Me Too वाले से जोड़ा गया प्रियंका चोपड़ा का कनेक्शन, दिया करारा जवाब
प्रियंका ने हाल ही में अपने ब्राइडल शॉवर प्रोग्राम को लेकर एक पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर की है जिसमें कई तस्वीरें भी शामिल हैं।
मुंबई। शादी की शहनाई सुनने और अपने करीबियों को सुनाने के लिए बेताब प्रियंका चोपड़ा को हाल ही में एक ऐसे विवाद में घसीटने की कोशिश की गई जिससे उनका दूर दूर तक वास्ता ही नहीं था। विवाद का कारण थे हॉलीवुड में मी टू अभियान की जड़- हार्वी वाइनस्टीन।
ये तो आपको पता ही होगा कि अभी हाल ही में न्यूयॉर्क में प्रियंका चोपड़ा का ब्राइडल शॉवर हुआ है। ये रस्म उनकी शादी से जुड़ी हुई पश्चिमी परम्परा की अदायगी रही। निक जोनास के साथ वो अगले महीने जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में शादी करने जा रही हैं। लेकिन प्रियंका के इसी ब्राइडल शॉवर के दौरान उनकी एक ड्रेस को लेकर छींटाकशी की गई। प्रियंका ने इस ब्राइडल शॉवर के लिए Marchesa लेबल की ड्रेस पहनी थी। इस लेबल की मालिक हार्वी वाइनस्टीन की पूर्व पत्नी Georgina Chapman हैं। मी टू के तहत कई आरोपों में घिरे हार्वी की पूर्व पत्नी को अपना डिजाइनर चुनने की बात सामने आते ही “जितने मुंह उतनी बातें” वाले किस्से बनने लगे तब प्रियंका ने सामने आ कर करार जवाब दिया। प्रियंका ने Marchesa (मर्चेसा) को इसलिए चुना ताकि वो अपनी पुरानी दोस्त को सपोर्ट कर पायें, जिन्होंने थोक के भाव में लगे यौन शोषण के आरोपों के तुरंत बाद हार्वी को तलाक दे दिया था।
देसी गर्ल ने अपने एक इंटरव्यू में कहा कि जॉर्जिना को उस बात की सजा नहीं दी जानी चाहिए जो गलती उनके पूर्व पति ने की है। मेरा ब्राइडल शॉवर के लिए ड्रेस पहनने का फैसला ‘एक महिला को दूसरी महिला का समर्थन’ देने की भावना के तहत था। प्रियंका ने कहा कि जॉर्जिना उनकी दोस्त हैं और इसमें उनकी कोई गलती नहीं है। किसी और ने जो कुछ किया है वो उसके जीवन से हट जाने के बाद उसे दोषी के रूप में क्यों पेश किया जाना चाहिए। यह एक गलत बर्ताव है। मैं उन्हें बहुत वर्षों से जानती हूं। उनका डिजाइन किया गाउन बेहद ख़ूबसूरत है और होने वाली दुल्हन को उसे पहनने का हक़ है।
प्रियंका के मुताबिक वो ये ड्रेस पहन कर अपने को परी सी महसूस कर रही थी। प्रियंका चोपड़ा इन दिनों न्यूयॉर्क में अपनी आने वाली फिल्म द स्काई इज पिंक की शूटिंग में व्यस्त हैं। उनकी फिल्म इजंट इट रोमांटिक? का ट्रेलर भी जारी किया गया है।
प्रियंका ने हाल ही में अपने ब्राइडल शॉवर प्रोग्राम को लेकर एक पोस्ट इंस्टाग्राम पर शेयर की है जिसमें कई तस्वीरें भी शामिल हैं। प्रियंका ने इस पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा है कि, प्यार, हंसी और अमेजिंग लेडीज से भरा एक रूम और कुछ स्पेशल जेंटलमेन (क्या सरप्राइज है)। थैंक्यू यू इस ब्राइडल शॉवर के लिए जिसमें नियमों को तोड़ा गया। मेरे अमेजिंग फ्रेंड्स और फेमिली जिसने मुझे इतना स्पेशल फील करवाया और प्यार दिया।
यह भी पढ़ें: Box Office: महासंग्राम से पहले सिपाहियों का खेल, इस हफ़्ते तीन फिल्में