चर्चा में है।
प्रियंका किस वेब प्लेटफॉर्म के साथ हाथ मिला रही हैं, यह फिलहाल तय नहीं हुआ है। अगर प्रियंका के देसी करियर की बात करें तो वो सलमान ख़ान के साथ भारत से हिंदुस्तानी पर्दे पर वापसी कर रही हैं। अगले साल ईद पर रिलीज़ के लिए निर्धारित इस फ़िल्म को अली अब्बास ज़फ़र निर्देशित कर रहे हैं। यह कोरियन फ़िल्म ओडे टू माय फादर का आधारिकारिक रीमेक है। वैसे प्रियंका इसके अलावा फ़िल्म निर्माण भी कर रही हैं और क्षेत्रीय भाषाओं की फ़िल्मों पर उनका अधिक फोकस है।
प्रियंका की बायोग्राफी अनफिनिश्ड पर भी काम चल रहा है, जो अगले साल रिलीज़ होने वाली है। प्रियंका ने हाल ही में अपनी दूसरी हॉलीवुड फ़िल्म इज़िंट इट रोमांटिक की शूटिंग पूरी की है। अमेरिकन सिंगर निक जोनास के साथ उनकी रिलेशनशिप ख़ूब चर्चा में रहती है। निक के साथ प्रियंका बर्थडे डिनर के लिए लंदन में थीं।